छत्तीसगढ़

छग के नये मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा आज शाम तक
Posted Date : 13-Dec-2018 11:27:40 am

छग के नये मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा आज शाम तक

0-दिल्ली में राहुल गांधी के बंगले मेंं आयोजित बैठक में छग सहित मप्र व राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के नाम पर लगेगी मुहर
रायपुर, 13 दिसंबर । छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान आज शाम तक किया जा सकता है। मुख्यमंत्री के नाम का प्रस्ताव लेकर कांग्रेस के पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खडग़े दिल्ली रवाना हो गए है। उनके साथ प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी दिल्ली रवाना हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करने के बाद आज शाम तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे। 
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने के साथ अब मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए कांग्रेस में मंथन चल रहा है। राहुल गांधी ने इन तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किये है। छत्तीसगढ़ के लिए वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडग़े बुधवार को छग कांग्रेस विधायकों की बैठक लेकर मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करते हुए उनकी पसंद जानकर प्रस्ताव बनाया है। इस प्रस्ताव में कौन से चेहरे है इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। हालांकि शुरू से मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस से चार लोगों के नाम सामने आ रहे है जिनमें टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल, डा. चरणदास महंत एवं ताम्रध्वज साहू शामिल है। हालांकि कांग्रेस विधायकों से चर्चा के बाद श्री खडग़े अपने साथ जो प्रस्ताव दिल्ली ले गये है उनमें किन लोगों के नाम है इसे अभी गोपनीय रखा गया है। श्री खडग़े आज इस प्रस्ताव को लेकर  दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ प्रदेश प्रभारी पीएल पूनिया भी है। छग के अलावा मध्यप्रदेश और राजस्थान राज्य के मुख्यमंत्रियों के नामों का प्रस्ताव लेकर भी वहां के पर्यवेक्षक दिल्ली पहुंच गए है। तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाने दिल्ली में राहुल गांधी के बंगले में आज बैठक रखी गई है। इस बैठक में तीनों राज्यों के नियुक्त पर्यवेक्षण मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को रखेंगे। जिसके बाद इन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद मुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा की जाएगी। 
्रछग में मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह 15 को संभावित
छग के लिए कांग्रेस से मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने के बाद मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण की तैयारियां भी शुरू हो जाएगी। बताया जा रहा है कि 16 दिसंबर से खरमास प्रारंभ हो रहा है। खरमास में शुभ कार्य नहीं किये जाते है। ऐसे में मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह 15 दिसंबर को किया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह राजधानी के साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया जा सकता है।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई राष्ट्रीय नेता शामिल होने पहुंचेंगे छग:
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के समस्त नवनिर्वाचित विधायकों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओ के अलावा कई राष्ट्रीय नेता भी शामिल होने यहां आ सकते है। 

प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, बेसब्री से जनता को इंतजार
Posted Date : 13-Dec-2018 11:24:53 am

प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, बेसब्री से जनता को इंतजार

० कांग्रेस के सत्ता में आते ही अधिकारियों के तेवर बदले 
रायपुर, 13 दिसम्बर । कांग्रेस के विशाल बहुमत में आते ही बुधवार रात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आते ही रायशुमारी का दौर देर रात तक चलता रहा। प्रत्येक कांग्रेस विधायक को खडग़े ने बुलाकर मुख्यमंत्री उनकी पसंद का पूछा। कांग्रेस विधायकों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से सर्वाधिक बहुमत पाने वाले विधायक को ही मुख्यमंत्री बनाने की जानकारी कांग्रेस सूत्रों ने दी है। खडग़े आज सुबह की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गए है। दोपहर में कोर कमेटी की बैठक में ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा शाम तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में डॉ. चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल एवं ताम्रध्वज साहू का नाम शीर्ष पर है। प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री के नाम का बेसब्री से इंतजार है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार कोर कमेटी की बैठक में चिंतन के उपरांत ही इन चारों में से एक के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। आमजनों के अनुसार सर्वाधिक पसंद भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव एवं डॉ. चरणदास महंत को बताया जा रहा है। इधर महानदी भवन सचिवालय में भी प्रमुख सचिव एवं सचिव स्तर के अधिकारियों को मुख्यमंत्री किसे बनाया जा रहा है को लेकर भारी उत्सुकता है। मुख्य सचिव द्वारा कांग्रेस का जनघोषणा पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए किसानों के कर्जमाफी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने से यह प्रमाणित हो गया है कि सत्ता बदलते ही अधिकारियों के तेवर भी बदलते हैं। 

