आज के मुख्य समाचार

मोदी 12 नवंबर को करेंगे जेएनयू में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण
Posted Date : 09-Nov-2020 1:12:56 pm

मोदी 12 नवंबर को करेंगे जेएनयू में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण

नईदिल्ली। दुनिया में ऑक्सफॉर्ड ऑफ ईस्ट यानि पूर्वी दुनिया का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू)  में युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की 157वीं जयंती के मौके पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे। स्वामी विवेकानंद के नाम से विख्यात नरेन्द्र नाथ दत्त का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। वह वेदान्त के प्रसिद्ध ज्ञाता थे।
जेएनयू के कुलपति एम. जगदीश कुमार ने एक बयान जारी कर कहा,  विश्वविद्यालय को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 नवम्बर को विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक भी आमंत्रित हैं। उन्होंने कहा कि इस मौके पर स्वामी विवेकानंद पर एक व्याख्यान का भी आयोजन किया जाएगा
कुलपति ने कहा,  स्वामी विवेकानंद भारत के सबसे लोकप्रिय बुद्धिजीवियों और आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे। उन्होंने स्वतंत्रता, विकास,  सद्भाव और शांति के अपने संदेश से भारत के युवाओं को गौरवान्वित किया। उन्होंने नागरिकों को भारतीय सभ्यता और संस्कृति पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया। स्वामी विवेकानंद हमेशा भारतीयों की शिक्षा और कल्याण की बात करते थे कि शिक्षा से ही व्यक्ति का विकास हो सकता है। खासकर समाज के निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए यह संजीवनी की तरह होता है। शिक्षा से व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ सम्पूर्ण देश का विकास होता है।
जगदीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने भाषणों और लेखों में अकसर स्वामी विवेकानंद के जीवन और मिशन का उल्लेख कर उनके पद चिन्हों पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कुलपति ने कहा, जेएनयू आभारी है कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जेएनयू समुदाय को विश्व समुदाय के बीच संबोधित करने के लिए अपनी सहमति दी है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को जेएनयू के पूर्व छात्रों के समर्थन से विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित किया गया है, जिसके लिए विश्वविद्यालय उनका आभारी है। इस पूरे कार्यक्रम को जेएनयू के फेसबुक अकाउंट से सीधा प्रसारित किया जाएगा।

सुरक्षाबलों ने फिर शुरू किया घेराबंदी तथा तलाश अभियान
Posted Date : 09-Nov-2020 1:11:29 pm

सुरक्षाबलों ने फिर शुरू किया घेराबंदी तथा तलाश अभियान

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के माचिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे जंगलों में सुरक्षा बलों ने सोमवार सुबह घेराबंदी तथा तलाश अभियान (कासो) शुरू किया। यहां पर रविवार को तड़के मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये थे। इस दौरान सुरक्षा बलों के चार जवान शहीद हो गये थे। चिनार कोर ने शहीद जवानों कैप्टन आशुतोष कुमार, हवलदार प्रवीण कुमार तथा आरएफएन. पयादा महेश्वर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी 18 मद्रास से थे। मुठभेड़ के दौरान सीमा सुरक्षा बल का एक जवान भी शहीद हुआ। रक्षा सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आज सुबह माचिल सेक्टर के घने जंगलों में बड़े पैमाने पर फिर से तलाश अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों के जवानों ने चारों तरफ से तलाश अभियान शुरू किया है, लेकिन जवानों का अभी तक आतंकवादियों से सामना नहीं हुआ है। उन्होंने कहा जवानों को रविवार देर रात एक बजे तीन आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ। जब उन संदिग्ध लोगों को चुनौती दी गयी तो उन्होंने सेना के जवानों पर ही स्वचलित हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। सतर्क जवानों ने तुरंत ही जवाब देना शुरू कर दिया जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी और तीन आतंकवादी मारे गये।
सूत्रों ने बताया कि तापमान नीचे रहने के बावजूद भी सुरक्षा बल यह सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं कि जंगलों में कोई और आतंकवादी तो नहीं छिपा है। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की सीमा में स्थित लॉन्च पैड में काफी संख्या में आतंकवादी भारतीय सीमा में प्रवेश करने की फिराक में इंतजार कर रहे हैं। हालांकि किसी तरह की घुसपैठ की कोशिश को विफल करने के लिए नियंत्रण रेखा पर तैनात सुरक्षा बलों के जवान सतर्क हैं। पाकिस्तान सैनिक आतंकवादियों के भारतीय सीमा में प्रवेश कराने के लिए लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहे हैं।

