आज के मुख्य समाचार

देश में अवैध रूप से घुसे चीनी नागरिक की अस्पताल में मौत
Posted Date : 11-Jun-2024 9:57:35 pm

देश में अवैध रूप से घुसे चीनी नागरिक की अस्पताल में मौत

  • 0-आत्महत्या की नीयत से खुद को किया था जख्मी

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में इलाजरत चीन के एक नागरिक की मंगलवार को मौत हो गई। उसे भारत में अवैध रूप से घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुजफ्फरपुर के ब्रहपुरा थाना क्षेत्र में छह जून को बिना वीजा के देश में घुसने के आरोप में पकड़ा गया चीनी नागरिक ली जियाकी की मंगलवार की सुबह मौत हो गई।
आत्महत्या के प्रयास के बाद घायल अवस्था में चीनी नागरिक को श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ली जियाकी को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा भेज दिया गया था। जेल में जियाकी ने सात जून को आत्महत्या का प्रयास किया था। बंदियों से पूछताछ में पता चला था कि चीनी नागरिक ने अपने चश्मे के शीशे को तोडक़र खुद को जख्मी करने का प्रयास किया था, जिससे वह शौचालय में ही बेहोश हो गया।
जेल प्रशासन ने जियाकी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उस समय जेल प्रशासन ने कहा था कि जियाकी ने आत्महत्या की कोशिश की है। इलाज के दौरान शरीर के कई अंगों में घाव के गहरे निशान मिले थे। उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मंगलवार सुबह जियाकी की मौत हो गई।
जेल अधीक्षक ब्रजेश मेहता ने चीन के नागरिक की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आगे विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

 

सोने की तस्करी मामले में दो विदेशी महिला मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार
Posted Date : 11-Jun-2024 9:56:06 pm

सोने की तस्करी मामले में दो विदेशी महिला मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने अलग-अलग मामलों में दो विदेशी महिला नागरिकों के पास से 19.15 करोड़ रुपये मूल्य का कुल 32.79 किलोग्राम सोना जब्त किया है। जिसकी जानकारी एक अधिकारी की ओर से मंगलवार को साझा की गई।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार को शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद अफ्रीकी देशों से आई दोनों महिला यात्रियों को संदेह के आधार पर तलाशी ली गई। दोनों मामलों में अंत:वस्त्रों और सामान में छिपाया गया सोना मिला। महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
मुंबई एयरपोर्ट सीमा विभाग ने 19.15 करोड़ रुपये कीमत का 32.79 किलोग्राम सोना जब्त किया है।
दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और सीमा शुल्क अधिकारी फिलहाल इस बात की जांच कर रहे हैं कि उन्हें सोना किसने सप्लाई किया था और इसे मुंबई में किस तक पहुंचाया जाने वाला था।

 

मुंबई एयरपोर्ट पर ईगेट की संख्या बढक़र 68 हुई, देश में सर्वाधिक
Posted Date : 11-Jun-2024 9:55:26 pm

मुंबई एयरपोर्ट पर ईगेट की संख्या बढक़र 68 हुई, देश में सर्वाधिक

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर टर्मिनल एंट्री प्वाइंट्स या ईगेट की संख्या 24 से बढक़र 68 हो गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि यह देश के किसी भी हवाई अड्डे पर ईगेट की सर्वाधिक उपलब्धता है।
बढ़ी हुई क्षमता के साथ सीएसएमआईए के टर्मिनल 2 पर एक घंटे में 7,440 यात्रियों और टर्मिनल 1 पर 2,160 यात्रियों को प्रवेश मिल सकेगा। यह मौजूदा क्षमता से तीन गुना है। इससे सुरक्षा जांच के लिए यात्रियों का प्रतीक्षा समय एक मिनट से भी कम रह जाएगा।
इससे डिजी यात्रा और गैर-डिजी यात्रा वाले, दोनों तरह के यात्रियों को आसानी होगी।
हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने डिजी यात्रा के विस्तार के बारे में कहा, ईगेट की संख्या बढ़ाकर और एडवांस बायोमेट्रिक सिस्टम से जोडक़र हम हमारे सभी यात्रियों के लिए सहज, सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सीएसएमआईए के डिजिटल गेटवे में प्रौद्योगिकी, प्रक्रिया की उत्कृष्टता, बिग डाटा एनालिटिक्स और डिजाइन का संयोजन है जो यात्रियों को अनुकरणीय यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।
बिना किसी बड़े सिविल वर्क के टर्मिनल एंट्री प्वाइंटों की संख्या 24 से बढ़ाकर 68 की गई है।
हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर विशेष रूप से डिजी यात्रा के लिए 28 ईगेट और गैर-डिजी यात्रा के लिए 28 गेट हैं।
टर्मिनल 1 पर विशेष रूप से डिजी यात्रा के लिए छह ईगेट और गैर-डिजी यात्रा के लिए छह गेट हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके अलावा प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच के लिए 118 अतिरिक्त ईगेट बनाये जा रहे हैं।

 

