छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम राजपुर में की कई घोषणाएं
Posted Date : 13-Sep-2022 4:07:32 am

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम राजपुर में की कई घोषणाएं

हायर सेकण्डरी व हाईस्कूल राजपुर का नामकरण स्वर्गीय रूपधर बेहरा के नाम पर, राजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का होगा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन
बसंतपुर एवं घटगांव में होगी नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना
लैलूंगा में नये इन्डोर स्टेडियम का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री का स्थानीय महिलाओं ने कांसा घास और धान बाली  का हैट पहनाकर किया स्वागत
रायगढ़।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राजपुर पहुंचे। उन्होंने वहां ग्राम राजपुर में स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पूजा अर्चना की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री का भेंट-मुलाकात स्थल में स्थानीय महिलाओं ने हाथ से बने कांसा घास और धान बाली का हैट पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने साड़ी देकर हैट बनाने वाली महिलाओं को किया सम्मानित किया। इस अवसर पर कदम्ब का पौधा लगाया।
प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने ग्राम राजपुर में कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जायेगा, ग्राम बसंतपुर एवं घटगांव में नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जायेगी, लैलूंगा से पोतरा मार्ग में खारून नदी पर नये पुलिया का निर्माण किया जायेगा। कटंगपारा से सलिहापारा पहुंच मार्ग पर खारून नदी में नया पुलिया बनायेंगे, लैलूंगा के शासकीय गहिरा गुरू रामेश्वर कॉलेज में नये कमरों का निर्माण किया जायेगा तथा हर संकाय में सीटों की संख्या बढ़ाई जायेगी, लैलूंगा में नये इन्डोर स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम राजपुर के हायर सेकण्डरी व हाईस्कूल का नामकरण दानदाता स्वर्गीय रूपधर बेहरा के नाम पर करने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय रूपधर बेहरा के सुपुत्र स्वर्गीय हिमसागर बेहरा व स्वर्गीय कीर्तन प्रसाद बेहरा द्वारा शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपनी लगभग 6 एकड निजी जमीन दान दिया गया। जिसमें सन् 1986 से हायर सेकण्ड्री व हाई स्कूल संचालित है।
भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने आई लैलूंगा की अंजना कुजूर ने बघेल को बताया कि उनके चार साल के बेटे युवान के दिल में छेद था, जिसके बचने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी थी, लेकिन मुख्यमंत्री की पहल पर चिरायु योजना से उसका इलाज हुआ और अब युवान पूरी तरह से स्वस्थ है जिसके लिए वह मुख्यमंत्री की शुक्रगुजार हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने पूछा कितने परिवार को 35 किलो चांवल, नमक और शक्कर मिलता है, जिस पर उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में हां कहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार हर तरीके से लोगों की जेब में पैसा डालने का काम कर रही है, लोगों के आजीविका का काम भी चल रहा है।
दसवीं बोर्ड परीक्षा में स्टेट टापर्स मुस्कान और मयंक को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित  
मुख्यमंत्री बघेल ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 3रा स्थान लाने वाली स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल लैलूंगा की छात्रा मुस्कान अग्रवाल और 5वां स्थान लाने वाले छात्र मयंक गोयल को सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने टॉपर्स के साथ सेल्फी भी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
भेंट मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री का सहज, सरल रूप फिर सामने आया। उन्होंने बारिश में भीग रहे ग्रामीणों की बैठने की व्यवस्था खुद करवाई और सुरक्षा घेरा हटवाकर बारिश में भीग रहे लोगों को अपने सामने बिठाया।
जब छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा आपकी मुस्कान का क्या राज है.
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल लैलूंगा की छात्रा चांदनी मिश्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि आपके चेहरे की मुस्कान का राज क्या है, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये गुण सिर्फ  इंसानों को मिला है, जो काम हम कर रहे हैं उसमें मजा आना चाहिए। तुम पढ़ रही हो तो पढऩे में मजा आना चाहिए तो मुस्कान बनी रहेगी। तनाव में नहीं खुश रहना चाहिए और सबकी सेवा करो, सेवा में जो मजा है वो कहीं और नहीं। छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके स्कूल में टीचर की कमी है, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कमी दूर कर देंगे।
भेंट मुलाकात के दौरान महिला समूह की सुशीला पैंकरा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने वर्मी कंपोस्ट बेच कर हवाई जहाज में सफर करने का अपना सपना पूरा किया, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्राओं ने इंग्लिश में बात करते हुए लैलूंगा में स्कूल खोलने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री के छत्तीसगढ़ी सवालों का छात्रा शालिनी मिश्रा ने इंग्लिश में जवाब दिया।

