आज के मुख्य समाचार

एक ही परिवार के 6 सदस्यों ने काटी हाथ की नस, एक की मौत; बच्चे की सूझबूझ की वजह से बची बाकियों की जान
Posted Date : 24-May-2024 12:19:54 pm

एक ही परिवार के 6 सदस्यों ने काटी हाथ की नस, एक की मौत; बच्चे की सूझबूझ की वजह से बची बाकियों की जान

फरीदाबाद । हरियाणा के फरीदाबाद से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सेक्टर 37 स्थित मकान नंबर 406 में सूदखोर से परेशान एक ही परिवार के छह लोगों ने हाथ की नस काट ली। सभी ने सामूहिक आत्महत्या करने की कोशिश की। इसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य पांच गंभीर हैं। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, छोटे पोते ने समझदारी दिखाते हुए सिक्योरिटी गार्ड से घर के गेट को खुलवाया और परिवार को बचाया। सेक्टर के लोगों का कहना है कि अभी किसी की मौत नहीं हुई है। सभी का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है, जिसमें श्याम, साधना, उसका बेटा, उसके बेटे की बहू, एक बड़ा पोता जिसकी उम्र 14 साल है शामिल है।
12 वर्षीय सबसे छोटा पोते ने नस नहीं काटी थी। उसी ने सुरक्षा गार्ड को बोला कि घर का गेट खोलो। घर का गेट खोलने के बाद सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को सूचना देने के बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि परिवार वालों का घी का काम था। पुलिस ने घर को सील कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

 

चारधाम यात्रा : दर्शन के इंतजार में 31 लाख लोग
Posted Date : 23-May-2024 9:50:27 pm

चारधाम यात्रा : दर्शन के इंतजार में 31 लाख लोग

भीड़ देख सरकार के छूटे पसीने

नई दिल्ली ।  दस मई को चारधाम यात्रा की शुरूआत होने के बाद से अब तक दर्जनों से अधिक यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मौत हो चुकी है। इसके अलावा, यात्रा मार्ग पर भारी भीड़ के कई चौंकाने वाले वीडियो सामने आए हैं। अब केंद्र सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड में प्रचलित चारधाम यात्रा की ताजा जानकारी ली। भल्ला ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को धामों, यात्रा मार्गों एवं ठहराव स्थलों में यात्रियों की रिपोर्ट हर दिन गृह मंत्रालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
गृह सचिव ने जरूरत पडऩे पर यात्रा मार्ग पर क्राउड मेनेजमेंट के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की मदद लेने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने भविष्य में चारधाम यात्रा प्रबन्धन की रणनीति हेतु एक कमेटी गठन के निर्देश दिए। उन्होंने धरातल स्तर पर यात्रा प्रबन्धन पर कड़ी निगरानी पर विशेष बल दिया है।
राज्य की मुख्य सचिव ने केंद्रीय गृह सचिव को जानकारी दी कि राज्य में चारधाम यात्रा में सभी राज्यों विशेषकर, पांच प्रमुख राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से सबसे अधिक यात्री चारधाम पर आते हैं। उनके मुख्य सचिवों को पत्र के माध्यम से तथा व्यक्तिगत तौर पर बातचीत कर अनुरोध किया गया है कि तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन के बाद ही चारधाम पर आए तथा जिस तिथि का रजिस्ट्रेशन हुआ है, उस तिथि को ही आए। उन्होंने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 मई तक चारधाम यात्रा के ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाई गई है। रतूड़ी ने यात्रा मैनेजमेंट सिस्टम की जानकारी देते हुए जानकारी दी कि पंजीकृत श्रद्धालुओं को बडक़ोट (यमुनोत्री), हीना (गंगोत्री), सोनप्रयाग (केदारनाथ) तथा पाण्डुकेश्वर (बद्रीनाथ) में चेक किया जा रहा है। जानकी चट्टी (यमुनोत्री), गंगोत्री मंदिर (गंगोत्री), स्वर्गारोहिणी (केदारनाथ) तथा आईएसबीटी, बीआरओ तथा माणा (बद्रीनाथ) में धामों के दर्शन हेतु पंजीकृत श्रद्धालुओं को टोकन जारी किए जा रहे हैं। मंदिरों के परिसर में पंक्ति में लगे श्रद्धालुओं के टोकन पर मोहर लगाकर उनके लिए धामों के दर्शनों की व्यवस्था की गई है।
मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि 22 मई तक कुल 31,18,926 रजिस्ट्रेशन में से यमुनोत्री हेतु 4,86285, गंगोत्री हेतु 5,54,656, केदारनाथ हेतु 10,37,700, बद्रीनाथ हेतु 9,55,858 तथा हेमकुण्ड साहिब हेतु 84,427 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सर्वाधिक श्रद्धालुओं वाले 10 राज्यों में क्रमश: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, पश्चिम बंगाल तथा छतीसगढ़ हैं।
रतूड़ी ने जानकारी दी कि 2024 में यमुनोत्री में 1,38,537 श्रद्धालुओं ने यात्रा सीजन के पहले 10 दिनों में दर्शन किए। यह आंकड़ा गत दो वर्षों से 127 प्रतिशत अधिक है। गंगोत्री धाम में पहले दस दिनों में 1,28,777 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जो कि गत दो वर्षों से 89 प्रतिशत अधिक है। जबकि, केदारनाथ धाम में इस वर्ष पहले दस दिनों में 3,19,193 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जो कि गत दो वर्षों से 156 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार, बदरी नाथ धाम में इस वर्ष पहले दस दिनों में 1 लाख, 39 हजार 656 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
भल्ला को मुख्य सचिव ने अवगत कराया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन हेतु परिवहन विभाग ने वाहन चालकों की कैपिसिटी बिल्डिंग तथा मेडिकल स्क्रीनिग की व्यवस्था की है। यात्रा रूट के मुख्य प्रवेश स्थलों पर चार हाईटेक चेक पोस्ट बनाए गए हैं। सोनप्रयाग तथा गौरीकुण्ड मार्ग पर शटल सर्विस की व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन व्यवस्था द्वारा ग्रीन कार्ड की व्यवस्था की गई है। अभी तक 23063 ग्रीन कार्ड जारी किए गए हैं। टूरिज्म पोर्टल पर पंजीकृत यात्रियों को ट्रिप कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
रतूड़ी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा इस वर्ष यात्रा रूट पर 56 टूरिज्म पुलिस स्पोर्ट सेन्टर खोले गए हैं। यात्रा पर निगरानी हेतु 850 सीसीटीवी कैमरा तथा आठ ड्रोन लगाए गए हैं। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर 1495 वाहनों की क्षमता वाले 20 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पार्किंग मेनेजमेंट हेतु क्यूआर कोड बेस्ड सिस्टम शुरू किया गया है। यमुनोत्री एवं गंगोत्री यात्रा मार्ग पर वाहनों की नियंत्रित आवाजाही हेतु तीन से चार हॉलण्डिंग पाइंट्स बनाए गए हैं। केदारनाथ मार्ग पर बेहतरीन यातायात प्रबंधन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। यात्रा मार्ग की सफाई के लिए 657 पर्यावरण मित्रों की तैनाती की गई है।

