आज के मुख्य समाचार

मिजोरम चुनाव के लिए मोदी ने लगाया सलमान खान पर दांव!
Posted Date : 23-Nov-2018 1:46:17 pm

मिजोरम चुनाव के लिए मोदी ने लगाया सलमान खान पर दांव!

नई दिल्ली ,23 नवंबर । मिजोरम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी  ने बॉलीवुड के दंबग अभिनेता सलमान खान दांव लगाया है। दरअसल बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान मिजोरम विधानसभा चुनाव में के भाजपा के लिए प्रचार करेंगे। सलमान के प्रचार के लिए मिजोरम में 28 नवंबर की तारीख तय की गई है। 
हालांकि भारतीय जनता पार्टी की तरफ से चुनाव आयोग को दी गई पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सलमान खान का नाम नहीं है लेकिन राज्य में भाजपा की कमजोर स्थिति को देखते हुए पार्टी को मिजोरम में सलमान खान की लोकप्रियता का ही आसरा है। सलमान खान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और अपने दोस्त किरण रिजिजू के साथ असाम रवाना हो गए और डिब्रूगढ़ से हेलीकॉप्टर के द्वारा मिजोरम जाएंगे।सलमान खान की फिल्म भारत की लुधियाना में शूटिंग चल रही है और गुरुवार को सुबह अचानक सलमान खान हलवारे के एयरफोर्स स्टेशन से असम के लिए रवाना हुए। सलमान को लेने के लिए किरण रिजिजू भी हलवारा एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे थे।
मिजोरम कांग्रेस के लिए क्यों है महत्वपूर्ण
मिजोरम कांग्रेस के लिए भी महत्वपूण है क्योंकि उसके शासन वाला यह पूर्वोत्तर का अंतिम राज्य है। केवल दो साल पहले कांग्रेस की असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर सहित इस क्षेत्र के पांच राज्यों में सरकार थी। कांग्रेस 2008 से मिजोरम में सत्ता में हैं और वह लगातार तीसरी जीत पर नजर बनाए हुए है। निवर्तमान विधानसभा में कांग्रेस के 34 विधायक हैं जबकि एमएनएफ के पांच और मिजोरम पीपुल्स कांफ्रेंस का एक विधायक है। कांग्रेस ने 2013 में अपनी सीटों में इजाफा किया था। वर्ष 2008 में उसके पास 32 सीटें थीं लेकिन भाजपा इस बार सत्ता हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रही है। इससे पहले पूर्वोत्तर के दो अन्य ईसाई बहुल राज्यों मेघालय और नगालैंड में भाजपा ने दूसरे स्थान पर रहीं पार्टियों के साथ हाथ मिलाकर सरकार बना ली और सर्वाधिक सीटों वाली पार्टी (मेघालय में कांग्रेस सहित) सरकार नहीं बना पाई।

