चेन्नई। कोरोना वायरस से संक्रमित तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर. दोराइक्कन्नू का शनिवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने रात 11:15 बजे चेन्नई के कावेरी अस्पताल में अंतिम सांस ली। अस्पताल प्रशासन ने बुलेटिन जारी कर बताया कि कृषि मंत्री आर. दोराइक्कन्नू का 31 अक्टूबर को रात 11 बजकर 15 मिनट पर निधन हो गया।
72 वर्षीय मंत्री दोराइक्कन्नू को कई दिन पहले सांस लेने में परेशानी होने की गंभीर शिकायत होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था और जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उन्हें 13 अक्टूबर को कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
नईदिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को हरियाणा और पंजाब सहित सात राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि ये राज्य शांति और समृद्धि का प्रतीक बनकर देश को गौरवान्वित करते रहेंगे।
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट संदेश में कहा, स्थापना दिवस पर हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि ये सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेश शांति और समृद्धि का प्रतीक बनकर देश को गौरवान्वित करते रहेंगे।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब और केरल और केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के लोगों को उनके स्थापना दिवस पर बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं।
उन्होंने कहा कि ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और भौगोलिक विविधता का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने अपने प्राकृतिक और मानव संसाधनों के माध्यम से राष्ट्र को समृद्ध किया है। मैं इन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लोगों के सुखद, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की कामना करता हूं।
जयपुर। राजस्थान में नगर निगम चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को तीन नगर निगमों के लिए मतदान शुरू हो गया और शुरूआती ढाई घंटे में 16.66 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि मतदान सुबह साढ़े 7 बजे शुरू हुआ और सुबह 10 बजे तक 16.66 प्रतिशत मतदान हुआ। जयपुर ग्रेटर में 15.76 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। जयपुर ग्रेटर, जोधपुर दक्षिण और कोटा दक्षिण नगर निगमों के लिए रविवार को मतदान हो रहा है, जो शाम साढ़े 5 बजे तक होगा। नगर निगम चुनाव के लिए मतगणना 3 नवंबर को होगी। प्रवक्ता के अनुसार, दूसरे चरण में 310 वार्डों के 3,211 मतदान केंद्रों पर 19,45,575 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे और यहां 1,287 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। उल्लेखनीय है कि 29 अक्तूबर को पहले चरण में जयपुर हैरिटेज, कोटा उत्तर और जोधपुर उत्तर के लिए मतदान हुआ था।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की 7 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार रविवार शाम को समाप्त हो जाएगा। इन सातों सीटों पर 3 नवंबर को मतदान होना है, जिनमें से पहले 6 सीटें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक सीट समाजवादी पार्टी (सपा) के पास रही है। इस उपचुनाव का परिणाम 10 नवंबर को आएगा। सातों सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में निर्दलीय समेत कुल 88 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें सर्वाधिक 18 प्रत्याशी बुलंदशहर सीट पर हैं। जौनपुर जिले की मल्हनी सीट पर 16 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस चुनाव में अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। कुछ सीटों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
नईदिल्ली। कोरोना वायरस का कहर अब भी बना हुआ है लेकिन भारत आज से अनलॉक 6.0 में कदम रखने जा रहा है। कंटेनमेंट जोन के अलावा दूसरी जगहों पर बाहरी गतिविधियों को बढ़ाने के साथ रविवार को भारत में अनलॉक शुरू होगा। इस हफ्ते की शुरुआत में गृह मंत्रालय (एमएचए) ने कहा था कि इसमें और ढील नहीं दी जाएगी और पिछले महीने जारी किए गए 5.0 दिशा-निर्देश 30 नवंबर तक लागू रहेंगे।
1 जून से देश में अनलॉक प्रक्रिया शुरू होने के बाद, सख्त मानक संचालन के साथ रेस्तरां, सिनेमा हॉल, जिम, मॉल, स्कूल, स्विमिंग पूल, धार्मिक स्थान और मेट्रो रेल सेवाओं की गतिविधियों को गाइडलाइन्स के साथ खोलने की अनुमति है।
पूरी क्षमता से चलेगी दिल्ली की बसें
