आज के मुख्य समाचार

मोदी सरकार का बड़ा फैसला, जमात-ए-इस्लामी पर बैन 5 साल बढ़ाया
Posted Date : 28-Feb-2024 3:35:01 am

मोदी सरकार का बड़ा फैसला, जमात-ए-इस्लामी पर बैन 5 साल बढ़ाया

नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू कश्मीर के संगठन जमात-ए-इस्लामी पर अगले पांच वर्षों के लिए प्रतिबंध बढ़ा दिया है। उक्त जानकारी खुद गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स अकाउंट पर दी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा ‘आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सरकार ने जमात-ए-इस्लाम पर प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया है’।
केंद्र की तरफ से जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध लगाने की वजह यह थी कि साल 2019 में प्रतिबंधित होने के बावजूद संगठन ने चोरी-छुपे अपनी गतिविधियां जारी रखीं और कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकवादी संगठनों की मदद की। इसके अलावा, पिछले 5 सालों में जमात-ए-इस्लामी ने ‘अल हुदा’ नाम के ट्रस्ट बनाकर आतंकियों की फंडिंग में बहुत बड़ी भूमिका निभाई. कश्मीर के साथ-साथ जम्मू में भी संगठन ने अपनी फंडिंग की गतिविधियां बढ़ाई और राजौरी को इसने अपना मुख्य केंद्र बना लिया।

 

बिहार में महागठबंधन को बड़ा झटका, आरजेडी-कांग्रेस के तीन विधायक भाजपा में हुए शामिल
Posted Date : 28-Feb-2024 3:34:39 am

बिहार में महागठबंधन को बड़ा झटका, आरजेडी-कांग्रेस के तीन विधायक भाजपा में हुए शामिल

पटना । बिहार की सियासत में मंगलवार को फिर से बड़ा खेला हुआ, जब महागठबंधन के तीन विधायक भाजपा के साथ आ गए। मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के साथ कांग्रेस विधायक मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सौरव तथा राजद की संगीता देवी विधानसभा पहुंची।
इसके बाद साफ हो गया कि महागठबंधन के तीन विधायक एनडीए के पाले में आ गए। राजद की संगीता कुमारी कैमूर जिले की मोहनिया से विधायक हैं, जबकि सिद्धार्थ सौरव विक्रम सीट और मुरारी गौतम चेनारी सीट से विधायक हैं।
भाजपा के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रवाद नीति और भाजपा के बढ़ते जनाधार को देखते हुए महागठबंधन के तीन विधायक भगवा के साथ आ गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक ओर राष्ट्रवाद और एक ओर परिवारवाद है, जिन विधायकों को राष्ट्रवाद पसंद आ रहा है, वह साथ आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राजद के तीन विधायक पाला बदलकर भाजपा के साथ आ गए। विधानसभा सचिवालय द्वारा हालांकि अब तक कोई अधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। ऐसे में आधिकारिक रूप से विधायकों की संख्या में अंतर नहीं आएगा।

 

पीएम मोदी ने 2000 से अधिक रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को किया समर्पित, 41 हजार करोड़ रुपए होंगे खर्च
Posted Date : 26-Feb-2024 7:05:48 pm

पीएम मोदी ने 2000 से अधिक रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को किया समर्पित, 41 हजार करोड़ रुपए होंगे खर्च

नई दिल्ली ।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 फरवरी को देश की जनता को एक बड़ी सौगात देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लगभग 2,000 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 2021 जगहों से करीब 40 लाख लोग जुड़े थे। इसमे 11 जगहों से मुख्यमंत्री समेत अन्य विशिष्ट लोग शामिल थे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया। इस प्रयास के तहत एक बड़े कदम के रूप में प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया। 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित इन स्टेशनों का 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। ये स्टेशन शहर के दोनों किनारों को एक साथ मिलाते हुए ‘शहर के केंद्र’ के रूप में कार्य करेंगे।
इन स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होगी। इनमें छत प्लाजा, सुंदर भूदृश्य, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, कियोस्क, फूड कोर्ट आदि शामिल हैं। साथ ही, इन्हें पर्यावरण और दिव्यांगों के अनुकूल पुनर्विकसित किया जाएगा। इन स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में गोमती नगर स्टेशन का उद्घाटन किया। लगभग 385 करोड़ रुपये की लागत से इसका पुनर्विकास किया गया है। भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान सुविधाओं को अलग कर दिया गया है। यह शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ता है।
इस केंद्रीय वातानुकूलित स्टेशन में आधुनिक यात्री सुविधाएं जैसे कि एयर कॉनकोर्स, कंजेशन फ्री सर्कुलेशन, फूड कोर्ट और ऊपरी व निचले बेसमेंट में पर्याप्त पार्किंग स्थान है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने 1500 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास भी राष्ट्र को समर्पित किया। ये रोड ओवरब्रिज व अंडरपास 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित हैं। लगभग 21,520 करोड़ रुपये की लागत से इन परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। इन परियोजनाओं से भीड़ कम होगी, सुरक्षा व कनेक्टिविटी बढ़ेगी और रेल यात्रा की क्षमता व दक्षता में सुधार होगा।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेे 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों और 1500 रेल फ्लाइओवर तथा अंडर पास निर्माण कार्यों का किया वर्चुअल उद्घाटन एवं शिलान्यास
Posted Date : 26-Feb-2024 7:05:33 pm

