मनोरंजन

आमिर खान अभिनीत फिल्म लाल सिंह चड्ढा की पूरी हुई शूटिंग
Posted Date : 19-Sep-2021 9:00:39 pm

आमिर खान अभिनीत फिल्म लाल सिंह चड्ढा की पूरी हुई शूटिंग

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्मों का फैंस काफी बेसब्री से इंतजार करते हैं। आमिर किसी भी फिल्म में अपने किरदार में खुद को ढालने के लिए खूब मेहनत करते हैं। वह काफी समय से अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म लाल सिंह चड्ढा को लेकर व्यस्त हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि आमिर की इस फिल्म की शूटिंग समाप्त हो चुकी है। मेकर्स ने इस संबंध में जानकारी शेयर की है।
लाल सिंह चड्ढा को 100 से अधिक स्थानों पर शूट किया गया है। इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल शुरू हुई थी। फिल्म की टीम ने शूटिंग पूरी होने के बाद केक काटकर इसका जश्न मनाया है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म की शूटिंग हाल ही में समाप्त हुई है, जिसमें कलाकारों और क्रू ने सेट पर इस पल का जश्न मनाया है। फिल्म का निर्देशन अद्वैत चंदन कर रहे हैं। फिल्म की कहानी को अतुल कुलकर्णी ने लिखा है। 
अतुल ने फिल्म के सेट से एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह आमिर के साथ केक काटते हुए नजर आए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग समाप्त हो गई है। फिल्म इसी साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज हो सकती है। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर भी इस फिल्म में नजर आएंगी। उन्होंने भी कुछ दिन पहले ही फिल्म की शूटिंग पूरी की है। 
मिस्टर परफेक्टनिस्ट माने जाने वाले आमिर ने लाल सिंह चड्ढा को अपना पैशन बना लिया है। यही वजह है कि ध्यान केंद्रित करने के लिए उन्होंने फिल्म के रिलीज होने तक अपने मोबाइल फोन को स्विच ऑफ रखने का फैसला किया था। साउथ स्टार नागा चैतन्य इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने वाले हैं। आमिर और करीना के अलावा फिल्म में अभिनेत्री मोना सिंह भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगी। 
आमिर की फिल्म लाल सिंह चड्डा में आमिर और करीना मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। फिल्म में पहली बार आमिर को सिख के किरदार में देखा जाएगा। इसमें करीना कपूर उनकी पत्नी की भूमिका निभाएंगी। फिल्म में संगीत रचना प्रीतम ने दिया है। इसमें ऐतिहासिक घटनाओं को भी दिखाया जाएगा। इसमें 1947 के बाद घटित भारत विभाजन का मुद्दा भी उठाया गया है। आमिर की यह फिल्म 1994 में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गंप की हिन्दी रीमेक होगी। 

फिल्म गैसलाइट में हुई चित्रांगदा सिंह की एंट्री
Posted Date : 19-Sep-2021 9:00:23 pm

फिल्म गैसलाइट में हुई चित्रांगदा सिंह की एंट्री

बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान और विक्रांत मैसी पिछले कुछ समय से अपनी फिल्म गैसलाइट को लेकर चर्चा में थे। अगस्त में जानकारी सामने आई थी कि सारा और विक्रांत भूत पुलिस के निर्देशक पवन कृपलानी की फिल्म गैसलाइट में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण रमेश तौरानी कर रहे हैं। अब खबर सामने आ रही है कि इस फिल्म में मशहूर अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवा सकती हैं। 
रिपोर्ट के मुताबिक, सारा और विक्रांत की फिल्म गैसलाइट में चित्रांगदा की एंट्री हो गई है। सूत्र ने बताया कि सारा और विक्रांत के अलावा फिल्म में अहम भूमिका निभाने के लिए चित्रांगदा को कास्ट किया गया है। हालांकि, अभी तक फिल्म की कहानी और इसके कैरेक्टर के बारे में कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है। सुनने में आ रहा है कि सारा और विक्रांत इस फिल्म में रोमांटिक किरदार निभाएंगे।
बताया जा रहा है कि चित्रांगदा को उनके करियर के अनोखे किरदार में देखा जाएगा। फिलहाल चित्रांगदा की भूमिका के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस फिल्म की शूटिंग अगले महीने शुरू हो सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो आगामी 5 अक्टूबर से इस फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। ऐसा पहली बार होगा जब सारा और विक्रांत फिल्म में एक दूसरे के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
निर्देशक पवन वर्तमान में अपनी हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत पुलिस को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म आज ही स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई है। इस फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिली जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। इस हॉरर कॉमेडी में सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडिस मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। सैफ और अर्जुन को इस फिल्म में अनोखे किरदार में दिखाया गया है। 
चित्रांगदा के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह आने वाले दिनों में अभिषेक बच्चन की फिल्म बॉब बिस्वास में नजर आएंगी। फिल्म में उन्हें अभिषेक के साथ मुख्य किरदार निभाते हुए देखा जाएगा। यह फिल्म शाहरुख खान के बैनर रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के तले बनाई जा रही है। यह पहली बार होगा जब चित्रांगदा और अभिषेक पर्दे पर साथ नजर आएंगे। फिल्म में व्यक्ति के दोहरे स्वभाव के कई पहलुओं को दिखाने का प्रयास किया जाएगा। 