गोला-बारूद के साथ इनामी अपराधी गिरफ्तार
Posted Date : 23-Nov-2018 1:43:17 pm

गोला-बारूद के साथ इनामी अपराधी गिरफ्तार

0-इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में पुलिस कार्रवाई
प्रयागराज ,23 नवंबर । उत्तर प्रदेश पुलिस ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के हॉस्टल व शहर के विभिन्न इलाकों से भारती मात्रा में बम-बारूद बरामद किया है। गुरुवार की देर रात पुलिस ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के ही ताराचंद्र हॉस्टल में छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। साथ ही जिंदा बम, कारतूस एवं पिस्टल भी बरामद किए गए। इस छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान इनामी छात्र नेता आकाश भी धर दबोची। 
पुलिस के मुताबिक, आकाश पर 20,000 का इनाम था। इलाहाबाद में बुधवार को भाजपा नेता व पूर्व पार्षद राजू शुक्ला के घर हुई बम-बाजी में भी वह नामजद किया गया था। बताया जा रहा है कि जहां बम बनाने की सामग्री मिली, वहीं ढाई किलो बारूद भी बरामद किया गया।
आकाश सिंह पर कर्नलगंज थाने में ही 6 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। छात्र राजनीति में अपना सिक्का चलाने वाले आकाश सिंह की भी गिनती उन आपराधिक नेताओं में से की जाती थी जो यूनिवर्सिटी की राजनीति में मठाधीश के रूप में राजनीति को प्रभावित करते हैं। आकाश सिंह, जेल से चुनाव लडऩे वाले जेल से चुनाव जीतने वाले अभिषेक सिंह माइकल का बेहद करीबी है। बुधवार रात सलोरी में राजू शुक्ला के घर फायरिंग-बमबाजी में भी उस पर व उसके पांच करीबी पर नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है।
एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के ताराचंद छात्रावास में छापेमारी की गई थी हॉस्टल से आकाश को पिस्टल, दो मैगजीन व पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। आकाश के साथ उसका अपराधिक साथी भाष्कर भी पकडा गया है। जबकि हॉस्टल से ही 10 बम व ढाई किलो बारूद भी मिला। बम डिस्पोजल स्च्ॉड की टीम ने बमों को निष्क्रिय कर दिया है।

स्टैचू ऑफ यूनिटी से ज्यादा ऊंची होगी आंध्र प्रदेश की नई विधानसभा बिल्डिंग
Posted Date : 23-Nov-2018 1:41:37 pm

स्टैचू ऑफ यूनिटी से ज्यादा ऊंची होगी आंध्र प्रदेश की नई विधानसभा बिल्डिंग

0-नायडू ने फाइनल किया डिजाइन
विजयवाड़ा,23 नवंबर । आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की राजनीतिक महत्वाकांक्षा सिर्फ देशभर में ऐंटी-बीजेपी गठबंधन का विस्तार करने और सीबीआई को राज्य में प्रवेश से रोकने तक ही नहीं सीमित है। अब उन्होंने बताया है कि अमरावती में प्रस्तावित आंध्र प्रदेश विधानसभा बिल्डिंग विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैचू ऑफ यूनिटी से 68 मीटर ज्यादा ऊंची होगी। एक बार तैयार होने के बाद यह देश की सबसे ऊंची इमारत होगी। बता दें, स्टैचू ऑफ यूनिटी की ऊंचाई 182 मीटर है।
नायडू ने नई विधानसभा का डिजाइन लगभग फाइनल कर लिया है, जिसमें कुछ छोटे बदलाव कर इसका ब्लूप्रिंट राज्य सरकार यूके बेस्ड नॉर्मा फॉस्टर्स ऑर्कीटेक्ट्स को देगी। नई विधानसभा में तीन मंजिलें होंगी और एक 250 मीटर ऊंचा आसमान छूता टावर लगाया जाएगा। नायडू ने उस समय यह घोषणा की है जब स्टैचू ऑफ यूनिटी के उद्घाटन के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में (कथित 201 मीटर ऊंची) भगवान राम की प्रतिमा बनाने का दावा कर चुके हैं।
कर्नाटक में मां कावेरी की 125 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने की तैयारी 
कर्नाटक सरकार भी मां कावेरी की 125 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने की तैयारी में है। राज्य मंत्री पी नारायण ने कहा कि नायडू द्वारा प्रस्तावित विधानसभा भवन का ढांचा किसी उल्टे लिली के फूल जैसा लगेगा। सरकार इसके लिए नवंबर में टेंडर निकालेगी और पूरी प्रक्रिया दो साल में पूरी होने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें दो गैलरीज होंगी जिसमें एक की लंबाई 80 मीटर तो वहीं दूसरी की लंबाई 250 मीटर होगी। यहां से अमरावती शहर की झलक देखने को मिलेगी। 
पी. नारायण ने बताया कि सीएम नायडू में इसमें कुछ बदलाव करने को कहा है, जिसके बाद अगले कुछ दिन में मॉडल तैयार हो जाएगा। नायडू ने भवन की पांच अन्य इमारतों के मॉडल भी फाइनल कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि सीआरडीए अधिकारियों को टेंडर का ड्रॉफ्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं।