 

प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द किया जाए’, विदेश मंत्रालय से कर्नाटक सरकार की गुजारिश
Posted Date : 23-May-2024 9:49:13 pm

प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द किया जाए’, विदेश मंत्रालय से कर्नाटक सरकार की गुजारिश

बेंगलुरू ।  कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने पीेएम मोदी को पत्र लिखकर जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने की मांग उठाई है। साथ-साथ उनकी भारत वापसी के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इसके बाद विदेश मंत्रालय एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है। प्रज्वल रेवन्ना कथित बलात्कार और यौन उत्पीडऩ के आरोपों का सामना कर रहा है। वह देश छोडक़र भाग गया है। उसकी गिरफ्तारी वारंट के बाद रेड कॉर्नर नोटिस जारी भी किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि ये शर्मनाक है कि प्रज्वल रेवन्ना अपने जघन्य कृत्यों की खबर सामने आने के तुरंत बाद और अपने खिलाफ पहली एफआईआर दर्ज होने से कुछ घंटे पहले अपने राजनयिक पासपोर्ट का इस्तेमाल करके 27 अप्रैल 2024 को देश छोडक़र जर्मनी भाग गया। बीते दिन कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा था कि केंद्र ने महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जेडीएस नेता के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर प्रज्वल रेवन्ना के राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने के अनुरोध का जवाब नहीं दिया है। हालांकि परमेश्वर ने यौन शोषण से संबंधित मामलों को संभालने में राज्य सरकार की ओर से हुई चूक इनकार कर दिया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि एसआईटी सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं, जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी भी प्रज्वल रेवन्ना से कर्नाटक लौटने और जांच में शामिल होने की अपील कर चुके हैं। कुमारस्वामी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक सरकार पर इस मुद्दे का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया।

 

सोलापुर डैम में नाव पलटने की घटना में पांच शव बरामद, एक किशोर अब भी लापता
Posted Date : 23-May-2024 9:48:58 pm

