आज के मुख्य समाचार

कोविंद और नायडू ने देशवासियों को दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं
Posted Date : 24-Oct-2020 1:00:38 pm

कोविंद और नायडू ने देशवासियों को दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं

नईदिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शनिवार को देशवासियों को दुर्गा पूजा की शुभभकामनाएं देते हुए समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुभकामना संदेश में कहा, दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस अवसर पर हम सब को नारियों के सशक्तीकरण का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। मेरी कामना है कि माँ दुर्गा के आशीर्वाद से हम सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा, दुर्गा पूजा के पावन पर्व पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रार्थना करता हूं कि मां दुर्गा हम सभी को अपना शुभाशीष प्रदान करें। हम समाज को कुवृत्तियों से मुक्त करने का नव संकल्प लें। देश और समुदाय में स्वास्थ्य, सुरक्षा और खुशहाली का परिवेश बनाएं।

जावड़ेकर और नकवी ने अनुराग ठाकुर को दी जन्मदिन की बधाई
Posted Date : 24-Oct-2020 1:00:06 pm

जावड़ेकर और नकवी ने अनुराग ठाकुर को दी जन्मदिन की बधाई

नईदिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को मंत्रिमंडल सहयोगी वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को जन्मदिन की बधाई देते हुए ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं सफलता की कामना की है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर का आज 46वां जन्मदिवस है। जावड़ेकर ने बधाई संदेश में कहा, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री एवं लोकसभा से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सदैव स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों। नकवी ने लिखा, युवा एवं ऊर्जावान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य एवं सफलता की दुआ। 

कोरोनाकाल में रिहा 5581 कैदियों की अंतरिम जमानत खत्म
Posted Date : 23-Oct-2020 12:29:12 pm