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने शनिवार को कहा था कि यात्रियों को 1 नवंबर से डीटीसी बसों की सभी सीटों पर बैठने की अनुमति दी जाएगी। संशोधित आदेश के अनुसार, यात्रियों को यात्रा के दौरान फेस मास्क पहनना अनिवार्य है और किसी भी यात्री को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर स्कीम की बसों में खड़े होने की अनुमति नहीं होगी। यात्रियों को शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया है।
- मुम्बई में चलेंगी 610 और लोकल ट्रेन सेवाएं
कुल 610 और लोकल ट्रेन सेवाएं - 314 सेंट्रल और 296 वेस्टर्न रेलवे रविवार से चलेंगी, जो 2020 तक परिचालन में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं की कुल संख्या को आगे बढ़ाएंगी। कोविड -19 लॉकडाउन लागू होने से पहले, रेलवे 3,141 उपनगरीय सेवाएं - 1,774 सीआर और 1,6767 डब्ल्यूआर का संचालन करता था।
खुले गोवा के कैसिनो
मार्च में पूरे देश में लगने वाले लॉकडाउन के बाद अब गोवा में रविवार को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ कैसिनो खोले जाएंगे। फैसले की घोषणा करते हुए, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि यह निर्णय राज्य में पर्यटन गतिविधि को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा, 1 नवंबर से, हमने कैसीनो शुरू करने की अनुमति दी है। उन्हें सभी एसओपी का पालन करना होगा जो गृह विभाग द्वारा उन्हें जारी किया जाएगा और 50त्न क्षमता के साथ वे शुरू कर सकते हैं। हमें पर्यटन गतिविधि को बढ़ावा देने की जरूरत है।
- दुधवा टाइगर रिजर्व
उत्तर प्रदेश में स्थित प्रमुख वन्यजीव अभ्यारण्यों में से एक, दुधवा टाइगर रिजर्व (ष्ठञ्जक्र) को रविवार से फिर से खोला जाएगा। पार्क के फील्ड निदेशक संजय कुमार पाठक ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, पर्यटकों के साथ-साथ दुधवा टाइगर रिजर्व आने वाले लोगों के लिए सख्त कोविड प्रोटोकॉल इस सीजन में 1 नवंबर से लागू किया गया है। प्रोटोकॉल के किसी भी उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।
- काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में हाथी सफारी
राष्ट्रीय उद्यान 21 अक्टूबर को पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया था। लेकिन हाथी सफारी, सबसे बड़े पर्यटक आकर्षणों में से एक है, इसे फिर से शुरू नहीं किया गया था। इसकी शुरुआत आज से होगी।
- वैष्णो देवी मंदिर में 15,000 श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति
आज से शुरू होने वाले प्रति दिन वैष्णो देवी मंदिर में पंद्रह हजार तीर्थयात्रियों को अनुमति दी जाएगी। इससे पहले, केवल 7,000 तीर्थयात्रियों को कोविड -19 प्रतिबंधों के कारण तीर्थ यात्रा करने की अनुमति दी गई थी।
- दिल्ली में शादियों में 50 मेहमानों की सीमा से प्रतिबंध हटा
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने शनिवार को शादी समारोह में केवल 50 मेहमानों के प्रतिबंध को हटाकर लोगों को एक बड़ी राहत दी। मुख्य सचिव विजय देव द्वारा जारी देर रात को आए आदेश में, डीडीएमए ने मेहमानों की संख्या को ध्यान में रखते हुए बैंच्ेट हॉल में 200 व्यक्तियों या शादियों के लिए बंद स्थानों की अनुमति दी। हालांकि, अंतिम संस्कार के लिए मेहमानों की संख्या में प्रतिबंध 20 तक जारी रहेगा। ष्ठष्ठरू्र ने शनिवार को शहर में होने वाली शादियों और संबंधित कार्यों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया का एक सेट भी जारी किया।
लंदन। ब्रिटेन में पिछले 24 घंटों के दौरान वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 21,915 नये मामलों की पुष्टि होने के बाद देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 10 लाख को पार कर 10,11,660 पर पहुंच गई। ब्रिटेन के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ब्रिटेन में इस दौरान कोविड-19 के 326 मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 46,555 हो गयी है। ऐसा माना जा रहा है कि देश में कोरोना संक्रमण के नये मामलों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन दूसरा राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू करने की घोषणा कर सकते हैं।
इस बीच, ब्रिटेन की सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार समूह ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में अप्रैल महीने की तरह कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं।
गौरतलब है कि रूस, फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और स्पेन समेत कई अन्य यूरोपीय देशों में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यह सभी देश जल्द से जल्द कोरोना वैक्सीन विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं।