आज के मुख्य समाचार

मुख्तार अंसारी के बेटे के घर से मिला हथियारों का जखीरा
Posted Date : 18-Oct-2019 3:10:19 pm

मुख्तार अंसारी के बेटे के घर से मिला हथियारों का जखीरा

0-यूपी व दिल्ली पुलिस ने की छापेमारी
लखनऊ,18 अक्टूबर । यूपी पुलिस ने बाहुलबी विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के दिल्ली स्थित घर से कई विदेशी-देसी असलहे व हजारों कारतूस बरामद किए हैं। छापेमारी में लखनऊ पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की टीम भी शामिल थी। पुलिस गुरुवार को सारे असलहे लखनऊ ले आई। लखनऊ क्राइम ब्रांच और दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को अब्बास अंसारी के वसंत कुंज के बंगले से यह बरामदगी की है।
बरामद असलहों में इटली, आस्ट्रिया और स्लोवेनिया मेड रिवाल्वर, बंदूक और कारतूस शामिल हैं। इटली और स्लोवेनिया से खरीदी गई डबल बैरल और सिंगल बैरल गन भी है। इसके अलावा मैग्नम की रायफल, अमेरिका मेड रिवाल्वर, आस्ट्रिया की स्लाइड और ऑटो बोर पिस्टल भी जब्त की गई है। आस्ट्रिया की बनी मैगजीन और साढ़े चार हजार कारतूस भी पुलिस को मिले हैं।
बता दें कि 12 अक्टूबर को लखनऊ के महानगर कोतवाली में अब्बास अंसारी पर मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि अब्बास ने एक ही शस्त्र लाइसेंस पर धोखाधड़ी से पांच असलहे खरीदे। इतना ही नहीं उन पर फर्जीवाड़ा कर आर्म्स लाइसेंस दिल्ली ट्रांसफर कराने का भी मुकदमा दर्ज था। इस बरामदगी के बाद कहा जा रहा है कि नेशनल शूटर रहे अब्बास अंसारी पर गिरफ्तारी की गाज गिर सकती है।
बता दें कि बाहुबली मुख्तार अंसारी का बेटा अब्बास अंसारी शॉट गन शूटिंग का इंटरनेशनल खिलाड़ी है। दुनिया के टॉप टेन शूटरों में शुमार अब्बास न सिर्फ नेशनल चैंपियन रह चुका है बल्कि दुनियाभर में कई पदक जीतकर वो देश का नाम भी रोशन कर चुका है।

मेक्सिको ने 311 भारतीयों को देश से निकाल दिल्ली भेजा
Posted Date : 17-Oct-2019 4:38:32 pm

मेक्सिको ने 311 भारतीयों को देश से निकाल दिल्ली भेजा

0-अमेरिका की धमकी का असर
मेक्सिको सिटी ,17 अक्टूबर । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद मेक्सिको ने एक महिला समेत 311 भारतीयों को वापस भेज दिया है। इन्हें अवैध रूप से रहने के कारण वापस भेजा गया है। जिन भारतीय नागरिकों के पास देश में रहने की अनुमति नहीं थी उन्हें तोलुका सिटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बोइंग 747 एयरक्राफ्ट के जरिए नई दिल्ली भेज दिया गया।  
मेक्सिको अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने और प्रवासियों को वापस भेजने की अपनी नीति को विस्तार देने पर सहमत हुआ है। बयान के अनुसार, एशियाई देश के दूतावास के साथ संवाद और समन्वय की वजह से यह संभव हो पाया और उनकी पहचान कर प्रवासी कानून एवं उसके नियमों का सख्त पालन करते हुए उन नागरिकों को उनके देश वापस भेजा जा सका। जून में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेताया था कि मेक्सिको सीमा के जरिए अमेरिका में प्रवेश करने वाले लोगों पर यदि रोक नहीं लगाई गई तो सभी मेक्सिको आयातों पर टैरिफ लगा दिए जाएंगे।  

किसी को दोष दिए बिना भारतीय दृष्टिकोण से इतिहास लिखने की जरुरत:शाह
Posted Date : 17-Oct-2019 4:37:56 pm

