आज के मुख्य समाचार

मोदी-शाह के साथ-साथ स्मृति-हेमा भी करेंगी चुनावी प्रचार
Posted Date : 24-Apr-2019 2:41:40 pm

मोदी-शाह के साथ-साथ स्मृति-हेमा भी करेंगी चुनावी प्रचार

भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनावों के दौरान भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और सांसद हेमा मालिनी भी प्रचार करेंगी।

पार्टी ने निर्वाचन आयोग को उन 40 नेताओं की सूची सौंपी है, जो मध्यप्रदेश में लोकसभा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इनमें पहला नंबर प्रधानमंत्री श्री मोदी और दूसरा श्री शाह का है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, उमा भारती, पीयूष गोयल और स्मृति इरानी भी चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश का दौरा करेंगे।

इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का नाम भी इस सूची में शामिल है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद सतपाल महाराज और हेमा मालिनी भी प्रदेश में जनता से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील करेंगे।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, यशोधरा राजे सिंधिया और जयभान सिंह पवैया भी प्रदेश में लगातार प्रचार करेंगे।

राजधानी में गर्मी से लोग हुए बेहाल
Posted Date : 24-Apr-2019 2:41:14 pm

राजधानी में गर्मी से लोग हुए बेहाल

नईदिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह से ही लोग गर्मी से बेहाल हुए। यहां न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।  मौसम विभाग के अनुसार यहां पर सुबह साढ़े आठ बजे तक आर्द्रता का स्तर 56 प्रतिशत रहा। यहां अपराह्न या शाम के समय में आंशिक बादल छाने और अधिकत तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के आसार हैं।

दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।

नाराज उदित राज ने थामा कांग्रेस का हाथ
Posted Date : 24-Apr-2019 2:40:50 pm

नाराज उदित राज ने थामा कांग्रेस का हाथ

0-बीजेपी को झटका

नईदिल्ली। दिल्ली में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। टिकट नहीं मिलने से नाराज उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से मौजूदा सांसद उदित राज ने पार्टी छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने उदित राज ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बीजेपी ने उनका टिकट काटकर मशहूर पंजाबी गायक हंसराज हंस को अपना उम्मीदवार बना दिया जिससे नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर नाम के आगे से चौकीदार शब्द भी हटा दिया था। मगर फिर कुछ घंटे बाद ही उन्होंने चौकीदार शब्द लगा लिया। ऐसे में अटकलें लगाए जाने लगी थीं कि उदित राज मान गए हैं और वह पार्टी में बने रहेंगे। मगर आज उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर बीजेपी को अपना फैसला सुना दिया।

उदित राज इस सीट पर 2014 में विजयी हुये थे। टिकट कटने के सवाल पर उन्होंने कहा, जब 2018 में एससी-एसटी संशोधन पर बंद आयोजित हुआ, मैंने विरोध किया, इसलिए ही पार्टी नेतृत्व संभवतया मुझसे नाराज हो गया. जब सरकार की तरफ से कोई भर्ती नहीं हो रही, तो क्या मुझे इस मुद्दे को नहीं उठाना चाहिेये था?. मैं दलितों के मुद्दों उठाता रहूंगा।

ईरान के रक्षा मंत्री सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने मॉस्को जाएंगे
Posted Date : 23-Apr-2019 2:01:31 pm

ईरान के रक्षा मंत्री सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने मॉस्को जाएंगे

तेहरान। ईरान के रक्षा मंत्री अमीर हतामी आठवें मॉस्को अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को तेहरान से मॉस्को जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक श्री हतामी रुस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोयगू के बुलावे पर वहां जा रहे हैं। श्री हतामी सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे।

रुस के रक्षा मंत्रालय की वेवसाइट पर डाले गए बयान में कहा, रुस की राजधानी में होने वाला वार्षिक सुरक्षा सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा पर विचारों को आकार देने के मामले में जरुरी समस्या को शामिल करेगा। बयान में कहा गया है कि सम्मेलन में हथियार नियंत्रण प्रणाली में सुधार सहित आधुनिक सैन्य चुनौतियों और खतरे पर चर्चा की जाएगी।