अक्षय कुमार की पहली फिल्म की हीरोइन शांति प्रिया करेंगी डिजिटल डेब्यू
Posted Date : 19-Sep-2021 2:36:11 am

अक्षय कुमार की पहली फिल्म की हीरोइन शांति प्रिया करेंगी डिजिटल डेब्यू

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की पहली फिल्म सौगंध 1991 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अक्षय के अपोजिट भूमिका में अभिनेत्री शांति प्रिया नजर आई थीं। शांति ने इस फिल्म से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। ये अलग बात है कि हिन्दी फिल्मों में वह अपना दबदबा हासिल नहीं कर पाई हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू करने वाली हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अक्षय की पहली फिल्म की हीरोइन रहीं शांति अपना डिजिटल डेब्यू करेंगी। कहा जा रहा है कि वह जल्द ही एक वेब सीरीज में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। इस सीरीज के साथ 6 साल बाद वह एक्टिंग की दुनिया में वापसी करने वाली हैं। खबरों की मानें तो वह द धारावी बैंक नामक वेब सीरीज में नजर आएंगी। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
शांति के एक करीबी सूत्र ने इस खबर की पुष्टि की है। इस सीरीज के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बताया गया है कि उन्होंने इससे पहले तीन बार फिल्मों से ब्रेक लेकर एक्टिंग में वापसी की हैं। फिल्मों के अलावा इस अभिनेत्री ने कई टीवी सीरियल में भी काम किया है। वह माता की चौकी और द्वारकाधीश जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा साउथ की फिल्मों में भी उन्होंने अपना जलवा दिखाया है। 
पिछले साल शांति तब चर्चा में आ गई थीं, जब उन्होंने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में नस्लवादी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा था कि करियर के शुरुआती दौर में उन्हें इस प्रकार के अनुभव से गुजरना पड़ा था। शांति ने कहा कि इसके बाद ही उन्होंने बॉलीवुड को छोडऩे का मन बना लिया था। पिछले साल ऐसी खबरें सामने आई थीं कि शांति को रियलिटी शो बिग बॉस के लिए अप्रोच किया गया है। 
भले ही अक्षय की को-स्टार शांति ने फिल्मों में कामयाबी हासिल नहीं की हैं, लेकिन अक्षय आज के दौर में बॉलीवुड के सुपरस्टार माने जाते हैं। इस साल भी उनकी कई बड़ी फिल्में रिलीज की कतार में शामिल हैं। अक्षय फिल्म सूर्यवंशी में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा उन्हें फिल्म अतरंगी रे में देखा जाएगा। इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान दिखाई देंगी। वह पृथ्वीराज और रक्षाबंधन जैसी फिल्मों में भी दिखने वाले हैं। 

जल्द ही बॉलीवुड की फिल्मों में अपना पदार्पण करेंगी कल्याणी प्रियदर्शन
Posted Date : 19-Sep-2021 2:35:04 am

