आज के मुख्य समाचार

22 जनवरी को 12.20 से 1 बजे तक चलेगी राम लला की प्राण प्रतिष्ठा, महासचिव चंपत राय ने बताई समारोह से जुड़ी हर जानकारी
Posted Date : 16-Jan-2024 4:43:36 am

22 जनवरी को 12.20 से 1 बजे तक चलेगी राम लला की प्राण प्रतिष्ठा, महासचिव चंपत राय ने बताई समारोह से जुड़ी हर जानकारी

अयोध्या। 22 जनवरी को होने वाले श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के संबंध में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चंपत राय ने अहम जानकारी देते हुए बताया कि प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को दोपहर 12.20 से 1 बजे तक चलेगी। इसके बाद सभी महानुभाव, प्रधानमंत्री, डॉ. मोहन भागवत और मुख्यमंत्री अपने मनोभाव प्रकट करेंगे। इसके अलावा देशभर के 150 से अधिक संतों को समारोह का न्योता भेजा गया है। 22 जनवरी को सूर्यास्त 5 बजकर 45 मिनट पर होगा। उसके बाद अयोध्या में प्रभु की प्रसन्नता के लिए अयोध्या में दीप जलाए जाएंगे।
पीएम का कहना है ऐसा ही पूरे देश के लोग करें। प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों को पूरा करने के लिए 20 और 21 जनवरी को राम लला के दर्शन बंद रहेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के दिन परिसर में 8000 कुर्सियां लगाई जाएंगी। कर्मकांड की सभी विधि वाराणसी के लक्ष्मीकांत दीक्षित जी के द्वारा संपन्न होगी। प्राण प्रतिष्ठा की विधी कल यानी 16 जनवरी से शुरू हो जाएगी और पूजन विधि 21 जनवरी तक चलेगी. मंदिर में भगवान राम के बालरूप को स्थापित किया जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट के चंपत राय ने बताया कि रामलला को 18 जनवरी को गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। मूर्ति का वजन 120 से 200 किलो है। खड़ी प्रतिमा 5 वर्ष के बालक के स्वरुप की होगी। मसलन, 18 जनवरी को प्रतिमा आसन पर खड़ी कर जाएगी।

 

देशभर में होगा 1 लाख करोड़ का बिजनेस, राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कारोबारियों में उत्साह
Posted Date : 16-Jan-2024 4:43:19 am

देशभर में होगा 1 लाख करोड़ का बिजनेस, राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कारोबारियों में उत्साह

अयोध्या। 22 जनवरी को श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले देश में एक लाख करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है। यह दावा किया है कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने। दावे के मुताबिक 22 जनवरी से पहले देशभर में व्यापारी एवं दूसरे सामाजिक संगठनों द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। इससे पहले कैट ने 50 हजार करोड़ रुपये का व्यापार का अनुमान लगाया था, लेकिन जिस प्रकार से दिल्ली सहित देशभर के लोगों में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जबरदस्त उत्साह है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि देश में एक लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
वहीं जिस तरह से श्री राम मंदिर के मॉडल की माँग में तेज़ी से वृद्धि हुई है उसको देखते हुए देश भर में 5 करोड़ से अधिक मॉडल की बिक्री होने की संभावना है। मॉडल तैयार करने ही लिए देश के विभिन्न शहरों में दिन रात काम चल रहा है। बड़े पैमाने पर म्यूजिकल ग्रुप, ढोल, ताशे, बैंड, शहनाई, नफ़ीरी आदि बजाने वाले कलाकार आगामी दिनों के लिए बुक हो गये हैं वहीं शोभा यात्रा के लिए झांकियाँ बनाने वाले कारीगरों और कलाकारों को भी बड़ा काम मिला है। खंडेलवाल ने बताया कि अगले एक सप्ताह में दिल्ली में 200 से अधिक प्रमुख बाज़ार एवं बड़ी संख्या में छोटे बाज़ारों में श्री राम झंडों एवं लडिय़ों से सजावट तथा हर मार्केट में बिजली की रोशनी होगी। दिल्ली के विभिन्न बाज़ारों में 300 से अधिक श्री राम फेरी एवं श्री राम पद यात्रा के कार्यक्रम होंगे।

 

श्री राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह में बजेगा पंजाब का अलगोजा, कर्नाटक के मूर्तिकार द्वारा बनाई प्रतिमा लगेगी गर्भगृह में
Posted Date : 16-Jan-2024 4:42:55 am

श्री राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह में बजेगा पंजाब का अलगोजा, कर्नाटक के मूर्तिकार द्वारा बनाई प्रतिमा लगेगी गर्भगृह में