डंपर और बोलेरो की टक्कर में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, 5 घायल
Posted Date : 09-Nov-2020 1:11:08 pm

डंपर और बोलेरो की टक्कर में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, 5 घायल

मृतकों में 3 महिला, 3 पुरुष और 1 बच्चा शामिल
सतना। मध्य प्रदेश के सतना में रविवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां नागौद थाना क्षेत्र से आए मामले में बोलेरो और डंपर की टक्कर हो गई जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई, और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 3 महिला, 3 पुरुष और 1 बच्चा शामिल है। जबकि 5 गंभीर मरीजों को रीवा अस्पताल रेफर किया गया है। 
रीवा का रहने वाला विश्वकर्मा परिवार पन्ना में शोक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहीं से पूरा परिवार बोलेरो में वापस रीवा लौट रहा था। उसी दौरान नागौद थाना क्षेत्र के रेरुआ मोड़ में अचानक डंपर सामने आ गया। गाड़ी का कंट्रोल बिगड़ा और हादसा हो गया। मरने वालें सभी लोग एक ही परिवार के बताए गए है। घायल होने वाले पांचों लोगों को रीवा अस्पताल भर्ती कराया गया है। थाने में खड़ी बोलेरो की हालत अत्यंत दयनीय है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा अत्यंत भीषण था। जिसने एक ही परिवार के मासूम बच्चे सहित 7 लोगों को अपना शिकार बना लिया। 

दक्षिणी फिल्मों के सुपरस्टार चिरंजीवी कोरोना संक्रमित
Posted Date : 09-Nov-2020 1:10:40 pm

दक्षिणी फिल्मों के सुपरस्टार चिरंजीवी कोरोना संक्रमित

बेंगलुरु। दक्षिणी फिल्मों के सुपरस्टार चिरंजीवी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। सुपरस्टार ने सोमवार को ट्वीट कर स्वयं यह जानकारी दी है।
चिरंजीवी ने कहा, अपनी आने वाली फिल्म 'आचार्य की शूटिंग से पहले प्रोटोकॉल के तहत कोरोना जांच करवाई थी, जिसमें उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनमें हालांकि किसी तरह के लक्षण नहीं थे। वह स्वयं चरंटीन हो गए हैं। मेरी उन सभी से अपील है कि हाल ही जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वह सभी ऐहतियात अपनायें। 

राहुल ने दी तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई
Posted Date : 09-Nov-2020 1:10:15 pm

राहुल ने दी तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई

नईदिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में महागठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है। गांधी ने ट्वीट किया तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य का शुभाषीश! तेजस्वी यादव तब चर्चा में आए जब बिहार विधान सभा के लिए पूरे हुए मतदान के बाद एग्जिट पोल में महागठबंधन को सत्ता के करीब आते हुए दिखाया गया वह महागठबंधन की मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार है और आज उनका 31वां जन्मदिन मनाया जा रहा है जिसको लेकर गांधी ने उन्हें बधाई दी है। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम मंगलवार को आएंगे। 

नायडू ने दी उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनायें
Posted Date : 09-Nov-2020 1:09:12 pm

नायडू ने दी उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनायें

नईदिल्ली। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने उत्तराखंड निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उनकी प्रगति, समृद्धि और प्रसन्नता की कामना की है। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार को यहां बताया कि नायडू ने इस अवसर पर कहा है कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए विश्व प्रसिद्ध है। नायडू ने कहा,  सभी उत्तराखंड वासियों को उनके राज्य स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई! देवभूमि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए जग-विख्यात है। मेरी कामना है यह प्रदेश सदैव उन्नति करे... इसके कर्मशील लोग सुखी और संपन्न हों।