जल्द ही बॉलीवुड की फिल्मों में अपना पदार्पण करेंगी कल्याणी प्रियदर्शन

दक्षिण भारतीय फिल्मों के कई कलाकार बॉलीवुड में अपने अभिनय का जौहर दिखा चुके हैं। उन्होंने अपने हुनर से एक पैन इंडिया एक्टर की छवि बनाई है। अब इस कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है। हिन्दी फिल्मों के मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन की बेटी और साउथ अभिनेत्री कल्याणी जल्द ही बॉलीवुड की फिल्मों में अपना पदार्पण करेंगी। इस संबंध में खुद फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने जानकारी शेयर की है।
प्रियदर्शन ने खुलासा किया है कि उनकी बेटी कल्याणी बॉलीवुड की फिल्मों में डेब्यू करेंगी। ये अलग बात है कि प्रियदर्शन अपनी फिल्मों के जरिए कल्याणी को लॉन्च नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, वह एक स्पष्ट और नेतृत्व करने वाली लडक़ी है, जो जानती है कि उसे क्या चाहिए और क्या नहीं। वह निश्चित रूप से यह नहीं चाहती कि मैं उसे बॉलीवुड में लॉन्च करूं।
प्रियदर्शन ने आगे बातचीत करते हुए कहा, जब कल्याणी ने अभिनेत्री बनने का फैसला किया था, तो उसके लिए केवल एक ही शर्त थी कि उन्हें उनके पिता द्वारा लॉन्च नहीं किया जाएगा। उन्होंने साउथ फिल्मों में अपनी बेटी कल्याणी की एक्टिंग डेब्यू को लेकर भी अनुभव साझा किया है। उनका मानना है कि वह चाहते तो साउथ इंडस्ट्री में कल्याणी को लॉन्च करने के लिए दर्जनों फिल्में बना सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। 
प्रियदर्शन ने कहा कि साउथ फिल्मों में कल्याणी ने तेलुगु फिल्म हेलो से डेब्यू किया था। इस फिल्म का निर्माण साउथ स्टार नागार्जुन ने किया था। नागार्जुन के बेटे अखिल अक्किनेनी इस फिल्म में नजर आए थे। प्रियदर्शन ने साफ तौर पर कहा कि साउथ फिल्मों में डेब्यू की तरह ही वह कल्याणी की बॉलीवुड में डेब्यू को लेकर कोई हस्तक्षेप नहीं करेंगे। किसी और फिल्ममेकर के द्वारा कल्याणी को लॉन्च किया जा सकता है। 
हेरा फेरी जैसी मशहूर कॉमेडी फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने ही किया है। हाल में आई फिल्म हंगामा 2 को लेकर वह सुर्खियों में थे। इस फिल्म में शिल्पा शेट्टी और परेश रावल अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। उन्होंने भूल भुलैया, बिल्लू और दे दना दन जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया है। इसके अलावा उन्हें हलचल, ढोल, भागम-भाग और विरासत जैसी फिल्मों के लिए दर्शक याद करते हैं। 

स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता की बायोपिक में हो सकती है तापसी या भूमि की एंट्री
Posted Date : 17-Sep-2021 5:47:16 pm

स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता की बायोपिक में हो सकती है तापसी या भूमि की एंट्री

पिछले काफी समय से यह चर्चा जोरों पर है कि करण जौहर स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता के जीवन पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। करण उनकी उपलब्धियों और जीवन से बेहद प्रभावित हैं और इसी वजह से उन्होंने ऊषा मेहता के जीवन को पर्दे पर लाने का फैसला किया है। अब खबर है कि इस फिल्म में ऊषा की भूमिका के लिए तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर का नाम सबसे ऊपर है।
रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का निर्देशन केतन मेहता कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू कर दिया है और इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक ऊषा मेहता की भूमिका के लिए केतन के जहन में बस दो ही नाम हैं। एक हैं तापसी पन्नू और दूसरी हैं भूमि पेडनेकर। वह दोनों में से किसी एक को फिल्म में लेना चाहते हैं। नवंबर तक फिल्म की कास्ट फाइनल हो जाएगी।
तापसी और भूमि की असल जिंदगी में काफी अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों ने फिल्म सांड की आंख में साथ काम किया था और इसी फिल्म के सेट पर उनकी दोस्ती हुई थी। यह फिल्म 2019 में रिलीज हुई थी। इसमें तापसी ने प्रकाशी तोमर की भूमिका निभाई थी, वहीं चंद्रो तोमर का किरदार भूमि ने निभाया था। तापसी और भूमि अक्सर एक-दूसरे का समर्थन करती दिखती हैं। सोशल मीडिया पर साथ में दोनों की तस्वीरें भी वायरल होती हैं। 
बात करें ऊषा मेहता की तो भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उन्होंने कांग्रेस रेडियो नाम की एक खुफिया रेडियो सर्विस शुरू की थी। इसके माध्यम से वह आजादी के लिए संघर्ष करने वालों की मदद करने लगी थीं। उन्हें भारत की पहली रेडियो वुमन भी कहा जाता है। इस रेडियो के जरिए लोगों को स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी जानकारी दी जाती थी। देश को आजादी मिलने के बाद ऊषा मेहता को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। 
तापसी ने हाल ही में अपने होम प्रोडक्शन की पहली फिल्म ब्लर की शूटिंग पूरी की है। वह फिल्म शाबाश मिठू और थ्रिलर फिल्म लूप लपेटा में दिखाई देंगी। तापसी फिल्म दोबारा, तमिल थ्रिलर फिल्म जन गण मन और ऐनाबेले सेतुपति का हिस्सा हैं। दूसरी तरफ भूमि, अली अब्बस जफर की अगली फिल्म में शाहिद कपूर के साथ नजर आएंगी। वह अक्षय कुमार अभिनीत रक्षाबंधन में काम कर रही हैं। भूमि बधाई दो में राजकुमार राव के साथ दिखाई दिखेंगी। 