अयोध्या। अयोध्या में 22 जनवरी को बहुप्रतीक्षित भव्य राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में 50 देशों के 53 प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को बताया  अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हमने दुनिया के 50 देशों से एक-एक व्यक्ति को श्रीरामलला के दर्शन के लिए आमंत्रित किया है। एक देश एक रिप्रजेंटेटिव के आधार पर ऐसे 50 देशों के 53 लोग भी आ रहे हैं। प्रयास रहेगा कि जो व्यक्ति जिस दिन आ गया उसी दिन वो वापस जा सके। रात को रहने का दबाव उस पर न पड़े।
उन्होने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान देश भर के विभिन्न प्रदेशों के प्रसिद्ध वाद्ययंत्रों का भी वादन होगा। इन स्वर लहरियों के बीच श्रीरामलला अपने सिंहासन पर विराजमान होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा के वादन में जितने प्रकार के वाद्ययंत्र हैं, सभी का मंदिर प्रांगण में वादन होगा। इनमें उत्तर प्रदेश का पखावज, बांसुरी, ढोलक, कर्नाटक का वीणा, महाराष्ट्र का सुंदरी, पंजाब का अलगोजा, ओडिशा का मर्दल, मध्यप्रदेश का संतूर, मणिपुर का पुंग, असम का नगाड़ा और काली, छत्तीसगढ़ का तंबूरा, बिहार का पखावज, दिल्ली की शहनाई, राजस्थान का रावणहत्था, बंगाल का श्रीखोल, सरोद, आंध्र का घटम, झारखंड का सितार, गुजरात का संतार, तमिलनाडु का नागस्वरम,तविल, मृदंग और उत्तराखंड का हुडक़ा, ऐसे वाद्ययंत्रों का वादन करने वाले अच्छे से अच्छे वादकों का चयन किया गया है। ये वादन ऐसे समय में चलेगा जब प्राण प्रतिष्ठा का मंत्रोच्चार और देश के नेतृत्व का उद्बोधन नहीं हो रहा होगा। बड़े महत्व की बात है कि ऐसे श्रेष्ठ लोग यहां स्वयं प्रेरणा से आ रहे हैं। चंपत राय ने कहा  सारे परिसर की सज्जा की जाएगी। रात को आप लोग परिसर की अलग ही आभा देख पाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा पूरी होने के बाद अंदर परिसर में बैठे हुए संत महापुरुष, आमंत्रित विशिष्ट जन दर्शन करने के लिए अंदर जाएंगे। प्रात: काल 10 से 10.30 बजे तक सभी को प्रवेश करना होगा। इस दौरान उनके अल्पाहार और भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्व हिंदु परिषद और आरएसएस के कार्यकर्ताओं की भी तिथियां निर्धारित की गई हैं। ये कार्यकर्ता उन्हीं तिथियों के आधार पर अयोध्या आएंगे। सामान्यत: प्रतिदिन साढ़े चार हजार से 5 हजार तक कार्यकर्ता एक दिन रुकेंगे और वापस जाएंगे। ये योजना फरवरी के अंत तक ही चलेगी। जिन लोगों को निमंत्रित किया गया है उनके ठहरने की व्यवस्था कारसेवक पुरम, मणिरामदास छावनी का प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र और मणिपर्वत के बगल में तीर्थपुरम क्षेत्र में की गई है। कुछ आश्रमों, धर्मशालाओं, व्यक्तिगत होमस्टे, होटल में भी कमरे लिए गए हैं। राय ने बताया  22 जनवरी को सभी गृहस्थों के और संतों के दर्शन के पश्चात हम मीडिया को एंट्री देने पर विचार कर रहे हैं। 22 के बाद 23 जनवरी से जो भी अयोध्या आएगा, उसे श्रीरामलला के दर्शन मिलेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान परिसर के अंदर यज्ञशाला में बने 9 कुंडों में देश भर की 120 वैदिक प्रक्रियाएं संपन्न होंगी। चंपत राय ने बताया कि गर्भगृह में विराजने वाली प्रतिमा का चयन कर लिया गया है। कर्नाटक के मूर्तिकार अरुण योगीराज की बनाई गई प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित होगी। मेरे अनुसार उन्हीं की मूर्ति का चयन हुआ है। मूर्ति बनाते वक्त वह 15-15 दिन परिवार से बात नहीं करते थे। बहुत परिश्रमी लडक़ा है। उसकी मेहनत का फल मिला। अरुण योगीराज ने नीले रंगे की रामलला की मूर्ति बनाई है। इसमें रामलला को खड़े हुए धनुष-बाण लिए दिखाया गया है। प्रतिमा ऐसी है जो राजा के पुत्र की तरह और विष्णु का अवतार लगे। गर्भगृह में रामलला कमल के फूल पर विराजमान होंगे। कमल के फूल के साथ उनकी लंबाई करीब 8 फीट होगी। अभी फाइनल प्रतिमा की फोटो जारी नहीं की गई है।

 

कोहरे की मार : ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक सब लेट, दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी; बोला- यात्रा से पहले एयरलाइंस से करें संपर्क
Posted Date : 16-Jan-2024 4:41:49 am

कोहरे की मार : ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक सब लेट, दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी; बोला- यात्रा से पहले एयरलाइंस से करें संपर्क