सिग्नेचर ब्रिज से नीचे गिरे दो बाइकसवार, मौत
Posted Date : 23-Nov-2018 1:40:15 pm

सिग्नेचर ब्रिज से नीचे गिरे दो बाइकसवार, मौत

नई दिल्ली ,23 नवंबर । दिल्ली में सेल्फीबाजों के लिए हॉटस्पॉट बने सिग्नेचर ब्रिज पर शुक्रवार को दो बाइकर्स की नीचे गिरने से मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक बाइक बेहद तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई, जिससे दोनों बाइकर्स नीचे जा गिरे। पुलिस के मुताबिक पहली नजर में यह एक हादसा लग रहा है। बता दें कि पहले ऐसी खबर आई थी कि युवक बाइक पर स्टंट कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक केटीएम ड्यूक बाइक पर सवार थे। दिल्ली पुलिस ने बताया कि तिमारपुर पुलिस स्टेशन की पीसीआर वैन को सुबह करीब साढ़े आठ बजे इस हादसे की सूचना मिली। यह हादसा सिग्नेचर ब्रिच के लेफ्ट टर्न लूप पर हुआ। बाइकसावर काफी तेज रफ्तार में थे, जिसका कारण बाइक डिवाइडर से टकरा गई और दोनों बाइकर्स ब्रिज से नीचे गिर गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान नहीं हो पाई है।
मृतकों में से एक की पहचान 23 साल के डॉ. सत्य विजय के रूप में हुई है, जो रांची के रहने वाले थे। वह हिंदू राव अस्पतला में इंटर्नशिप कर रहे थे। दूसरे मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस इस घटना को हादसा ही मान रही है। पुलिस ने कहा कि हादसा ब्रिज के लेफ्ट टर्न पर हुआ, इसलिए यह स्टंट का मामला नहीं लग रहा है। पुलिस ने कहा कि यह हादसा सेल्फी लेने के दौरान हुआ भी नहीं लग रहा है, क्योंकि हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। दोनों काफी ऊंचाई से नीचे गिरे।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों से सुबह तक यह पता चला था है कि जिस बाइक से हादसा हुआ है, वह किसी सत्या विजय शंकरण के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो किसी अस्पताल में काम करता है। बाइक पर सत्या ही सवार था, या कोई और, इस बारे में दोपहर तक जानकारी सामने आ सकती है।

पीएम मोदी ने दी गैस परियोजना की सौगात
Posted Date : 23-Nov-2018 7:13:48 am

पीएम मोदी ने दी गैस परियोजना की सौगात

0-देश के 129 जिलों को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली ,22 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीरवार को स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता के लिए शहरी गैस वितरण (सीजीडी) परियोजनाओं को हरी झंडी दिखा दी है। उन्होंने दिल्ली के विज्ञान भवन से ही बुलंदशहर में भी सीएनजी व पीएनजी परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से 129 जिलों को लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा मुख्य फोकस लोगों तक गैस की आपूर्ति करना है। इससे 2 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। हमें दुनिया को यह दिखाना है कि बिना पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए भी विकास हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2014 तक देश में 13 करोड़ स्च्ळ कनेक्शन दिए गए थे, यानि 60 साल में 13 करोड़ कनेक्शन। देश में सारे संसाधन वही हैं, लोग वही हैं लेकिन पिछले 4 साल में लगभग 12 करोड़ कनेक्शन दिए जा चुके हैं। मोदी ने कहा कि घरेलू गैस कवरेज का जो दायरा 2014 के पहले सिर्फ 55 प्रतिशत था, अब बढक़र लगभग 90 प्रतिशत: हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर मैं कहूं कि साल 2014 में देश के लोगों ने सिर्फ सरकार ही नहीं बदली, बल्कि सरकार की कार्यशैली, कार्यसंस्कृति और योजनाओं को लागू करने का तरीका भी बदल दिया है तो गलत नहीं होगा। 
क्या होगा परियोजना से लाभ 
बता दें कि यह परियोजना 300 करोड़ की लागत से शुरू होगी जिसके तहत पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाने का काम शहर-शहर किया जाएगा। इस परियोजना की जिम्मेदारी इंडियन ऑयल और अदाणी ग्रुप को मिली है। कंपनी को बुलंदशहर के अलावा अलीगढ़ और हाथरस को भी कमान मिली है। परियोजना के अंतर्गत 129 जिलों में 65 भौगोलिक क्षेत्रों में काम की शुरुआत होगी। इसमें अगले 8 वर्षों में करीब 1.43 लाख घरेलू पीएनजी कनेक्शन, 46 सीएनजी पंपों की स्थापना और 1662 इंच-किलोमीटर पाइप लाइन शामिल है। 

