आज के मुख्य समाचार

भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत, समुद्र में गरजेंगे 26 राफेल-एम; 50 हजार करोड़ की डील पर चर्चा आज
Posted Date : 29-May-2024 11:39:38 am

भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत, समुद्र में गरजेंगे 26 राफेल-एम; 50 हजार करोड़ की डील पर चर्चा आज

नई दिल्ली   ।  भारत और फ्रांस के बीच राफेल को लेकर एक और डील की तैयारी चल रही है। दोनों देश 50 हजार करोड़ रुपये के 26 राफेल समुद्री जेट सौदे के लिए बातचीत शुरू करने वाले हैं। 30 मई को एक उच्चस्तरीय फ्रांसीसी दल वार्ता के लिए भारत आएगा। उसके बाद दोनों देशों के अधिकारी सौदे के अनुबंध पर बातचीत शुरू करेंगे।
रक्षा उद्योग के अधिकारियों ने बताया कि फ्रांसीसी पक्ष लड़ाकू जेट सौदे पर आधिकारिक बातचीत करने के लिए रक्षा मंत्रालय के समकक्षों से मुलाकात करेगा। फ्रांसीसी दल में मूल उपकरण निर्माता डसॉल्ट एविएशन और थेल्स सहित फ्रांस के रक्षा मंत्रालय और उद्योग के अधिकारी शामिल होंगे। वहीं, भारत की ओर से रक्षा अधिग्रहण विंग और भारतीय नौसेना के सदस्य वार्ता में भाग लेंगे।
फ्रांस ने भारतीय नौसेना के विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विक्रमादित्य के लिए 26 राफेल समुद्री जेट खरीदने के लिए भारत की निविदा पर दिसंबर में ही अपनी प्रतिक्रिया जमा कर दी थी। भारत सरकार ने फ्रांसीसी प्रस्ताव का गहन मूल्यांकन किया है, जिसमें विमान के लिए वाणिज्यिक प्रस्ताव और अन्य अनुबंध विवरण शामिल हैं। अब भारतीय और फ्रांसीसी अधिकारियों के बीच कड़ी बातचीत की उम्मीद है, क्योंकि यह सौदा सरकार-से-सरकार के बीच अनुबंध है। नौसेना प्रमुख ने अपनी टीम को परियोजना की समय-सीमा में तेजी लाने का निर्देश दिया है ताकि विमानों को तेजी से अंतिम रूप देने और सूची में शामिल करने को सुनिश्चित किया जा सके।
राफेल समुद्री जेट एक मिनट में 18 हजार मीटर की ऊंचाई पर जा सकता है। यह विमान पाकिस्तान के पास मौजूद एप-16 या चीन के पास मौजूद जे-20 से काफी हद तक बेहतर है। इस विमान का रेंज 3700 किलोमीटर है। ये अपनी उड़ान वाली जगह से कितनी भी दूर हमला करके वापस लौट सकता है। राफेल की तरह इस विमान में भी हवा में ही ईंधन भरने की क्षमता होती है। इस विमान को खासतौर पर विमानवाहक युद्धपोत के लिए तैयार किया गया है।

 

सांगली में नहर में 10 मीटर नीचे गिरी कार, एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत
Posted Date : 29-May-2024 11:39:17 am

सांगली में नहर में 10 मीटर नीचे गिरी कार, एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत

सांगली   । महाराष्ट्र के सांगली में सूखी पड़ी नहर में एक कार गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। तासगांव पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर शिवाजी मांडले ने बताया कि हादसा तासगांव-मनेराजुरी रोड पर रात करीब 1.30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार ऑल्टो कार तासरी नहर में गिर गई। नहर गर्मी के कारण सूखी पड़ी थी। करीब 10 मीटर नीचे नहर में गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि परिवार बेटी का जन्मदिन मनाकर कावाथे-महाकाल से तासगांव लौट रहा था। हादसे के असली कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि परिवार में सदस्यों में से एक, जो कार ड्राइव कर रहा था, उसे गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई होगी। मांडले ने बताया कि सुबह होने पर एक स्थानीय व्यक्ति ने नहर में गिरी गाड़ी और घायल पड़े लोगों को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। मांडले ने बताया कि बचाव दल ने एकमात्र जिंदा बची 30 वर्षीय महिला स्वप्नाली वी. भोंसले को गंभीर चोटों के साथ तासगांव के लाइफकेयर अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना में मारे गए अन्य पीडि़तों की पहचान 60 वर्षीय राजेंद्र जे. पाटिल, उनकी 55 वर्षीय पत्नी सुजाता आर. पाटिल, उनकी 30 वर्षीय बेटी प्रियंका ए. खराडे, 3 वर्षीय पोते ध्रुव, 2 वर्षीय राजवी और 1 वर्षीय कार्तिकी के रूप में हुई है।
मांडले ने बताया कि कार को नहर से निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई है, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