किसी को दोष दिए बिना भारतीय दृष्टिकोण से इतिहास लिखने की जरुरत:शाह

0-काशी हिंदू विश्वविद्यालय में संगोष्ठी
वाराणसी,17 अक्टूबर । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केंद्र में गुप्तवंशक वीर ‘’स्कंद गुप्त विक्रमादित्य’’ पर आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी के उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने हिंदू संस्कृति को अक्षुण्ण रखने, उसे पूरी दुनिया में आगे बढ़ाने का काम किया ही है, शिक्षा की पद्धति को पुनर्जीवन देने तथा उसकी पुन: प्राण प्रतिष्ठा करने का काम भी किया है। शाह ने कहा कि व्यक्तित्व आता है, चला जाता है किंतु विश्वविद्यालय के माध्यम से छात्रों के चरित्र निर्माण का काम चलता रहता है।
उन्होंने कहा कि भारत अध्ययन केंद्र के द्वारा सम्राट स्कंद गुप्त के व्यक्तित्व पर विचार विमर्श करने तथा उनके साहित्य को इक_ा करने का काम किया जा रहा है जो अत्यंत सराहनीय है। उनका कहना था कि सम्राट स्कंद गुप्त ने भारतीय संस्कृति, कला, साहित्य तथा शासन व्यवस्था को हमेशा के लिए बचाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि महाभारत काल के 2000 साल बाद का कालखंड मौर्य वंश और गुप्त वंश, दो बड़ी शासन व्यवस्थाओं के नाम से जाना जाता है तथा दोनों वंशों ने उस समय के विश्व में भारतीय संस्कृति को उच्च स्थान पर रखा।
उन्होंने कहा कि आचार्य चाणक्य के सपने को साकार करने में गुप्त वंश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका कहना था कि हूणों के हमले के दौरान जब क्रूरता की हद थी, संस्कृति और संस्कार के विनाश का काम किया जा रहा था तब स्कंद गुप्त ने हूणों का सामना किया और समस्त हूणों को देश से बाहर कर दिया जिसके कारण हूणों को पहली बार पराजय का स्वाद चखना पड़ा। शाह ने यह भी कहा कि स्कंद गुप्त ने सुखी और समृद्ध भारत की कल्पना की थी जिसके कारण वह महान हुए और उन्हें वैश्विक स्तर पर भी सम्मान प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि इतिहास ने स्कंद गुप्त के साथ अन्याय किया, यह दुर्भाग्य है कि उनके पराक्रम की जितनी प्रशंसा होनी चाहिए थी वह नहीं हुई। अमित शाह ने कहा कि इतिहास का लक्षण है कि जो शासन व्यवस्था को परिवर्तित करता है उसी का संज्ञान लिया जाता है। इतिहास को दोबारा लिखने के लिए इतिहासकार और साहित्यकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय दृष्टिकोण से इतिहास लिखना महत्वपूर्ण है और किसी को दोष देने का प्रयास किये बगैर भारतीय दृष्टि से इतिहास लिखने का काम होना चाहिए। उन्होंने शिवाजी महाराज सहित कई महान व्यक्तित्वों के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण साम्राज्यों के साहित्य का संग्रह होना चाहिए ताकि आने वाली पीढिय़ों को सही जानकारी प्राप्त हो सके। उनका कहना था कि उन्नीस सौ सत्तावन की क्रांति को पहले स्वतंत्रता संग्राम का नाम वीर सावरकर द्वारा दिया गया था।
शाह ने कहा कि विभिन्न कालखंडों के इतिहास का लेखन करने के लिए मेहनत की दिशा केंद्रित करनी होगी और नया इतिहास लिखा जाएगा वह लंबा, चिरंजीव तथा लोकभोग्य होगा।
अमित शाह का कहना था कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है और अब दुनिया भारत के विचारों को महत्व देती है। उनका कहना था कि महामना मदन मोहन मालवीय ने कहा था कि समस्त समस्याओं का समाधान हमारी संस्कृति में है जो सर्वथा सच है।