मुंबई में सडक़ों पर हजारों अन्नदाता, ट्रैफिक अलर्ट
Posted Date : 23-Nov-2018 7:06:28 am

मुंबई में सडक़ों पर हजारों अन्नदाता, ट्रैफिक अलर्ट

0-सीएम फडणवीस बोले-खुद करूंगा किसानों से मुलाकात
मुंबई ,22 नवंबर । सूखे के लिए मुआवजा और आदिवासियों को वन अधिकार सौंपे जाने की मांग को लेकर महाराष्ट्र के हजारों किसान और आदिवासी सडक़ों पर उतर आए हैं। किसानों का मार्च सडक़ पर चल रहा है और कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। किसानों की तादाद और उनके गुस्से को देखते हुए ट्रैफिक अलर्ट जारी किया गया है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने खुद किसानों से बात करने की बात कही है।
गुरुवार की सुबह पांच बजे किसानों ने चुन्नाभाटी से सुबह पांच बजे यात्रा शुरू की। वह यहां से विधानसभा कूच करेंगे और आजाद मैदान पहुंचेंगे। ऐसे में प्रशासन सतर्क हो गया है और भारी तादाद में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मुंबई पुलिस ने ट्रैफिक अलर्ट भी जारी किया है। 
दादर की तरफ बढ़े किसान 
साउथ मुंबई से शुरू हुई किसानों की यात्रा जेजे फ्लाइओवर, लालबाग फ्लाइओवर और परेल फ्लाइओवर होते हुए दादर की तरफ बढ़ रही है। ट्रैफिक पुलिस ने इन इलाकों की ओर जा रहे और वहां से आ रहे ट्रैफिक के लिए अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को शुरू हुई थी यात्रा 
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार दोपहर से पैदल यात्रा शुरू की थी। पैदल यात्रा करते हुए वह सायन के सोमैया मैदान पहुंचे और रात में यहीं डेरा डाल दिया। कार्यक्रम के मुताबिक, किसानों की योजना विधानभवन का घेराव करने की भी है। उन्हें विधानभवन की तरफ जाने से रोकने के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
ये हैं किसानों की मुख्य मांगें 
किसान स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने की मांग कर रहे हैं। स्वामीनाथन रिपोर्ट में यह सुझाव दिया गया है कि जमीन और पानी जैसे संसाधनों तक किसानों की निश्चित रूप से पहुंच और नियंत्रण होना चाहिए। वे न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने और इसे लागू करने के वास्ते न्यायिक तंत्र की भी मांग कर रहे हैं। 
किसान कृषि संकट से निपटने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और राज्य में बीजेपी की सरकार द्वारा पिछले साल घोषित कर्ज माफी पैकेज को उचित तरीके से लागू करने, किसानों के लिए भूमि अधिकार और खेतिहर मजदूरों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।