 

मुख्यमंत्री ने जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
Posted Date : 13-Sep-2022 4:06:58 am

मुख्यमंत्री ने जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

रायगढ़।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने भेंट मुलाकात अभियान के दौरान रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा के ग्राम राजपुर पहुंचे। उन्होंने यहां स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री बघेल मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह में भी शामिल हुए। व्यासपीठ पर बैठे कथावाचक पंडित तारेंन्द्र कृष्ण जी महाराज ने मुख्यमंत्री बघेल का शाल श्रीफल से सम्मान किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक चक्रधर सिंह सिदार भी उपस्थित रहे।

 

मुख्यमंत्री का सोंढ़ी (बेहरा) समाज की महिलाओं ने लड्डू से तौलकर व्यक्त किया आभार
Posted Date : 13-Sep-2022 4:06:20 am

मुख्यमंत्री का सोंढ़ी (बेहरा) समाज की महिलाओं ने लड्डू से तौलकर व्यक्त किया आभार

रायगढ़।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सोंढ़ी (बेहरा) समाज की महिलाओं ने रायगढ़ में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की राशि और 75 सौ वर्गफुट जमीन स्वीकृत करने पर लड्डुओं से तौलकर आभार व्यक्त किया।

 

सोचा नहीं था कभी हवाई जहाज में सफर कर पाएंगे
Posted Date : 13-Sep-2022 4:05:54 am

सोचा नहीं था कभी हवाई जहाज में सफर कर पाएंगे

गोधन न्याय योजना ने उम्र के इस पड़ाव में सपने को साकार किया
वर्मी कंपोस्ट खाद से आय अर्जित कर 10 महिलाओं ने सपनों को दिया वास्तविक उड़ान
रायगढ़।  रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक के झंवरपुर गांव की रहने वाली 40 साल की सुशीला पैंकरा का बचपन से एक ही सपना था, हवाई जहाज में सफर करना। लेकिन उन्हें ये बताया गया था कि दूरस्थ आदिवासी अंचल के लोगों के लिए ये ऐसा सपना है जिसका साकार हो पाना संभव नहीं है। सुशीला को भी ढलती उम्र और परिवार की बढ़ती जिम्मेदारियों के साथ ऐसा ही महसूस होने लगा था और वह अपने सपने को लगभग भूल चुकी थी।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा शुरू की गई गोधन न्याय योजना की जानकारी सुशीला को मिली। इस महत्वकांक्षी योजना ने सुशीला की महत्वकांक्षा को फिर से जिंदा कर दिया और उसे हवाई यात्रा करने के लिए एक नई राह दिख गई। सुशीला ने अपने साथ 9 और महिलाओं को जोड़कर एक स्व-सहायता समूह बनाया जिसका नाम रखा महादेव।
इस समूह की सभी महिलाओं ने कड़ी मेहनत की और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर खरीद कर उससे 600 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट खाद बनाकर बेचा, इससे महादेव स्व-सहायता समूह के बैंक खाते में 2 लाख 16 हजार रूपए लाभांश की राशि जमा हुई। शासन की योजना ने इन दस महिलाओं के हौंसले को उड़ान भरने में मदद की और सुशीला के साथ सभी महिलाओं ने इस पैसे से हवाई जहाज का टिकट खरीदा। झारसुगुड़ा से रायपुर तक की हवाई यात्रा की और अपने उस अहसास को हकीकत का रूप दिया जिसे वो भूल चुकी थीं।
गोधन न्याय योजना की मदद से सपनों को सच करने के बाद अब महादेव स्व-सहायता समूह की महिलाएं दोगुने उत्साह के साथ वर्मी कंपोस्ट के उत्पादन का कार्य कर रही हैं ताकि वो न सिर्फ आर्थिक समृद्धि की तरफ  अग्रसर हों बल्कि दूसरों को भी ये संदेश दे सकें की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की योजनाओं से छत्तीसगढ़ अब तेजी से बदलाव की राह पर है।