अक्षय कुमार जल्द शुरू करेंगे राम सेतु की शूटिंग
Posted Date : 17-Sep-2021 5:46:54 pm

अक्षय कुमार जल्द शुरू करेंगे राम सेतु की शूटिंग

अक्षय कुमार आने वाले दिनों में कई फिल्मों में नजर आएंगे। राम सेतु भी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। अक्षय अक्टूबर में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं। उन्होंने मार्च में अयोध्या में इस फिल्म का मुहूर्त किया था। इसके बाद मुंबई में उन्हें फिल्म का लंबा शेड्यूल शूट करना था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से शूट टाल दिया गया था। अब वह फिर शूटिंग के लिए तैयार हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, अक्षय अक्टूबर में राम सेतु की शूटिंग वापस शुरू करेंगे और इस साल दिसंबर तक फिल्म पूरी कर लेंगे। फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग श्रीलंका में होनी थी, लेकिन निर्माताओं ने इसके बाद फिल्म की शूटिंग केरल में करने का फैसला किया और अब राज्य में कोरोना के मामले बढऩे के चलते फिल्म के निर्माताओं ने इसके काफी हिस्से को गुजरात में शूट करने का फैसला किया है।
अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बन रही फिल्म रामसेतु में अक्षय भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी कहानी को पर्दे पर लाने वाले हैं। इस फिल्म में अक्षय पुरातत्त्वविद् का किरदार निभाएंगे। फिल्म में मर्यादा पुरुषोत्तम राम की कहानी दिखाई जाएगी। इसमें अक्षय के साथ जैकलीन फर्नांडिज और नुसरत भरूचा नजर आएंगी। नुसरत इसमें उनकी पत्नी की भूमिका में होंगी और जैकलीन, अक्षय की टीम मेंबर होंगी, जो मिशन राम सेतु में अक्षय की मदद करती हैं। 
अक्षय ने पिछले साल दिवाली पर राम सेतु का ऐलान किया था। उन्होंने फिल्म का पोस्टर शेयर किया था। इसके साथ अक्षय ने लिखा था, इस दीपावली, भारत राष्ट्र के आदर्श और महानायक भगवान श्री राम की पुण्य स्मृतियों को युगों-युगों तक भारत की चेतना में सुरक्षित रखने के लिए एक ऐसा सेतु बनाया, जो आने वाले पीढिय़ों को राम से जोड़ कर रखे। इसी प्रयास में हमारा भी एक छोटा संकल्प है राम सेतु। आपको दीपावली की शुभकामनाएं। 
अक्षय रामसेतु के अलावा फिल्म सूर्यवंशी में नजर आएंगे। इस फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी हैं, जिसमें कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी बनी है। इसके अलावा अक्षय फिल्म अतरंगी रे में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान दिखाई देंगी। वह पृथ्वीराज, हाउसफुल 5 और रक्षाबंधन जैसी फिल्मों में भी नजर आएंगे। अक्षय फिल्म ओह माय गॉड 2 में काम कर रहे हैं। वह प्रियदर्शन की फिल्म का भी हिस्सा हैं।