 

केवल 12 दिन में टूट गया दिल्ली में सबसे गर्म दिन का रिकॉर्ड, 49.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया तापमान
Posted Date : 29-May-2024 11:38:42 am

केवल 12 दिन में टूट गया दिल्ली में सबसे गर्म दिन का रिकॉर्ड, 49.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया तापमान

नईदिल्ली। दिल्ली में मंगलवार को पारा 49.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो अब तक का सबसे अधिक दर्ज किया गया तापमान है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों, जैसे मुंगेशपुर और नरेला में तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। नजफगढ़ में भी 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली के सफदरजंग में तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। गौर करने वाली बात ये है कि पिछले 100 सालों में दिल्ली में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया तापमान 49.2 डिग्री सेल्सियस था, जिसे 15-16 मई 2022 को रिकॉर्ड किया गया था।
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लू लगने और हीटस्ट्रोक होने की बहुत अधिक संभावना को दर्शाता है।
स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने भीषण गर्मी के पीछे का कारण बताते हुए कहा, खुले खेतों वाले इलाकों में विकिरण (रेडिएशन) बढ़ जाता है। सीधी धूप और छाया की कमी इन क्षेत्रों को अत्यधिक गर्म बना देती है। उन्होंने आगे कहा, जब हवा पश्चिम से चलती है, तो यह सबसे पहले इन क्षेत्रों को प्रभावित करती है। चूंकि ये बाहरी इलाके होते हैं, इसलिए तापमान तेजी से बढ़ता है।
हालांकि थोड़ी राहत की उम्मीद भी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

 

बिहार में गर्मी से बुरा हाल, शेखपुरा में 50 छात्र स्कूल में बेहोश हुए
Posted Date : 29-May-2024 11:38:09 am

बिहार में गर्मी से बुरा हाल, शेखपुरा में 50 छात्र स्कूल में बेहोश हुए

0-सीएम नीतीश कुमार ने राज्य के मुख्य सचिव को स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए

पटना। प्रचंड गर्मी से उत्तर भारत के सभी राज्य तप रहे हैं। दिल्ली में तापमान जहां 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं बिहार में लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं।खबर आ रही है कि बिहार में स्कूल भीषण गर्मी में खुले हैं, जिसके कारण कई बच्चे बीमार हो रहे हैं। शेखपुरा में 50 और बेगुसराय में 18 छात्र स्कूल में ही बेहोश हो गए।बीमार बच्चों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
बिहार के स्कूल 15 अप्रैल से 15 मई तक गर्मी के कारण बंद हुए थे। इसके बाद स्कूल सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक चल रहे हैं।अभी तक 9 जिलों में 80 बच्चों के बीमार होने की खबर आई है, जिसमें बेगूसराय, शेखपुरा, सीवान, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका और कटिहार शामिल है। यहां तापमान 42 से 48 डिग्री के बीच बना हुआ है।कुछ बच्चों को स्कूल से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार में गर्मी के कारण स्कूलों में बीमार होने की घटना के कारण सीएम नीतीश कुमार ने राज्य के मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा को निर्देश दिए . अब सभी तरह के स्कूल, कोचिंग और शिक्षण संस्थान आठ जून तक पूर्ण रूप से बंद रखे जाएंगे.

 

अब दोपहर 12 से 3 बजे तक काम नहीं करेंगे मजदूर
Posted Date : 29-May-2024 11:37:50 am

