आज के मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री मोदी ने की पुलिस बल की तारिफ
Posted Date : 21-Oct-2020 12:45:06 pm

प्रधानमंत्री मोदी ने की पुलिस बल की तारिफ

पुलिस स्मृति दिवस
नईदिल्ली। भारत आज उन वीर जवानों को सलाम कर रहा है जिन्होंने देश की सेवा में अपने प्रणों का बलिदान दिया। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि पुलिसकर्मी हमेशा बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं।
पुलिस स्मृति दिवस पर मोदी ने कहा, भयावह अपराधों को सुलझाने से लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपदा प्रबंधन में मदद करने से लेकर कोरोना वायरस से निपटने तक, पुलिसकर्मियों ने बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। उन्होंने कहा, हमें नागरिकों की सहायता के लिए उनके परिश्रम और उनकी तत्परता पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस भारत में हमारे पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को आभार व्यक्त करने का दिन है। कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए सभी पुलिस कर्मियों को हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।
इससे पहले पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित पुलिस स्मारक पर परेड का आयोजन किया गया। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और परेड को संबोधित भी किया। अमित शाह ने कहा कि सरकार आतंकवाद, साइबर अपराध और सीमा सुरक्षा की नई चुनौतियों से निपटने के लिए देश की पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैयार करने के लिए एक व्यापक आधुनिकीकरण कार्यक्रम चला रही है। 

गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, ड्राइवर समेत 5 लोगों की मौत
Posted Date : 21-Oct-2020 12:43:56 pm

गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, ड्राइवर समेत 5 लोगों की मौत

35 लोग घायल 
मुबंई। महाराष्ट्र के नंदुरबार में बुधवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया हैं। खामचौंदर गांव के पास एक बस के 40 फीट गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और लगभग 35 लोग घायल हो गए। यह बस मलकापुर (बुलढाणा) से सूरत जा रही थी। घायलों को नंदुरबार के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार नंदुरबार के एसपी महेंद्र पंडित ने बताया कि बस में करीब 40 से ज्यादा लोग सवार थे। बस विसारवाडी के पास कोदईबारी घाट पहुंची थी तभी अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस के सीधे नीचे गिरने की वजह से ड्राइवर, क्लीनर और तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। मौके पर नंदुरबार फायर विभाग और पुलिस की टीम स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचा रही है।

श्रीलंका और मालदीव की यात्रा पर जाएंगे पोम्पिओ
Posted Date : 21-Oct-2020 12:42:48 pm

श्रीलंका और मालदीव की यात्रा पर जाएंगे पोम्पिओ

कोलंबो। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ इस महीने श्रीलंका और मालदीव की यात्रा पर आएंगे। चीन के क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर इस यात्रा के काफी मायने हैं। 
मंत्रिमंडल के प्रवक्ता एवं मंत्री केहलिया रामबुकवेला ने बताया कि पोम्पिओ 28 अक्टूबर को श्रीलंका आएंगे। 
रामबुकवेला ने बताया कि पोम्पेओ की यात्रा कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 'ट्रेवल बबलÓ व्यवस्था पर केन्द्रित होगी। 
'ट्रेवल बबलÓ को यात्रा गलियारा और कोरोना गलियारा भी कहा जाता है। यह पड़ोसी या आस-पास के देशों के बीच यात्रा संबंधी एक विशेष साझेदारी है। 
विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका के बाद अमेरिका के विदेश मंत्री मालदीव जाएंगे। गौरतलब है कि सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी पोलितब्यूरो के सदस्य यांग जिएची के नेतृत्व में एक उच्च शक्तिशाली चीनी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दो सप्ताह बाद पोम्पिओ कोलंबो आ रहे हैं। 

टोंगा में भूकंप के तेज झटके
Posted Date : 21-Oct-2020 12:41:55 pm

टोंगा में भूकंप के तेज झटके

हांगकांग। टोंगा में बुधवार को तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये।
अमेरिका भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार 00:22:33 बजे महसूस किये गये भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गयी। भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 10 किलोमीटर की गहरायी में 19.3191 दक्षिणी अक्षांश तथा 172.3884 पश्चिमी देशांतर में था।

चीन में कोरोना के 11 नये मामले
Posted Date : 21-Oct-2020 12:41:38 pm

चीन में कोरोना के 11 नये मामले

बीजिंग। चीन में कोरोना वायरस (कोविड-19) के 11 नये मामले दर्ज किये गये हैं और ये सभी मामले विदेशी नागरिकों से संबंधित हैं।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बुधवार को बताया कि देश में मंगलवार को विदेशी नागरिकों से संबंधित कोविड-19 11 नये मामले दर्ज किये गये। इनमें से गुआंगडोंग तथा सिचुआन में क्रमश: तीन-तीन, शंघाई तथा हेनान में क्रमश दो-दो और फुजियान में एक मामला दर्ज किया गया। स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि देश में अब तक 2,918 विदेशी नागरिकों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी है, जबकि 235 विदेशी नागरिकों का इस समय विभिन्न अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। देश में अब एक भी विदेशी नागरिक की कोरोना के कारण मौत नहीं हुयी हैं।

कराची यूनिवर्सिटी के बाहर बड़ा धमाका, 3 की मौत
Posted Date : 21-Oct-2020 12:41:20 pm

कराची यूनिवर्सिटी के बाहर बड़ा धमाका, 3 की मौत

15 से अधिक लोग घायल
कराची। पाकिस्तान के कराची शहर में बड़ा धमाका हुआ है। यह धमाका शहर के गुलशन-ए-इकबाल इलाके में कराची विश्वविद्यालय मस्कान गेट के सामने एक चार मंजिला इमारत में धमाका हुआ। ईधी फाउंडेशन के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। शहर में हुए इस विस्फोट में 3 लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि यह कैसा धमाका था इसकी पुष्टि अभी पुलिस ने नहीं की है। पाकिस्तानी मीडिया ने यह खबर दी है।
पाकिस्तानी मीडिया डॉन के मुताबिक अधिकारियों ने कहा है कि सभी घायलों और मृतकों को पटेल अस्पताल ले जाया गया है। फुटेज से पता चलता है कि इमारत का बुनियादी ढांचा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। विस्फोट एक इमारत की दूसरी मंजिल पर होने का संदेह है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसपास की इमारतों की खिड़कियों के साथ-साथ कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
विस्फोट की प्रकृति का अभी तक पता नहीं चला है। हालांकि, मुबीना टाउन पुलिस एसएचओ ने कहा कि यह एक सिलेंडर ब्लास्ट लगता है। बम निरोधक दस्ता विस्फोट के कारण को सत्यापित करने के लिए आ रहा है।
सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने इस घटना को लेकर कराची के आयुक्त को इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को घटना में घायल लोगों के लिए चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और दुख भी जताया है।