धरती के लिए प्लास्टिक खतरनाक: रेड्डी
Posted Date : 17-Oct-2019 4:37:39 pm

धरती के लिए प्लास्टिक खतरनाक: रेड्डी

नईदिल्ली,17 अक्टूबर । गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के अधिक इस्तेमाल से जलवायु परिवर्तन में तेजी आती है और धरती का पारस्थितिकीय संतुलन बिगड़ता है। उन्होंने गुरुवार को नई दिल्ली में एनडीएमसी द्वारा आयोजित वृक्षारोपण, प्लॉगिंग और सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी लाने के अभियान के दौरान यह कहा। 
उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि हम पर्यावरण को बचाने के लिए संतुलित तरीके से प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि धरती के लिए प्लास्टिक खतरनाक है और हमारी पीढ़ी के भविष्य को बचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की यह जिम्मेदारी है कि वह अपने रोजमर्रा के जीवन में प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करे। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र से आग्रह किया था कि पर्यावरण बचाने के लिए हम अपने जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करें। इसके मद्देनजर पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी न केवल स्थानीय निकायों और सरकार की है, बल्कि यह जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। इस प्रयास को जनांदोलन बनाया जाना चाहिए। रेड्डी ने कहा कि नई दिल्ली में पारस्थितिकीय संतुलन को कायम रखने और वायु प्रदूषण के स्तर में और कमी लाने के प्रयास किये जाने की जरूरत है। 
गृह राज्यमंत्री ने ‘नो टू सिंगल यूज प्लास्टिक’ के विषय में स्कूली छात्रों, अध्यापकों, सुबह टहलने वालों और अधिकारियों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने स्वयं प्लॉगिंग की शुरूआत करते हुए नेहरू पार्क में प्लॉगिंग अभियान के लिए एनडीएमसी स्कूल के छात्रों के दल को रवाना किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने ‘नो टू सिंगल यूज प्लास्टिक’ के बारे में जागरूकता फैलाने के बारे में एक अत्यंत सूचनात्मक नुक्कड़-नाटक पेश किया। 
इस अवसर पर दिल्ली के मुख्य सचिव और एनडीएमसी के कार्रवाहक अध्यक्ष विजय कुमार देव भी उपस्थित थे।    

भारतीय नौसेना अकादमी में समुद्री शक्ति संगोष्ठी प्रारंभ
Posted Date : 17-Oct-2019 4:36:57 pm

भारतीय नौसेना अकादमी में समुद्री शक्ति संगोष्ठी प्रारंभ

नईदिल्ली,17 अक्टूबर । वार्षिक दिल्ली संगोष्ठी का छठा संस्करण गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय नौसेना अकादमी में प्रारंभ हुआ। सेमिनार के छठे संस्करण का विषय है-राष्ट्रीय निर्माण समुद्री शक्ति की भूमिका। दो दिन की इस संगोष्ठी में अनेक सेवारत तथा अवकाशप्राप्त वरिष्ठ नौसेनिक अधिकारी, जाने-माने शिक्षाविद्, थिंक टैंक के प्रतिनिधि, रक्षा विश्लेषक तथा प्रतिष्ठित व्यक्ति भाग ले रहे हैं।
संगोष्ठी में वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, एवीएसएम,एनएम कमांडेंट भारतीय नौसेना अकादमी ने प्रारंभिक संबोधन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल माधवेन्द्र सिंह, एवीएसएम, एनएम (सेवानिवृत्त) ने प्रमुख भाषण दिया। 
आज के पहले सत्र के विषय-समुद्री शक्ति बनाम भूशक्ति-ऐतिहासिक परिदृश्य की अध्यक्षता डॉ. दत्तेश पारूलेकर ने की। सुरक्षा तट: समुद्र में श्रेष्ठता विषय पर कमांडर बी. श्रीनिवास ने प्रजेंटेशन दिया। अधिकारी नेविगेशन तथा डायरेक्शन विशेषज्ञ हैं और गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से अंतर्राष्ट्रीय समुद्री कानून में डिप्लोमा हैं। इस सत्र में समुद्री शक्ति तथा भूशक्ति में अंतर, दोनों शक्तियों की आपसी निर्भरता पर विचार-विमर्श किया गया। 
दूसरा पत्र कोमोडोर श्रीकांत बी. केसनुर ने समुद्र शक्ति बनाम भूशक्ति भारतीय (भारतीय नौसेना) परिदृश्य पर शोध पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किस तरह भारतीय चिंतकों ने जमीनी सीमा के साथ भारत की व्यस्तता को उजागर किया और बताया कि किस तरह हम पर समुद्री अनदेखी के दोष मढ़े गए हैं। प्रजेंटेशन में नौसेना की स्वतंत्रता तथा खरीदारी के संबंध में नौसेना के विकास तथा धारणाओं और सिद्धांतों की वृद्धि पर विचार व्यक्त किए गए। 
पहले दिन के सत्र के अंत में पश्चिमी नौसेना कमान के पूर्व फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल गिरीश लूथरा, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने विचार व्यक्त किए। 
आज के दूसरे सत्र में समुद्री शक्ति तथा भू-आर्थिक परिवेश विषय़ पर विचार-विमर्श किया गया। इसकी अध्यक्षता कैप्टन आलोक बंसल ने की। कोमोडोर ओडाक्कल जॉनसन ने उभरती भू-आर्थिक परिवेश में समुद्री शक्ति के बढ़ते प्रभाव और कोमोडोर गोपाल सूरी ने समुद्री शक्ति तथा भू-आर्थिक परिवेश पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। दोनों पत्रों में प्रारंभिक, मध्ययुगीन तथा आधुनिक काल में समुद्री इतिहास के माध्यम से भू-आर्थिक परिवेश की प्रासंगिकता की समीक्षा की गई। 

