मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पवार का इलाज मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में हो रहा है।
जानकारी के अनुसार पिछले चार दिनों से अजीत पवार की तबीयत खराब चल रही थी। उन्हें थकान हो रही थी, इसी वजह से वह घर पर ही आराम कर रहे थे। शुक्रवार को मुंबई में आयोजित एकनाथ खडसे के पार्टी में प्रवेश कार्यक्रम में भी अजीत पवार शामिल नहीं हुए थे।
सोमवार को सुबह अजीत पवार ब्रीचकैंडी अस्पताल में नियमित जांच के लिए गए थे। इसके बाद अजीत पवार का कोरोना टेस्ट किया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद डॉक्टरों ने अजीत पवार को अस्पताल में भर्ती कर लिया है। अजीत पवार ने ट्वीट पर कहा कि उनकी तबीयत ठीक है, किसी तरह की चिंता की बात नहीं है। विधानसभा के नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस भी पिछले सप्ताह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। फडणवीस का इलाज मुंबई के सेंट जार्ज अस्पताल में हो रहा है। इसी तरह महाराष्ट्र सरकार के तकरीबन 15 मंत्री व कई प्रधान सचिव भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, सभी इलाज के बाद ठीक हो गए हैं।
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन के बीच राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुई आखिरी बहस को छह करोड़ 30़ लाख लोगों ने देखा। नील्सन मार्केटिंग रिसर्च ने बयान जारी इसकी जानकारी दी। बयान में बताया गया कि तकरीबन छह करोड़ 30 लाख लोगों ने गुरुवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के लिए आखिरी बहस को देखा। पहले बहस के मुकाबले हालांकि इसमें गिरावट दर्ज की गयी। गत 29 सितंबर को हुई पहली बहस को सात करोड़ 31 लाख लोगों ने देखा था। इससे पहले 19 अक्टूबर 2016 को श्री ट्रंप और तत्कालीन ड्रेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के बीच हुई आखिरी बहस को सात करोड़ 15 लाख लोगों ने देखा था।
बोगोता। कोलंबिया की उपराष्ट्रपति मार्टा लुसिया रमिरेज कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी हैं और वह अगले 15 दिनों तक घर में आइसोलेशन में रहेंगी।
उपराष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा, मुझे मनीजालेस में गर्वनर समिट में भाग लेना था इसलिए शुक्रवार को मैंने कोरोना टेस्ट कराया। मैं कोलंबिया के लोगों को बताना चाहती हूं कि मेरा टेस्ट पॉजिटिव आया है। मेरी सेहत अच्छी है और मैं आईसोलेशन में रह रही हूं। उपराष्ट्रपति के दफ्तर ने बयान जारी कर बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार उन लोगों के बारे में पता लगाने का काम शुरु कर दिया गया है जिनके संपर्क में हाल के दिनों में उपराष्ट्रपति आयी थीं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार गुरुवार रात तक कोलंबिया में कोरोना के 990270 मामले सामने आए हैं और 29636 लोगों की मौत हुई है।
ब्रासीलिया। दक्षिण अमेरिकी देश ब्राज़ील में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रकोप से पिछले 24 घंटों के दौरान 571 और मरीजों की मौत से मृतकों की सख्या बढ़कर 156,471 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि इस अवधि के दौरान देश में कोरोना के 30,026 मामले सामने आये जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 5,353,656 हो गई। ब्राज़ील कोरोना महामारी से तीसरा सबसे अधिक प्रभावित देश हैं जबकि इस संक्रमण से सबसे अधिक अमेरिका और भारत प्रभावित हुए हैं।
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दुर्गाष्टमी पर गुजरात में तीन प्रमुख परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। पीएम ने गुजरात के किसानों के लिए किसान सूर्योदय योजना का शुभारंभ करने के साथ अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर के साथ पीडियाट्रिक हार्ट हॉस्पिटल और टेली-कार्डियोलॉजी के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन का उद्घाटन किया। गिरनार में एक रोपवे परियोजना का भी उन्होंने शुभारंभ किया।
'किसान सूर्योदय योजनाÓ के तहत, किसान सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक बिजली पा सकेंगे। गुजरात सरकार ने 2023 तक इस योजना के तहत पारेषण अवसंरचना स्थापित करने के लिए 3500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। 2020-21 के लिए दाहोद, पाटन, महिसागर, पंचमहल, छोटा उदेपुर, खेड़ा, तापी, वलसाड, आनंद और गिर-सोमनाथ को योजना के तहत शामिल किया गया है। शेष जिलों को 2022-23 तक चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा।
उन्होंने यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर के साथ जुड़े पीडियाट्रिक हार्ट हॉस्पिटल का भी उद्घाटन किया। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में टेली-कार्डियोलॉजी के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन की शुरुआत भी की। यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी का 470 करोड़ रुपये की लागत से विस्तार किया जा रहा है। विस्तार परियोजना के पूरा होने के बाद यहां बिस्तरों की संख्या 450 से बढ़कर 1251 हो जाएगी। संस्थान देश का सबसे बड़ा एकल सुपर स्पेशलिटी कार्डियक शिक्षण संस्थान भी बन जाएगा और दुनिया के सबसे बड़े एकल सुपर स्पेशिएलिटी कार्डियक अस्पतालों में से एक होगा।
गिरनार में रोपवे का भी प्रधानमंत्री मोदी ने उद्घाटन किया। इससे गुजरात एक बार फिर वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर उभर आएगा। शुरुआत में इसमें आठ लोगों को ले जाने की क्षमता वाले 25-30 कैबिन होंगे। इस रोपवे में 2.3 किलोमीटर की दूरी केवल 7.5 मिनट में कवर की जाएगी। पर्यटक इस रोपवे पर यात्रा करते समय गिरनार पर्वत के आस-पास के प्राकृतिक सौंदर्य के दर्शन कर सकेंगे।
बारामूला। उत्तर कश्मीर के सोपोर जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को घेराबंदी और तलाश अभियान (कासो) शुरू किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सोपोर के जैनागीर गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना के बाद आज सुबह राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), जम्मू कश्मीर पुलिस की विशेष् अभियान समूह (एसओजी) ओर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त कासो अभियान शुरू किया।
सुरक्षा बलों ने इलाके से बाहर जाने वाले सभी रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया और घर-घर की तलाशी ली जा रही है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था तथा विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।