श्रीलंका बम विस्फोट में मारे गए इस अरबपति के 3 बच्चे
Posted Date : 23-Apr-2019 2:00:34 pm

श्रीलंका बम विस्फोट में मारे गए इस अरबपति के 3 बच्चे

कोपेनहेगन। श्रीलंका में ईस्टर रविवार को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों में डेनमार्क के सबसे अमीर व्यक्ति आंद्रेस होल्च पोवसेन के तीन बच्चे मारे गए।

आंद्रेस एक फैशन टायकून हैं और उनकी कुल सम्पत्ति 7.9 अरब डॉलर की है। वह ऑनलाइन क्लोदिंग रीटेलर आसोस को मालिक हैं। आंद्रेस की कम्पनी वेस्टसेलर के कम्यूनिकेशन मैनेजर जेस्पर स्टुबकीयर ने सोमवार को आंद्रेस के बच्चों को इस आतंकवादी हमले में मारे जाने की पुष्टि की। प्रवक्ता के मुताबिक आंद्रेस से चार बच्चे हैं। अभी हालांकि यह नहीं पता चल सका है कि किस विस्फोट में आंद्रेस के बच्चों की मौत हुई है क्योंकि श्रीलंका में एक के बाद एक आठ बम विस्फोट हुए थे। इनमें से सात सुबह और एक शाम के वक्त हुआ था। श्रीलंका में हुई इस आतंकवादी घटना में करीब 300 लोगों की जान चली गई है जबकि 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

पांच करोड़ परिवारों की महिला के खाते में हर माह छह हजार: राहुल
Posted Date : 23-Apr-2019 1:58:12 pm

पांच करोड़ परिवारों की महिला के खाते में हर माह छह हजार: राहुल

डूंगरपुर । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर 15 लाख रुपए लोगों के बैंक खाते में डालने, दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का झूठा वादा करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनी तो गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक कर पांच करोड़ परिवारों की महिला के बैंक खाते में हर महीने छह हजार रुपए डाले जायेंगे।

राहुल ने आज डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर में एक जन सभा में प्रधानमंत्री पर दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का झूठा वादा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने एक भी युवा को नौकरी नहीं दी, जबकि बाईस लाख सरकारी नौकरियां भरी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर एक वर्ष में 22 लाख नौकरियों की भर्ती करने के साथ दस लाख लोगों को पंचायत में रोजगार दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र में मोदी सरकार ने झूठे वादे करने के साथ आदिवासियों गरीबों का हक छीन लिया तथा मनरेगा योजना को धीमा कर दिया लेकिन कांग्रेस सरकार आने पर सौ दिन के बजाय 150 दिन का रोजगार मिलेगा। उन्होंने मोदी सरकार पर पिछले पांच वर्ष में आदिवासियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगली सरकार में उनके साथ न्याय होगा तथा जल जमीन और स्वाभिमान की रक्षा की जायेगी।

उन्होंने गरीबों के खाते में रुपए डालने की अर्थव्यवस्था समझाते हुए कहा कि यह पैसा अम्बानी की जैब से निकालकर गरीबों की जेब में डाला जायेगा। उन्होंने कहा कि कर्ज नहीं चुकाने पर किसानों को जेल नहीं जाना पड़ेगा तथा युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए तीन वर्ष तक सरकार की इजाजत नहीं लेनी पड़ेगी।

श्री गांधी ने किसानों की कर्ज माफी के मामले में भी मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर देश में एक राष्ट्रीय और एक किसानों के लिए बजट बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष की शुरुआत में ही किसानों को यह पता चल जायेगा कि उनकी फसल का समर्थन मूल्य क्या होगा तथा कितना मुआवजा और कितना कर्ज माफ हो सकता है। उन्होंने रफाल सौदे में भ्रष्टाचार की बात दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिन्दुस्तान एयरोनोटिक्स कंपनी से छीनकर यह सौदा चोर अनिल अम्बानी को दे दिया जिसमें 526 करोड़ की बजाय सोलह सौ करोड़ रुपए देने पड़े।