मोदी की वादाखिलाफी का सबक सिखाएगी जनता : बघेल
Posted Date : 17-Oct-2019 4:36:39 pm

मोदी की वादाखिलाफी का सबक सिखाएगी जनता : बघेल

0- पंद्रह वर्षों से सत्तारुढ़ भाजपा को कांग्रेस ने खदेड़ा
लखनऊ ,17 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बाराबंकी क्षेत्र के जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के मद्देनजर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता के साथ वादाखिलाफी की है। जो उन्होंने जनता से वादा किया उसे निभाने में वे असफल रहे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में मंदी है लेकिन छत्तीसगढ़ इससे अछूता  है। छत्तीसगढ़ में मंदी का प्रभाव नहीं है। भाजपा की केन्द्र सरकार ने जो वादा किसानों, युवाओं और व्यापारियों से किया था उसे निभा पानेे में असफल रही है। पूरे देश में छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है जहां किसानों को प्रति च्ंिटल धान की खरीदी के एवज में 2500 रु दिए जाते  है। किसानों के सारे कर्ज माफ कर दिए है। किंतु इस तरह की व्यवस्था उत्तरप्रदेश में नहीं है। ऐसे में यह समझा जाना चाहिए कि उत्तरप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हित में कारगर कदम उठाने में असफल हैै। इस चुनाव में जनता वादाखिलाफी का बदला अवश्य लेगी। इसके पूर्व उन्होंने बाराबंकी जिले के सिद्वौर और मोहंद्दीपुर (हरख) में चुनावी सभाएं ली। श्री बघेल ने प्रतापगढ़ जिले के कान्धरपुर बाजार में डॉ.नीरज त्रिपाठी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार चुनावी परिणाम चौंकाने वाले होंगे। वहां के  कूर्मि बहुल इलाके में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कांग्रेस आलाकमान भरपूर उपयोग कर रही है। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में पंद्रह वर्षों से सत्तारुढ़ भाजपा सरकार को ध्वस्त करने में भूपेश बघेल की रीति-नीति का भरपूर हाथ रहा है। इसी का लाभ कांग्रेस विभिन्न स्थानों पर ले रही है। श्री बघेल ने उत्तरप्रदेश के मऊ, कर्वी (चित्रकूट)आदि स्थानों पर भी चुनावी सभा को संबोधित किया। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रभारी पी.एल.पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया सिद्वौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ रहे है। श्री बघेल की सभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने भी सभा को संबोधित किया।