सीयू में 18 को गुरु घासीदास जयंती एवं कुल उत्सव कार्यक्रम
Posted Date : 13-Dec-2018 11:24:00 am

सीयू में 18 को गुरु घासीदास जयंती एवं कुल उत्सव कार्यक्रम

बिलासपुर, 13 दिसंबर । गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) में प्रतिवर्ष की भांति 18 दिसम्बर को गुरू घासीदास जयंती एवं कुल उत्सव का कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित होगा। संत गुरु घासीदास की जयंती एवं विश्वविद्यालय कुल उत्सव पर 18 दिसम्बर, 2018 को प्रात 9.30 बजे विश्वविद्यालय परिसर के समस्त सदस्य गुरु घासीदास की प्रतिमा पर एकत्रित होंगे। मुख्य अतिथि, कुलपति प्रोफेसर अंजिल गुप्ता एवं अन्य अतिथिगण प्रतिमा पर माल्यार्पण उपरान्त पद-यात्रा करते हुए रजत जयंती सभागार पहुंचेंगे। इसके पश्चात अन्य कार्यक्रम रजत जयंती सभागार में आयोजित होंगे। इस अवसर पर गुरु घासीदास जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के पुरस्कार का वितरण भी आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व 17 दिसम्बर (सोमवार) को छात्र-छात्राओं हेतु अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय द्वारा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

 बिलासपुर में कांग्रेस, तखतपुर में पंजा, मस्तूरी, बिल्हा, बेलतरा में कमल खिला, कोटा, मरवाही में जनता कांग्रेस की जीत
Posted Date : 13-Dec-2018 11:21:40 am

बिलासपुर में कांग्रेस, तखतपुर में पंजा, मस्तूरी, बिल्हा, बेलतरा में कमल खिला, कोटा, मरवाही में जनता कांग्रेस की जीत

0 बिलासपुर सीट पर कांग्रेस की बढ़त दूयरे दौर से अंत तक बरकरार
0 बेलतरा सीट पर रजनीश की जीत
0 जतना कांग्रेस के अजीत जोगी, रेणु जोगी ने विजयी हासिल की

बिलासपुर, 13 दिसंबर । जिले की सात विधानसभा सीट के परिणाम के बाद पूरी तस्वीर साफ होने के बाद बिलासपुर सीट से मंत्री अमर अग्रवाल को कांग्रेस के शैलेश पांडे ने हरा दिया।इसके आलवा तखतपुर सीट पर कांग्रेस की रश्मि सिंह ने जीत हासिल कर ली। भाजपा ने बिल्हा से धरमलाल बेलतरा से रजनीश सिंह मस्तूरी से से डॉक्टर कृष्ण मूर्ति बाधी को जिताने में सफल रही। जबकि कोटा से जनता कांग्रेस की रेणु जोगी मरवाही से अजीत जोगी ने जीत हासिल की है।
गौरतलब है कि कल विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश मे वोटों की गिनती हुई। जिसमें भाजपा का इस चुनाव में सुपड़ा ही साफ हो गया। करीब 15 साल की सत्ता का सुख भोग चुकी भाजपा के बामुश्किल 15 ही विधायक चुनकर आये।इस लहर का असर बिलासपुर जिले में रहा। हालांकि यहाँ पर असर दिखा। जिसके चलते बिलासपुर विधानसभा सीट पर चार बार से भाजपा विधयाक व मंत्री के रूप में अमर अग्रवाल को पहली बार चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शैलेष पांडे ने हरा दिया। यहाँ पर भाजपा के अमर अग्रवाल को शैलेष पांडेय ने 11221 मतों से हरा दिया। इसी तरह कांग्रेस ने तखतपुर  से भी जीत दर्ज करने में सफल रही। जिसमें कांग्रेस ने रश्मि सिंह ने जनता कांग्रेस के संतोष कौशिक को हराया। यहाँ पर आज सुबह 5 बजे अंतिम परिणाम आया है। भाजपा ने यहाँ पर थोड़ा ठीक प्रदशर्न रहा। क्योंकि जिले की 3 विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने में सफल रही। जिसमें बिल्हा प्रत्याशी भाजपा के धरमलाल कौशिक ने राजेन्द्र शुक्ला को 20315 वोट से हरा दिया। पिछले बार यहाँ से भाजपा के धरमलाल को हार का सामना करना पड़ा जो कि इस बार कांग्रेस की लहर के बावजूद भाजपा के कौशिक जीतने में कामयाब रहे। भाजपा के बेलतरा प्रत्याशी रजनीश  सिंह ने कांग्रेस के राजेंद्र साहू को6259 वोट से हराने में सफल हुए। इसके आलाव मस्तूरी सीट पर डॉ कृष्ण मूर्ति बाधी ने 14107 वोट से जीत दर्ज किया। जबकि जनता कांग्रेस ने यहाँ ठीकठाक प्रदर्शन करते हुए 2 सीटों पर विजय का परचम लहराने में कामयाब रही। कोटा विधानसभा सीट से पहली बार जनता कांग्रेस ने सीट अपने खाते में दर्ज करने में सफल रही। इस सीट से रेणु जोगी ने भाजपा के काशी साहू को 3026 मतों से हरा दिया। वही मरवाही सीट से अजित जोगी ने भाजपा के अर्चना पोर्ते को 46462 वोट से हरा दिया।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा कर बनाया गया प्रस्ताव
Posted Date : 13-Dec-2018 11:19:45 am