 

बारिश में भींग रही स्कूली छात्रा को मुख्यमंत्री ने अपने बगल में बिठाया
Posted Date : 13-Sep-2022 4:05:02 am

बारिश में भींग रही स्कूली छात्रा को मुख्यमंत्री ने अपने बगल में बिठाया


छात्रा के मामा के इलाज का पूरा खर्च उठाने का किया वायदा
रायगढ़।   रायगढ़ के लैलूंगा ब्लॉक का राजपुर गांव, यहां जमकर बारिश हो रही थी। अपने प्रिय मुख्यमंत्री से मिलने लोगों की भीड़ जमा थी। बारिश से बचते हुए एक छोटी सी लड़की स्कूल ड्रेस में मुख्यमंत्री को देख रही थी। लेकिन वो उन तक पहुंच नहीं पा रही थी, लेकिन हजारों की भीड़ में भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नजर इस बच्ची पर पड़ गई।
मुख्यमंत्री ने उसे पास बुलाया और अपने बगल में बिठा लिया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल लैलूंगा में पढऩे वाली इस छात्रा ने अपना नाम सोनम बताया। सोनम के मामा दुर्घटना का शिकार हो गए थे और उनके पैरों में राड डली है जिससे वो ठीक से चल फिर नहीं पाते सोनम ने मुख्यमंत्री को बताया कि वो पूरी तरह से मामा पर निर्भर है और चाहती है कि वो ठीक हो जाएं।
  मुख्यमंत्री ने सोनम से वादा किया कि उसके मामा ठीक हो जाएंगे और उनके इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री के वादे से सोनम के चेहरे पर मुस्कान तैर गई क्योंकि उसे वो सब कुछ मिल गया जो उसे चाहिए था। हम सभी जानते हैं कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बच्चों से बेहद लगाव रखते हैं और उनके लिए वो हरसंभव कार्य करने का प्रयास भी करते हैं। आज सोनम के मामा के इलाज की व्यवस्था कर सोनम के लिए भी मुख्यमंत्री ने उज्ज्वल भविष्य का रास्ता खोलने की कोशिश की है।

 

जब छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा- आपकी मुस्कुराहट का राज क्या है
Posted Date : 13-Sep-2022 4:04:41 am

जब छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा- आपकी मुस्कुराहट का राज क्या है

मुख्यमंत्री ने कहा-सेवा करने से मिलती है सच्ची खुशी
रायगढ़।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज राजपुर में भेंट मुलाकात के दौरान आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा शालिनी मिश्रा ने पूछा सर आपके हर पल मुस्कुराते चेहरे का राज क्या है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मुस्कुराने का गुण ईश्वर ने सिर्फ  हम मनुष्यों को ही दी है, आपने कभी किसी पशु को मुस्कुराते नहीं देखा होगा। उन्होंने कहा कि हमें केवल मुस्कुराने के लिए ही बनावटी रूप से नहीं मुस्कुराना चाहिए। हमें अपने काम को एंजॉय करते हुए काम करना चाहिए। हमें अपने माता-पिता, बड़े-बुजुर्गों और बीमारों की सेवा करनी चाहिए। सेवा भाव से काम करने से मुस्कुराहट खुद ब खुद आती है। जब मैं लोगों की सेवा करता हूँ, मुझे खुशी मिलती है और मेरे चेहरे पर मुस्कुराहट आती है। उसी तरह से आपको भी बिना किसी तनाव के अपनी पढ़ाई खुशी से करनी चाहिए जिससे आपके चेहरे पर भी मुस्कुराहट बनी रहेगी। छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्कूल में टीचर की कमी है, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कमी दूर करेंगे।