योगी सरकार का एक्शन, ट्रांसफर पॉलिसी से लेकर सैलरी पर लिए बड़े फैसले
Posted Date : 11-Jun-2024 9:54:25 pm

योगी सरकार का एक्शन, ट्रांसफर पॉलिसी से लेकर सैलरी पर लिए बड़े फैसले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल योगी सरकार ने कर्मचारियों से जुड़े बड़े फैसले लिए हैं. मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की कैबिनेट मीटिंग बुलाई थी. इस बैठक में ट्रांसफर से लेकर सैलरी बढ़ोतरी से जुड़ी कई मामलों पर बड़े फैसले लिए गए. बैठक में यूपी के सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर से जुड़ा अहम निर्णय भी लिया गया है. इसके तहतत अब ग्रुप सी और डी स्तर के सरकारी कर्मचारियों के तबादले मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे. 
योगी सरकार ने 11 जून को कैबिनेट मीटिंग में सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर पॉलिसी से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय लिया. इसके तहत सी और डी स्तर के सरकारी कर्मियों के तबादले अब मानव संपदा पोर्टल के जरिए होंगे. यही नहीं अब आसानी से किसी भी सरकारी कर्मचारी के ट्रांसफर किए जा सकेंगे. इस बैठक में योगी सरकार ने 41 प्रस्तावों को तुरंत मंजूरी दे दी है. दरअसल मीटिंग के दौरान 42 प्रस्ताव पेश किए गए थे, इनमें से एक प्रस्ताव पर सहमति नहीं बनी जबकि बाकी 41 प्रस्तावों को पास कर दिया गया. 
तबादला नीति में क्या बदलाव
- योगी सरकार ने तबादला नीति में अहम बदलाव के बाद इसे आसान बना दिया है. 
- मानव संपदा पोर्टल के जरिए ट्रांसफर होंगे. 
- विभागाध्यक्षों को महज 19 दिन में ट्रांसफर मिल जाएगा. 
- 30 जून तक सभी विभागाध्यक्ष कर सकेंगे ट्रांसफर
- नई नीति में ग्रुप क और ख के कर्मचारियों की कुल संख्या का 20 फीसदी हो सकेगा ट्रांसफर
- वहीं ग और घ के कर्मचारियों का अधिकतम 10 फीसदी ट्रांसफर ले सकेंगे. 
सैलरी में भी होगा इजाफा
कैबिनेट मीटिंग पर योगी सरकार ने वेतन वृद्धि से जुड़ा अहम फैसला लिया है. दरअसल सरकार के फैसले के तहत वेतन वृद्धि से एक दिन पहले रिटायर होने वाले राज्य कर्मचारियों को भी मिलेगा वेतन वृद्धि का लाभ दिए जाने का फैसला लिया गया है. 
इन फैसलों पर लगी मुहर
- ग्रेटर नोएडा में 500 बेड के अस्पताल को मिली मंजूरी
- आईआईटी कानपुर में बनेगा मेडिकल रिसर्च सेंटर
- लखीमपुर में एयरपोर्ट के विस्तार को मंजूरी, इसके तहत आने वाले गांवों की 655 एकड़ जमीन अधिग्रहण की जाएगी. 
- बरेली में फ्यूचर यूनिवर्सिटी तो गाजियाबाद में एचआरआईटी यूनिवर्सिटी को भी बैठक में मिली मंजूरी. 
- हुडको से 100 करोड़ के लिए लोन की गारंटी सरकार लेगी

 

मोदी कैबिनेट में विभागों का हुआ बंटवारा; शाह ही संभालेंगे गृह, सिंह के हाथ में रक्षा
Posted Date : 10-Jun-2024 11:08:17 am

मोदी कैबिनेट में विभागों का हुआ बंटवारा; शाह ही संभालेंगे गृह, सिंह के हाथ में रक्षा