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा कर बनाया गया प्रस्ताव

0-प्रस्ताव पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय अध्यक्ष लगाएंगे
0-प्रदेश के नये मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह संभवत: 16 को

रायपुर, 13 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही कांग्रेस के विजयी विधायकों की आज महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस के वरिष्ठ एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े की मौजूदगी में रायपुर में हो रही है। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी मौजूद। बैठक में प्रदेश के मुखिया यानी मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा कर प्रस्ताव बनाया गया है। प्रस्ताव पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी लगाएंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद संभवत: 16 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री अपने पद एवं गोपनीयता का शपथ ग्रहण कर सकते है।  छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 90 सीटों में से 68 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है। कांग्रेस यहां सरकार बनाने के लिए सबसे पहले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेगी। इसके लिए चुनाव में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक राजधानी रायपुर स्थित एक निजी होटल में चल रही है। बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडग़े को आब्जर्वर बनाकर यहां भेजा है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी बैठक में मौजूद रहे। श्री खडग़े की मौजूदगी में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा की गई और प्रस्ताव बनाया गया है। श्री खडग़े प्रस्ताव को लेकर दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिस पर अंतिम मुहर राहुल गांधी ही लगाएंगे। मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने के बाद छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री संभवत: 16 तारीख को पद एवं गोपनीयता का शपथ ग्रहण करेंगे। उन्हें राज्यपाल द्वारा शपथ दिलायी जाएगी। चूंकि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एक ही है और दोनों राज्यों में मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह होना है। इसलिए माना जा रहा है कि पहले मध्यप्रदेश में संभवत: 15 तारीख को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। वहीं दूसरे दिन 16 तारीख को छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है। समाचार लिखे जाने तक मुख्यमंत्री के लिए किस विधायक के नाम का प्रस्ताव बनाया गया है इसका खुलासा कांग्रेस ने अभी नहीं किया है। 

विधानसभा चुनाव 2018 : शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी  निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा-सुब्रत साहू
Posted Date : 13-Dec-2018 11:16:27 am

विधानसभा चुनाव 2018 : शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा-सुब्रत साहू