कोरोनाकाल में रिहा 5581 कैदियों की अंतरिम जमानत खत्म

नईदिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने कोरोना के चलते लगातार जमानत या पेरोल पर जेलों से छोड़े गए 5581 कैदियों की अंतरिम जमानत खत्म करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने संगीन अपराधों के 2318 विचाराधीन कैदियों की अंतरिम जमानत अब नहीं बढ़ाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कैदियों को 2 नवम्बर से 13 नवम्बर तक कैदियों को चरणबद्ध तरीके से सरेंडर करने का आदेश दिया है।
चीफ जस्टिस डीएन पटेल, जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल और जस्टिस तलवंत सिंह की स्पेशल बेंच ने इन कैदियों को छूट दी है कि वे ट्रायल कोर्ट में जाकर मेरिट के आधार पर अपनी अंतरिम जमानत बढ़ाने की मांग कर सकते हैं। कोर्ट ने दीवानी मामलों में जिनमें अंतरिम आदेश जारी हुए हैं उनमें यह राहत अगली सुनवाई तक प्रभावी रहेगी। हाईकोर्ट ने जेल अथॉरिटीज को निर्देश दिया है कि वो कैदियों की जेल वापसी की तैयारी करें और कोरोना से संबंधित दिशानिर्देश का पालन करें।
कोर्ट ने कहा कि कोरोना की वजह से 25 मार्च से कोर्ट में सीमित सुनवाई चल रही है। 25 मार्च से देशभर में लॉकडाउन घोषित किया गया था जो समय-समय पर बढ़ता रहा। हाईकोर्ट ने पिछले 24 अगस्त को सभी अंतरिम आदेशों को 31 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दिया था। दिल्ली पुलिस के लीगल सेल के डीसीपी ने कड़कडड़ूमा कोर्ट के एडिशनल सेशंस जज विनोद यादव के उस आदेश का हवाला देते हुए हाईकोर्ट से इस आदेश में बदलाव करने की मांग की। विनोद यादव ने हाईकोर्ट से आग्रह किया था कि अंतरिम जमानतों को हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर लगातार बढ़ाने के लिए दायर याचिकाओं पर उचित दिशानिर्देश जारी करें।
दिल्ली पुलिस की याचिका पर हाईकोर्ट ने पूछा था कि जेलों में कितने कैदी कोरोना से संक्रमित हुए। कोर्ट ने पूछा था कि गंभीर मामलों के कितने कैदी अंतरिम जमानत पर है और कितने छोटे-मोटे मामलों के कैदी अंतरिम जमानत पर हैं। यह भी पूछा कि हाईकोर्ट ने कितने लोगों को अंतरिम जमानत दी है। इसके जवाब में दिल्ली पुलिस ने स्टेटस रिपोर्ट दायर कर बताया कि कोरोना से दिल्ली की जेलों में छह कैदी संक्रमित हुए हैं। स्टेटस रिपोर्ट में कहा गया कि गंभीर अपराधों से जुड़े 2318 कैदियों को अंतरिम जमानत दी गई। रिपोर्ट में कहा गया कि छोटे-मोटे अपराधों से 2907 कैदियों को अंतरिम जमानत मिली। हाईकोर्ट ने 356 कैदियों को अंतरिम जमानत दी है। रिपोर्ट पर गौर करने के बाद हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत पर रिहा हुए 2318 कैदियों की अंतरिम जमानत नहीं बढ़ाने का आदेश दिया।
कोर्ट ने सरेंडर प्रक्रिया में कोई बाधा न आए इसके लिए कोर्ट ने कैदियों को 2 नवम्बर से 13 नवम्बर तक कैदियों को चरणबद्ध तरीके से सरेंडर करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने आदेश दिया कि तीस हजारी कोर्ट के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 2 नवम्बर को जबकि पश्चिमी जिले से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 3 नवम्बर को सरेंडर करेंगे। पटियाला हाउस कोर्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 4 नवम्बर को सरेंडर करेंगे। 
कड़कडड़ूमा कोर्ट के पूर्वी जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 5 नवम्बर को, उत्तर-पूर्वी जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 6 नवम्बर को, शाहदरा जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 7 नवम्बर को सरेंडर करेंगे। रोहिणी कोर्ट के उत्तरी जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 8 नवम्बर को, उत्तरी-पश्चिमी जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 9 नवम्बर को सरेंडर करेंगे सरेंडर करेंगे। द्वारका कोर्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 10 नवम्बर को सरेंडर करेंगे। साकेत कोर्ट के दक्षिणी जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 11 नवम्बर को और दक्षिणी-पूर्वी जिला से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 12 नवम्बर को सरेंडर करेंगे। राऊज एवेन्यू कोर्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए कैदी 13 नवम्बर को सरेंडर करेंगे।
कोर्ट ने हाई पावर्ड कमेटी से आग्रह किया कि वो कमेटी की अनुशंसाओं पर अंतरिम जमानत पर रिहा हुए 2907 कैदियों के मामले पर दस दिनों के अंदर विचार करे। हाईकोर्ट की ओर से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए 356 कैदियों को 13 नवम्बर को सरेंडर करने का आदेश दिया गया। हालांकि इन सभी कैदियों को अपनी अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाने के लिए मेरिट के आधार पर कोर्ट में याचिका दायर करने की छूट दी गई है। 

हिमाचल प्रदेश में 2.7 तीव्रता का भूकंप
Posted Date : 23-Oct-2020 12:28:36 pm

हिमाचल प्रदेश में 2.7 तीव्रता का भूकंप

शिमला। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शुक्रवार को 2.7 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। इस दौरान किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है। विभाग ने बताया कि भूकंप का केंद्र चम्बा जिले के पूर्वोत्तर में पांच किलोमीटर की गहराई में था। 
उसने बताया कि दोपहर सवा बारह बजे जिले में और इसके आस-पास भूकंप के झटके महसूस किए गए। 

बिचौलियों को बचाने की कोशिश कर रहे कृषि कानूनों का विरोध कर रहे लोग : मोदी
Posted Date : 23-Oct-2020 12:28:14 pm