अब दोपहर 12 से 3 बजे तक काम नहीं करेंगे मजदूर

0-दिल्ली में उपराज्यपाल का बड़ा फैसला

नईदिल्ली। देश के कई राज्यों में दिनों सूरज का सितम जारी है. कई इलाकों में तो हालात यह है कि पारा 50 डिग्री सेल्सियस यानी हाफ सेंचुरी लगा चुका है. राजस्थान, हरियाणा और राजधानी  दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी का सामना कर रही है. उत्तर भारत में सूजर की तपिश ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. कई लोग घरों से निकलने में भी दो बार सोच रहे हैं तो जो लोग निकल रहे हैं वो हीट वेव यानी लू का चपेट में आ जा रहे हैं.
इस बीच  दिल्ली में उपराज्यपाल ने बड़ा फैसला लिया है. प्रचंड गर्मी के चलते राजधानी दिल्ली में दोपहर 12 से 3 बजे तक तक मजदूरों को काम से छूट दी गई है. यानी इस दौरान वर्कर ब्रेक ले सकेंगे. खास बात यह है कि मजदूरों के इस राहत के बदले उनकी सैलरी भी नहीं काटी जाएगी. 
 दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना के आदेश के मुताबिक अब दिल्ली में प्रचंड गर्मी के बीच मजदूरों को बड़ी राहत दी गई है. इसके तहत उन्हें तीन घंटे काम से ब्रेक मिलेगा. इस छुट्टी के बदले श्रमिकों का वेतन भी नहीं काटा जाएगा. यानी सवेतन वह तीन घंटे की छुट्टी ले सकेंगे. 
इसके साथ ही एलजी ने निर्माण स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पानी और नारियल पानी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है. इसके साथ-साथ बस स्टैंड जैसे जगहों पर घड़ों में पर्याप्त पानी रखने के लिए भी उपराज्यपाल की ओर से निर्देश दिए गए हैं. 
दूसरी तरफ उपराज्यपाल ने समर हीट एक्शन प्लान पर काम न करने को लेकर  दिल्ली सीएम की आलोचना भी की. उन्होंने कहा कि  दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी डीडीए पहले से (20 मई) ही इस प्लान पर काम कर रही है ,लेकिन आप सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड, पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट, दिल्ली नगर निगम जैसे कार्यालयों में ये काम नहीं किया. 

 

गुजर गया चक्रवात रेमल, पीछे छोड़ गया तबाही के निशान, पूर्वोत्तर के राज्यों में गई 37 लोगों की जान
Posted Date : 29-May-2024 11:37:14 am

गुजर गया चक्रवात रेमल, पीछे छोड़ गया तबाही के निशान, पूर्वोत्तर के राज्यों में गई 37 लोगों की जान

नईदिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात रेमल अब गुजर चुका है लेकिन ये अपने पीछे तबाही के निशान छोड़ गया है. जिसका दर्द कई परिवारों को सालों तक तड़पाएगा. चक्रवात रेमल रविवार देर रात बांग्लादेश और बंगाल के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया. लेकिन इनसे पूर्वोत्तर के राज्यों में तबाही मचा दी. जिससे अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है. सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य मिजोरम है. जहां चक्रवात रेमल के कारण भारी बारिश हुई. मिजोरम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में 37 लोगों की मौत के अलावा अब भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं.
वहीं सैकड़ों लोग राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर हैं. भारी बारिश से सैकड़ों घर नष्ट हो गए हैं और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं. मिज़ोरम इस क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित राज्य रहा है. राज्य सरकार ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि चक्रवात रेमल ने मिजोरम की राजधानी आइजोल के मेल्थम, ह्लिमेन, फाल्कन और सलेम वेंग इलाकों में 27 लोगों की मौत हो गई. राहत टीमों ने अब तक 27 लोगों के शव बरामद किए हैं, शहर में खोज और बचाव अभियान जारी रहने के कारण मरने वालों की संख्या बढऩे की संभावना है.
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालडुहोमा ने 15 करोड़ रुपये और मृतक आश्रितों को 4 लाख की अनुग्रह राशि राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) से देने का ऐलान किया है. इसके अलावा, अधिकारियों ने पुष्टि की कि चक्रवात के बाद राज्य में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण असम में चार लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए. असम के सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, जिससे 12 बच्चे घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वहीं चक्रवात रेमल के कारण हुई भारी बारिश ने नागालैंड में चार लोगों के मारे जाने की खबर है. यहां 40 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है, राज्य अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की. चक्रवात के आने के एक दिन बाद एनडीआरएफ ने खोज अभियान में मदद के लिए एक अंडरवाटर ड्रोन तैनात किया. राज्य में विनाशकारी हवा की गति के कारण कई घर और पेड़ गिर गए, जिससे राज्य के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान मुश्किल हो गया है.
अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात रेमल के बाद मेघालय में भारी बारिश के कारण दो लोगों की मौत हुई है. साथ ही 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि एक की मौत पूर्वी जैंतिया हिल्स में और एक की मौत पूर्वी खासी हिल्स जिले में कार दुर्घटना में हुई है. इससे पूर्वोत्तर राज्यों में मरने वालों की कुल संख्या 37 हो गई.