सोलापुर डैम में नाव पलटने की घटना में पांच शव बरामद, एक किशोर अब भी लापता

सोलापुर । राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एडीआरएफ) ने यहां उजनी डैम में नौका डूबने की घटना में लापता छह में से पांच लोगों के शव निकाल लिए हैं। एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि एक ही परिवार से चार सदस्यों और एक नाविक का शव बरामद किया गया है।
एनडीआरएफ और पुलिस बचाव दल ने जाधव परिवार और नाविक अनुराग अवघड़े के शव डैम से बाहर निकाले हैं।
इंदापुर थाने के इंस्पेक्टर सूर्यकांत कोकणे ने आईएएनएस को बताया, बुधवार को दिन भर चले ऑपरेशन के बाद हमने पांच पीडि़तों के शव बरामद किये हैं। एक किशोर गौरव डोंगरे अब भी लापता है। हमने उसकी तलाश के लिए नये सिरे से ऑपरेशन शुरू किया है।
उन्होंने बताया हादसे की शिकार नाव भी निकाल लिया गया है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी डैम से मिली है जो हादसे में एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति राहुल डोंगरे की बताई जा रही है। वह कल देर रात तैरकर सुरक्षित स्थान पर चला गया था।
यह दुर्घटना मंगलवार देर रात हुई थी। डैम के बैकवाटर में सोलापुर के कुगांव और पुणे के कलाशी के बीच नियमित रूप से यात्रियों को ले जाने वाला मोटर बोट अचानक आये तूफान के कारण पलट गई थी।
सोलापुर पुलिस ने बताया कि नाव में सात लोग सवार थे। वे कुगांव से कलाशी जा रहे थे। बीच रास्ते में अचानक मौसम बदल गया। तूफान के कारण डैम के पानी में लहरें उठने लगीं और नाव पलट गई।
जिन लोगों के शव बरामद हुए हैं उनकी पहचान गोकुल जाधव (30), उनकी पत्नी कोमल (25) और दो बच्चे – तीन साल की माही तथा एक साल के शुभम के रूप में हुई है। नाविक अनुराग अवघड़े की उम्र 35 साल थी।
दुर्घटना में सुरक्षित बचे डोंगरे ने कलासी गांव पहुंचकर लोगों को हादसे के बारे में बताया। इसके बाद पुणे पुलिस और जिला प्रशासन को जानकारी दी गई।
बुधवार को एनडीआरएफ ने पेशेवर तैराकों के साथ तलाशी अभियान शुरू किया था।

 

नदी में डूबे बच्चों की तलाश में निकली टीम के साथ हादसा, नाव पलटने से 3 जवान शहीद
Posted Date : 23-May-2024 9:48:43 pm

नदी में डूबे बच्चों की तलाश में निकली टीम के साथ हादसा, नाव पलटने से 3 जवान शहीद

अहमदनगर । महाराष्ट्र के अहमदनगर से बड़ी खबर सामने आई है। प्रवरा नदी में डूबे दो बच्चों की तलाश के लिए गए एसडीआरएफ के जवानों की नाव तेज बहाव के कारण डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की बोट ही पानी में डूब गई और तीन जवान शहीद हो गए। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
दरअसल, दो बच्चों के डूबने की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। तलाश करने के दौरान एक बच्चे का शव भी मिला और दूसरे का शव नहीं मिला था ऐसे में एसडीआरएफ टीम ने 23 मई की सुबह छह बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस पूरी घटना में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है, जिसमें दो बच्चे और तीन जवान शामिल है। दो जवानों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कुछ दिन पहले नदी में गांव के दो बच्चे डूब गए थे, एसडीआरएफ के जवानों ने प्रवरा नदी में डूबे दोनों लोगों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी के बहाव में पानी की गति काफी तेज हो गई। पानी का बहाव तेज हो जाने के कारण नाव गति संभाल नहीं पाई और पानी के बहाव में डूब गई। इस हादसे में तीन जवान शहीद हो गए हैं।

 

16 साल की सौम्या ने किया एवरेस्ट फतह, अब अंटार्कटिका के विनसन मैसीफ पर निगाहें
Posted Date : 23-May-2024 9:48:23 pm

16 साल की सौम्या ने किया एवरेस्ट फतह, अब अंटार्कटिका के विनसन मैसीफ पर निगाहें

नई दिल्ली ।  सोलह साल की काम्या कार्तिकेयन माउंट एवरेस्ट के शिखर पर नेपाल की तरफ से पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बन गई हैं। नेवी चिल्ड्रन स्कूल, मुंबई की 12वीं कक्षा की छात्रा की इस उपलब्धि पर भारतीय नौसेना ने गुरुवार को उन्हें बधाई दी। काम्या ने अपने पिता और नौसेना अधिकारी कमांडर एस. कार्तिकेयन के साथ 20 मई को 8,849 मीटर ऊंचे पर्वत शिखर को फतह करने का कारनामा कर दिखाया था।
नौसेना ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, काम्या ने सात में से छह महादेशों के सबसे ऊंचे पर्वत शिखरों पर पहुंचने में अदम्य और सतत साहस का परिचय दिया है। भारतीय नौसेना सभी सात महादेशों के सर्वोच्च शिखरों पर फतह हासिल कर ऐसा करने वाली सबसे कम उम्र की लडक़ी बनने की उनकी महत्वाकांक्षा के लिए युवा काम्या को शुभकामनाएं देती है।
काम्या का अगला लक्ष्य इस साल दिसंबर में अंटार्कटिका का माउंट विनसन मैसीफ को फतह करना है। यह मुकाम हासिल करते ही वह सभी सात महादेशों के सर्वोच्च शिखरों पर पहुंचने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की लडक़ी बन जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2020 के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा था कि छोटी उम्र की काम्या कार्तिकेयन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
जनवरी 2021 में उन्होंने युवा पर्वतारोही (जो उस समय मात्र 13 साल की थी) से वर्चुअली संवाद किया था। उन्होंने राष्ट्रपति बाल पुरस्कार प्राप्त करने पर सौम्या को बधाई देते हुए उसे और अधिक ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिए शुभकामनाएं दी थीं।