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय कोहरे और शीतलहर ने कोहराम मचा दिया है। दिल्ली आ रही ना सिर्फ ट्रेनें लेट हो रही हैं, बल्कि फ्लाइट में भी देरी हो रही है। भीषण कोहरे की स्थिति के बीच, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक एडवायजरी जारी की है, जिसमें अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले एयरलाइंस से संपर्क करें। जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट अथॉरिटी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अद्यतन उड़ान जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।
बता दें कि इससे पहले रविवार को, पूरे उत्तर भारत में कम दृश्यता और घने कोहरे की स्थिति ने इंडिगो के उड़ान संचालन को प्रभावित किया, जिससे हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा हुई। इंडिगो एयरलाइंस के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ‘पूरे उत्तर भारत में कम दृश्यता और घने कोहरे की स्थिति के कारण, 14 जनवरी, 2024 को इंडिगो उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। बयान में कहा गया कि ‘पूरे दिन हमारे परिचालन पर व्यापक प्रभाव पड़ा। हमारे कर्मचारियों ने यात्रियों को रोके रखा। हवाई अड्डों पर सभी देरी और रद्दीकरण से अवगत कराया गया और यात्रियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया गया। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए ईमानदारी से खेद है।
वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि रविवार को इस सर्दी के मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड का दौर सोमवार को भी जारी रहा और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। राजधानी के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की परत छाई रही, जिससे दृश्यता कम रही। आज सुबह 3 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर दृश्यता कम होकर शून्य हो गई, लेकिन सुबह 5.30 बजे इसमें थोड़ा सुधार हुआ। वर्तमान दृश्यता 50 मीटर है, रनवे दृश्यता 250 मीटर से 400 मीटर है। इस बीच, आज घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

 

भारत-बांग्ला देश सीमा पर बीएसएफ जवान ड्यूटी के दौरान शहीद
Posted Date : 16-Jan-2024 4:41:32 am

भारत-बांग्ला देश सीमा पर बीएसएफ जवान ड्यूटी के दौरान शहीद

जींद । भारत-बांग्ला देश की सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल जवान सत्यवान ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। 48 वर्षीय सत्यवान 90वीं बटालियन सीमा सुरक्षा बल रूपनगर कूच बिहार पश्चिम बंगाल में सत्यवान तैनात थे। मिली जानकारी के अनुसार 12 जनवरी की रात 12 बजे सत्यवान शहीद हो गए।
हलांकि उनकी मौत किस वजह से हुई है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं है। मुख्य आरक्षक सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान संख्या 6 ई-5249 से दिनांक 14 जनवरी 2024 को दोपहर 12:15 बजे पहुंचा। आज सत्यवान का पार्थिव शरीर उनके गांव मोहनगढ़ छापड़ा में अंतिम संस्कार के लिए लाया गया।
सत्यवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां अंतिम दर्शन के बाद शस्त्रों की सलामी देकर अंतिम संस्कार किया गया। सत्यवान जींद जिले के गांव मोहनगढ़ छापड़ा के रहने वाले थे। सत्यवान अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में एक बेटा, दो बेटी और उनकी पत्नी हैं। इसके अलावा सत्यवान के माता-पिता सहित एक उनका छोटा भाई है। सत्यवान की उम्र 48 साल बताई जा रही है।

 

गंगा और मही नदी के संगम स्थित डुमरी में भव्य गंगा आरती का हुआ आयोजन
Posted Date : 16-Jan-2024 4:41:14 am

गंगा और मही नदी के संगम स्थित डुमरी में भव्य गंगा आरती का हुआ आयोजन

भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान है सारण कि भूमिका : रूड़ी
पटना । सारण लोकसभा क्षेत्र के हासिलपुर पंचायत के बभनगांवा मे पतित पावनी गंगा और मही नदी का पवित्र संगम है। सोनपुर के डुमरी में आज सोमवार 15 जनवरी को डॉ पंकज कुमार सिंह के द्वारा गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन मे बड़ी संख्या मे श्रद्धांलुओं ने भाग लिया।  इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजन मे मुख्य अतिथि स्थानीय सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने शिरकत की। गौरतलब है कि सारण में बाभनगांव घाट पर गंगा आरती का विशेष रूप से आयोजन प्रतिवर्ष 15 जनवरी को किया जाता है।
इस अवसर पर सांसद रूडी ने अपने सम्बोधन मे कहा कि प्राचीन काल से हीं इस संगम की सांस्कृतिक महत्ता रही है। हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालु इस पवित्र संगम मे डुबकी लगाते है और भगवान सूर्य की आराधना करते है। सारण कि भूमि भारतीय संस्कृति मे महत्वपूर्ण स्थान रखता है। सभी युग मे महर्षि सारण्य की इस भूमि की महत्ता रही है। उन्होंने कहा कि सारण में हीं तीन नदियों का प्रत्यक्ष संगम है। यह क्षेत्र परम तीर्थ है जिसका जिक्र रामायण, रामचरित मानस व कई पुराणों में मिलता है।  विदित हो कि आज मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा आरती का आयोजन किया गया साथ हीं अयोध्या मे भगवान राम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर राम भजन का भी आयोजन किया गया।