आज के मुख्य समाचार

खुदाई के दौरान मिट्टी में दबे 10 मजदूर, 2 की मौके पर मौत, 8 घायल
Posted Date : 25-Mar-2019 11:45:58 am

खुदाई के दौरान मिट्टी में दबे 10 मजदूर, 2 की मौके पर मौत, 8 घायल

जींद ,24 मार्च । हरियाणा में जींद जिले के खेड़ा खेमावती गांव में आज सुबह तालाब की खुदाई के दौरान मिट्टी का तोंदा गिरने से दस महिला मजदूर दब गईं जिनमें से दो की मौत हो गई तथा आठ घायल हो गईं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जाती है। 
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि गांव में महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत तालाब की खुदाई का काम करवाया जा रहा था। हादसे के समय करीब 30 महिलाएं काम कर रही थीं। हादसे में निशा (28) व 65 वर्षीय चमेली की मौत हुई है।
दुर्घटना के बाद एंबुलेंस, पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। मौके पर जेसीबी मशीन भी पहुंची और उससे भी मिट्टी हटाने का काम किया गया। ग्रामीणों की मदद से मिट्टी में दबी महिलाओं को बाहर निकाला गया और उन्हें सफीदो के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। तीन महिलाओं की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। उपायुक्त ने मामले की जांच एडीसी को सौंपी है।
महिलाओं के परिजनों ने गांव के मुखिया पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तालाब की खुदाई स्कूल प्रांगण का भरत करने के लिए करवाई जा रही थी।

खुदाई के दौरान मिट्टी में दबे 10 मजदूर, 2 की मौके पर मौत, 8 घायल के लिए इमेज परिणाम

पाक की फायरिंग में घायल हुआ एक और जवान शहीद, 4 दिन में तीसरी शहादत
Posted Date : 25-Mar-2019 11:44:42 am

पाक की फायरिंग में घायल हुआ एक और जवान शहीद, 4 दिन में तीसरी शहादत

जम्मू ,24 मार्च । जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में रविवार को सेना के 2 जवान शहीद हो गए। एक जवान तो आज शहीद हुआ वहीं 23 मार्च को पाकिस्तानी रेंजरों की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रेनेडर हरी भाखर ने भी आज दम तोड़ दिया। हरी को गंभीर रूप से घायल होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 
अधिकारियों ने बताया कि पुंछ के शाहपुर और केरनी इलाकों में शनिवार शाम को करीब साढ़े पांच बजे सीमा पार से गोलीबारी शुरू हुई और यह रातभर लगातार होती रही। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी कड़ा जवाब दिया। पाकिस्तानी सेना ने अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाने के लिए मोर्टार और छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सुबह करीब चार बजे जवान गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। पिछले चार दिनों में गोलीबारी में तीन जवान शहीद हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की बिना उकसावे की गोलीबारी में 24 वर्षीय राइफलमैन यश पॉल शहीद हो गए थे।  

श्रीलंका नौसेना ने 11भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार
Posted Date : 25-Mar-2019 11:44:24 am

श्रीलंका नौसेना ने 11भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

चेन्नई ,24 मार्च । पट्टाली मक्काल काची (पीएमके) संस्थापक डा. एस रामदास ने रामेश्वरम के 11 मछुआरों को श्रीलंका नौ सेना द्वारा आज गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से इन मछुआरों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि तमिलनाडु के रहने वाले ये मछुआरे नेदुन्थीवु के पास मछली पकड़ रहे थे तभी श्रीलंकाई नौ सेना ने इन्हें श्रीलंका जल सीमा में मछली पकडऩे के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। 
इस घटना के बाद 500 नावों के साथ मछली पकड़ रहे अन्य मछुआरे मछली पकड़े बिना वापस अपने घरों को लौट आये हैं। श्रीलंका नौ सेना ने मछुआरों के मछली पकडऩे के जाल को भी नष्ट कर दिया तथा उनके तमाम जीपीएस उपकरण जब्त कर लिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार मछुआरों को श्रीलंका के कराईनगर ले जाया गया है। 