  • जेपी नड्डा को मिला स्वास्थ्य मंत्रालय, गड़करी रिपीट तो शिवराज, खट्टर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बनी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है।नागपुर से सांसद नितिन गडकरी को फिर से सडक़ परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। अमित शाह को दोबारा गृह, राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय और एस जयशंकर को विदेश मंत्रालय सौंपा गया है।मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और रसायन और उर्वरक मंत्री बनाया गया है। इससे पहले वे 2014 में भी मंत्री बनाए गए थे।निर्मला सीतारमण पर बतौर वित्त मंत्री दोबारा भरोसा जताया गया है।हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को आवास और शहरी मामलों के मंत्री और बिजली मंत्री, धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री और पीयूष गोयल को वाणिज्य और उद्योग मंत्री नियुक्त किया गया है।
एचडी कुमारस्वामी को भारी उद्योग और स्टील मंत्रालय, जीतन राम मांझी को सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को पंचायती राज, मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, गिरिराज सिंह को कपड़ा मंत्रालय, अश्विनी वैष्णव को रेल, आईटी, सूचना एवं प्रसारण, ज्योतिरादित्य सिंधिया को टेलीकॉम और उत्तर-पूर्व क्षेत्र के विकास का मंत्रालय, भूपेंद्र यादव को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, गजेंद्र सिंह शेखावत को कला पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्नपूर्णा देवी यादव को महिला और बाल विकास मंत्री बनाया गया है। अब तक स्मृति ईरानी इस मंत्रालय को संभाल रही थीं, लेकिन वे चुनाव हार गई हैं।किरेन रिजिजू को संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री, हरदीप सिंह पुरी को पेट्रोलियम मंत्री, मनसुख मंडाविया को श्रम और रोजगार और खेल मंत्री, जी किशन रेड्डी को कोयला और खान मंत्री, चिराग पासवान को खाद्यप्रसंस्करण मंत्री और सीआर पाटिल को जल शक्ति मंत्री बनाया गया है।
राव इंद्रजीत सिंह को सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, योजना मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।जितेन्द्र सिंह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग राज्य मंत्री तथा अंतरिक्ष विभाग राज्य मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।अर्जुन राम मेघवाल को कानून एवं न्याय मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
एनडीए के सहयोगियों में कुमारस्वामी, जीतन राम मांझी, ललन सिंह, चिराग पासवान और किंजरापु राममोहन नायडू को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।जाधव प्रतापराव गणपतराव को आयुष मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।जयंत चौधरी को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है।सहयोगी पार्टियों के 4 अन्य नेताओं को भी राज्य मंत्री बनाया गया है।
 
शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि वह अपने मंत्रिपरिषद के साथ मिलकर काम करते हुए देश के 140 करोड़ लोगों की सेवा करने और देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, मंत्रियों की यह टीम युवा और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण है. हम लोगों के जीवन में सुधार के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे. पीएम मोदी पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले दूसरे व्यक्ति हैं.
 
यहां देखें पूरी लिस्ट
             नाम                                   मंत्रालय
अमित शाह            -           गृह मंत्रालय
राजनाथ सिंह            -            रक्षा मंत्रालय
नितिन गडकरी            -           सड़क परिवहन मंत्रालय
जेपी नड्डा            -            स्वास्थ्य मंत्रालय
धर्मेंद्र प्रधान            -           शिक्षा मंत्रालय
जीतन राम मांझी            -           एमएसएमई मंत्रालय
राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह)            -           पंचायती राज मंत्रालय
सर्बानंद सोनोवाल            -            पोर्ट और शिपिंग का पुराना मंत्रालय
डॉ वीरेंद्र कुमार            -           सामाजिक न्याय एवं कल्याण मंत्रालय
राममोहन नायडू            -           नागरिक उड्डयन मंत्रालय
प्रल्हाद जोशी            -           उपभोक्ता मंत्रालय
जुएल ओरांव            -           जनजातीय कार्य मंत्रालय
गिरिराज सिंह            -            कपड़ा मंत्रालयअश्वनी वैष्णव
अश्वनी वैष्णव            -           सूचना प्रसारण मंत्रालय एवं रेल मंत्रालय 
ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया            -            दूरसंचार मंत्रालय
गजेन्द्र सिंह शेखावत            -           संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री
अन्नपूर्णा देवी            -           महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
किरेन रिजिजू            -           संसदीय कार्य मंत्री 
हरदीप सिंह पुरी           -            पेट्रोलियम मंत्रालय
डॉ मनसुख मंडाविया           -            श्रम मंत्रालय
चिराग पासवान            -           खाद्य प्रसंस्करण उद्योग
सीआर पाटील           -            जल शक्ति मंत्रालय 
राव इंद्रजीत सिंह           -           संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यभार संभाला, किसानों से जुड़ी पहली फाइल पर किए हस्ताक्षर
Posted Date : 10-Jun-2024 11:03:59 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यभार संभाला, किसानों से जुड़ी पहली फाइल पर किए हस्ताक्षर

नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। सोमवार को प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचे मोदी का स्वागत कर्मचारियों ने ताली बजाकर किया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले किसानों से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने किसानों निधि की 17वीं किस्त जारी कर दी है। किसान निधि जारी होने से 9.3 करोड़ किसानों को लाभ होगा और लगभग 20,000 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। अब तक किसानों को 16 किस्तें जारी हो चुकी हैं।
नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार शपथ ली थी। उनके साथ 71 और सांसदों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ ही मोदी जवाहरलाल नेहरू के बाद तीसरी बार शपथ लेने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। 
शपथ लेते ही मोदी ने अपने नाम कई बड़े रिकॉर्ड किए हैं। वे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं।इसके अलावा वे स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के अलावा एकमात्र ऐसे व्यक्ति बन गए हैं, जिन्होंने अपने नेतृत्व में लगातार 3 लोकसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाई है।वे आजादी के बाद से 3 बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले तीसरे व्यक्ति भी बन गए हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की तीसरी सरकार में वह सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री पद के लिए चुने गए हैं। उनके साथ कई अन्य मंत्रियों और राज्य मंत्रियों ने शपथ ली।बता दें कि 18वीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में 543 में से एनडीए को 292 सीटें मिली हैं, जबकि इंडिया गठबंधन को 234 सीटें मिली हैं।