रायपुर, 13 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य में विधानसभा चुनाव 2018 पूर्ण रूप से संपन्न होने के बाद आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2018 शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा। 
श्री साहू ने आज प्रेसवार्ता में आज विधानसभा चुनाव के परिणाम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा निर्वाचन-2018 हेतु समस्त 90 विधानसभा क्षेत्रों में 11 दिसम्बर 2018 को मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में विधानसभा आम निर्वाचन-2018 में ईवीएम के साथ वीवीपैट का सभी विधानसभा क्षेत्रों में सफलतापूर्वक उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मतगणना सभी जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।  इसकी विशेषता यह भी रही कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में पुनर्गणना की स्थिति निर्मित नहीं हुई। मतगणना में इस बार वीवीपैट के मतों की गणना को शामिल किया गया था। इसकी गणना की प्रक्रिया के कारण पूरी मतगणना और सफल उम्मीदवारों की घोषणा में देरी हुई। कुछ स्थानों पर इस कारण आज 12 दिसंबर की सुबह तक प्रक्रिया चलती रही। 
उन्होंने कहा कि इस बार मतगणना स्थल में भी विशेष इंतजाम कर उन्हें अधिक सुविधाजनक बनाया गया था। मतगणना की जानकारी प्रदान करने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दो वेबसाइट बनाई गई थी जिसमें पल-पल अपडेट दिया जा रहा था, वहीं राजधानी में मरीन ड्राइव तेलीबांधा, राजकुमार कॉलेज के समीप अनुपम गार्डन, पड़ाव चौक गुढिय़ारी और शारदा चौक में मतगणना की पल-पल की जानकारी देने के लिये बड़े एलईडी स्क्रीन लगाये गये थे। श्री साहू ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन-2018 में 14,730 सेवा मतदाता पंजीकृत थे।  इन्हें इलेक्ट्रानिक माध्यम से डाक मतपत्र भेजे गये। विधानसभा निर्वाचन-2013 में 6,024 सेवा मतदाता पंजीकृत थे जिन्हें डाक मतपत्र भेजे गये।  चुनाव में निर्वाचन/मतदान कार्य में संलग्न 88,703 कार्मिकों को डाक मतपत्र और 4,441 को निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी किये गये। कार्मिकों को जारी किये गये 88,703 डाक मतपत्रों में से 66,210 वापस प्राप्त हुये। विधानसभा निर्वाचन 2013 में 70,397 कार्मिकों को डाक मतपत्र जारी किये गये थे जिनमें से 28,824 वापस प्राप्त हुये थे।  इस तरह से इस बार के निर्वाचन में 37,386 डाक मतपत्र अधिक प्राप्त हुये। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी  निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा। पूरे प्रदेश में किसी भी मतदान केन्द्र में पुनर्मतदान नहीं होना हमारे पूरे प्रदेश के लिए बड़ी सफलता है। यह निर्वाचन अपने सार्थक प्रयोग और अभिनव प्रयासों के लिए भी याद किया जाएगा। आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत आम लोगों से सीधे प्राप्त करने के लिए सी-विजिल एप का प्रयोग, निर्वाचन दल की मानिटरिंग के लिए सी-टॉप्स एप, संगवारी मतदान केन्द्र, आदर्श मतदान केन्द्र, सेल्फी जोन का प्रयास, मतदान केन्द्र से वेब-कॉस्टिंग जैसे प्रयास निर्वाचन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यापक और मतदाताओं में उत्साह पैदा करने वाला साबित हुआ।  
श्री साहू ने बताया कि चुनाव के परिणाम में सबसे पहले सीतापुर विधानसभा क्षेत्र का और सबसे आखिरी में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र का परिणाम घोषित किया गया।   
कांग्रेस प्रत्याशी मो. अकबर सर्वाधिक वोटों के अंतर से जीते: 
इस चुनाव सबसे अधिक 59,284 मतों के अंतर से कवर्धा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के मोहम्मद अकबर विजयी हुये हैं। उन्हें कुल एक लाख 36 हजार 320 मत प्राप्त हुये। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी  अशोक साहू को कुल 77,036 मत प्राप्त हुये।  श्री अकबर इस विधानसभा निर्वाचन में सबसे अधिक मत प्राप्त करने वाले उम्मीद्वार भी हैं। वहीं सबसे कम 464 मतों के अंतर से धमतरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू जीती। उन्हें कुल 63,198 मत प्राप्त हुये। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी इंडियन नेशनल कांग्रेस के गुरूमुख सिंह होरा को कुल 62,734 मत प्राप्त हुये।