अस्पताल में मरीज से सामूहिक दुष्कर्म, नर्स समेत चार गिरफ्तार
Posted Date : 25-Mar-2019 11:44:04 am

अस्पताल में मरीज से सामूहिक दुष्कर्म, नर्स समेत चार गिरफ्तार

मेरठ ,24 मार्च । उत्तर प्रदेश के मेरठ के गढ़ रोड स्थित सहारा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती महिला मरीज से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में स्टाफ नर्स लक्ष्मी, वार्ड ब्वॉय शादाब, विनोद और नियाजू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने रविवार को यहां बताया कि थाना भावनपुर क्षेत्र में किराए पर रहने वाली एक महिला को शनिवार को पेट में दर्द होने के कारण सहारा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उसका कहना है कि देर रात आरोपियों ने नशे का इंजेक्शन लगाकर उससे दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि स्टाफ नर्स पर आरोपियों के सहयोग का आरोप है। बताया गया है कि महिला ने होश में आने पर अपने परिवार के लोगों को दुष्कर्म की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गयी। सिंह का कहना है कि महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल थाना पुलिस ने पीडि़त महिला की डॉक्टरी जांच के कराने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई
Posted Date : 24-Mar-2019 1:18:29 pm

आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई

मुलायम और अखिलेश पर संकट
नई दिल्ली । उच्चतम न्यायालय सोमवार को उस याचिका पर सुनवाई करेगा जिसमें समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई को जांच रिपोर्ट पेश करने का निर्देश देने की मांग की गई है।
प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली एक पीठ ने राजनीतिक कार्यकर्ता विश्वनाथ चतुर्वेदी की नयी याचिका को 25 मार्च को सुनवाई के लिये सूचीबद्ध किया है जिसमें उन्होंने सीबीआई को यह निर्देश देने की मांग की थी कि वह या तो उच्चतम न्यायालय या फिर एक मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष आय से अधिक संपत्ति मामले की रिपोर्ट पेश करे। चतुर्वेदी ने 2005 में सर्वोच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर कर सीबीआई को यह निर्देश देने की मांग की थी वह मुलायम सिंह यादव, अखिलेश, उनकी पत्नी डिंपल यादव और मुलायम के एक अन्य बेटे प्रतीक यादव के खिलाफ सत्ता का दुरुपयोग कर कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति अर्जित करने पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई करे।उच्चनम न्यायालय ने एक मार्च 2007 के अपने फैसले में सीबीआई को निर्देश दिया था कि वह आरोपों की जांच करे और यह पता लगाए कि समाजवादी पार्टी के नेताओं की आय से अधिक संपत्ति के संदर्भ में लगाए गए आरोप सही है या नहीं।

 

मोजाम्बिक में चक्रवात प्रभावित लोगों के लिए जीवन रक्षक बनी भारतीय नौसेना, 192 लोगों की बचाई जान
Posted Date : 24-Mar-2019 1:17:49 pm

मोजाम्बिक में चक्रवात प्रभावित लोगों के लिए जीवन रक्षक बनी भारतीय नौसेना, 192 लोगों की बचाई जान

नई दिल्ली । चक्रवात प्रभावित मोजाम्बिक में राहत अभियान के तहत भारतीय नौसेना ने 192 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचाया और अपने चिकित्सकीय शिविरों में 1,381 लोगों को सहायता पहुंचाई। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। 
चक्रवात ‘ईडाई’ ने पूर्वी और दक्षिणी अफ्रीका में 15 मार्च को दस्तक दी थी और इससे मोजाम्बिक, जिम्बाब्वे और मलावी में बड़े पैमाने पर जान-माल की क्षति पहुंची है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि मोजाम्बिक के आग्रह पर भारत ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नौसेना की तीन नौकाओं को बीरा बंदरगाह भेजा।  बयान में कहा गया, ‘‘भारतीय नौसेना ने अब तक 192 से अधिक लोगों को बचाया है। भारतीय नौसेना के चिकित्सकीय शिविरों में 1381 लोगों को चिकित्सकीय मदद मुहैया कराई गई है।’’