बिचौलियों को बचाने की कोशिश कर रहे कृषि कानूनों का विरोध कर रहे लोग : मोदी

बिहार चुनाव के प्रचार में उतरे पीएम 
पटना। बिहार में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां शुक्रवार को कहा कि देश में केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों का विरोध कर रहे लोग न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और मंडियों की बात कर बिचौलियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि चुनाव से पहले ही बिहार के लोगों ने अपना संदेश दे दिया है और सभी सर्वेक्षण दर्शाते हैं कि राज्य में राजग की सरकार कायम रहेगी। मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार के तहत एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि कानूनों का विरोध कर रहे लोग एमएसपी और मंडियों की बात कर बिचौलियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोजपा संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और मुख्य विपक्षी पार्टी राजद के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए अपनी पहली बिहार चुनाव रैली की शुरुआत की। मोदी ने कहा कि चुनाव से पहले ही बिहार के लोगों ने अपना संदेश दे दिया है और सभी सर्वेक्षण दर्शाते हैं कि राज्य में राजग की सरकार बनी रहेगी। उन्होंने कहा, 'लोगों ने फैसला किया है कि जिन लोगों का बिहार को 'बीमारू बनाने का इतिहास रहा है, उन्हें वापस लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रधानमंत्र ने जम्मू-कश्मीर में संविधान के अनुच्छेद 370 को बहाल करने की विपक्ष की मांग को लेकर उसकी आलोचना की और विपक्ष पर भारत को कमजोर करने का षड्यंत्र रचने वालों का पक्ष लेने का आरोप लगाया। बिहार में भाजपा और जनता दल (यूनाईटेड) के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) का गठबंधन है। राजग के मुकाबले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व में कांग्रेस और वामपंथी दलों का महागठबंधन मैदान में है। केंद्र में भाजपा की सहयोगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान द्वारा गठित लोक जनशक्ति पार्टी अकेले चुनाव मैदान में है जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित कुछ छोटे दलों का गठबंधन भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में, 28 अक्टूबर (71 सीटों), 3 नवंबर (94 सीटों) और 7 नवंबर (78 सीटों) होगा। मतगणना 10 नवंबर को होगी।

एंटी-शिप मिसाइल के निशाने से समुद्र में डूबा जहाज
Posted Date : 23-Oct-2020 12:27:43 pm

एंटी-शिप मिसाइल के निशाने से समुद्र में डूबा जहाज

भारतीय नौसेना ने दिखाया दम
मुंबई। भारतीय नौसेना ने मिसाइल कोर्वेट जहाज आईएनएस प्रबल द्वारा लॉन्च की गई एंटी-शिप मिसाइल लॉन्च की। भारतीय नौसेना ने बताया कि इस एंटी-शिप मिसाइल ने अधिकतम सीमा पर बेहद सटीकता के साथ अपने लक्ष्य को निशाना बनाया, जिससे लक्ष्य बनाया गया जहाज नष्ट होकर पानी में डूब गया। भारतीय नौसेना ने इसका वीडियो शेयर किया है। एएसएचएम का निशाना इतना सटीक था कि टारगेट शिप समुद्र में डूब गई। नेवी ने बताया कि मिसाइल ने घातक सटीकता से अपने मैक्सिम रेंज में टारगेट को निशाना बनाया। आईएनएस प्रबल पर 16 रूस निर्मित केएच-35 उरान एंटी-शिप मिसाइल तैनात हैं, इनकी अनुमानित क्षमता 130 किलोमीटर तक की है। 
बता दें कि यह मिसाइल अरब सागर में कहीं लॉन्च हुई थी जिसका लक्ष्य एक पुराना जहाज था जो डिकमीशन हो चुका था। यह एंटी शिप मिसाइल अधिकतम दूरी तक सटीक हमला करने में सक्षम है। इससे पहले गुरुवार को भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने नौसेना के 'कैरियर बैटल ग्रुपÓ के चुनिंदा अधिकारियों को आईएनएस विक्रमादित्य से किए गए एक प्रसारण के माध्यम से संबोधित किया और बल की युद्धक तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि एडमिरल सिंह ने अपने संबोधन में पिछले कुछ महीनों के दौरान नौसेना द्वारा युद्धक तैयारियों को चरम पर रखने के लिए बल की सराहना की। नौसेना प्रमुख ने कहा कि आने वाले महीनों में नौसेना को अभियान की तैयारियों को लेकर उत्साह बरकरार रखना होगा।