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेे 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों और 1500 रेल फ्लाइओवर तथा अंडर पास निर्माण कार्यों का किया वर्चुअल उद्घाटन एवं शिलान्यास

  •   राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन कार्यक्रम में हुए शामिल
  • भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती रेल नेटवर्क प्रणाली है-राज्यपाल

रायपुर / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों एवं 1500 फ्लाइओवर और अंडर पास निर्माण कार्यो का उद्घाटन एवं शिलान्यास  वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इनमें 2700 करोड़ रूपये की लागत से छत्तीसगढ़ के 21 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और 83 रोड ओवर ब्रिज व अंडर ब्रिज का निर्माण भी शामिल हैं। इस अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रायपुर सुनील सोनी उपस्थित थे।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिचंदन अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदलाव की नई इबारत लिख रहा है और भारतीय रेलवे भी अपने कायाकल्प के स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है। बीते वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर दिए गए विशेष जोर के ही कारण आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती रेल नेटवर्क प्रणाली है।
राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष के रेल बजट में हमारे राज्य को केंद्र सरकार द्वारा 6 हजार 896 करोड़ से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। यह वर्ष 2009 से वर्ष 2014 के बीच दिए गए औसतन बजट के मुकाबले 22 गुना है। दुर्ग एवं रायपुर दोनों स्टेशनों को पुनर्विकसित कर विश्वस्तरीय बनाने की योजना है। राज्य में वन्दे भारत ट्रेन भी चल रही हैं। राज्य में रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प का जो अभियान चल रहा है उसके अंतर्गत 32 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से चालू है।  
राज्यपाल ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क 100 फीसदी विद्युतीकृत हो चुका है। राज्य में बीते 10 वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन 162 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ जो कि वर्ष 2009 से 2014 की तुलना में कई गुणा ज्यादा है। इसके अतिरिक्त आनेवाले 3 से 5 साल में छत्तीसगढ़ में 36 हजार 968 करोड़ रुपए उन्नयन के लिये खर्च किये जाएंगे।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 41 हजार करोड़ रुपए लागत की रिकॉर्ड 2000 से अधिक रेल परियोजनाओं की देशवासियों को सौगात दी है। यह इतना आसान नहीं था, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा रेलवे में किए गए रिकॉर्ड निवेश के कारण आज हम सब इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने है।
    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए किये जा रहे कार्यो का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नये रोड ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज बनाये जाने से छत्तीसगढ़ राज्य में सड़क एवं रेल परिवहन और भी अधिक सुगम, सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संचालित होगा। रायपुर लोकसभा के सांसद सुनील सोनी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से छोटे से छोटा स्टेशन भी मॉडल स्टेशन बन रहा है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में वंदे भारत ट्रेन की तरह और भी तेज गति की ट्रेनें चलेंगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्कूली बच्चों के लिए निबंध, कविता, भाषण, प्रतियोगिताएं आयोजित गई थी। इन प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल नेे पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र  वितरित किए।
गौरतलब है कि इस योजना में छत्तीसगढ़ के 21 रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है। जिनमें कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, सरोना, भाटापारा, डोंगरगढ़, भिलाई नगर, हथबंध, बिल्हा, बैकुन्ठपुर रोड, अंबिकापुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, जांजगीर नैला, चांपा, बाराद्वार, दल्लीराजहरा, भानुप्रतापपुर, निपनिया, मंदिरहसौद, भिलाई के स्टेशनों का पुनर्विकास किया जायेगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा, दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के जी.एम. आलोक कुमार, रायपुर रेल मंडल के डीआरएम संजीव कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित थे।

 

नहीं रहे मशहूर गजल गायक पंकज उधास, 72 साल की उम्र में निधन
Posted Date : 26-Feb-2024 7:02:13 pm

नहीं रहे मशहूर गजल गायक पंकज उधास, 72 साल की उम्र में निधन

नई दिल्ली । मशहूर सिंगर पंकज उधास का आज 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। सिंगर पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। भारतीय संगीत इंडस्ट्री में उनकी तुलना तलत अजीज़ और जगजीत सिंह जैसे अन्य संगीतकारों से होती थी।
पंकज उधास की बेटी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट जारी कर परिवार का स्टेटमेंट जारी किया है। इस पोस्ट में कहा गया, ‘अतयंत दुख के साथ, हम आपको बेहद दुख के साथ बता रहे हैं कि पद्मश्री पंकज उधासा का 26 फरवरी 2024 को निधन हो गया है। वो लंबे वक्त से बीमार थे।’
उधास को फिल्म ‘नाम’ में गायकी से प्रसिद्धि मिली, जिसमें उनका एक गीत ‘चिठ्ठी आई है’ काफी लोकप्रिय हुआ था। उसके बाद से उन्होंने कई फिल्मों के लिए अपनी सदाबहार आवाज दी। इसके अलावा उन्होंने कई एल्बम भी रिकॉर्ड किये और एक कुशल गजल गायक के रूप में पूरी दुनिया में अपनी कला का प्रदर्शन किया। साल 2006 में प्रंकज उधास को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

 

बिना ड्राइवर के मालगाड़ी चलने के मामले में स्टेशन मास्टर समेत 6 सस्पेंड
Posted Date : 26-Feb-2024 7:01:07 pm

बिना ड्राइवर के मालगाड़ी चलने के मामले में स्टेशन मास्टर समेत 6 सस्पेंड

जालंधर । जम्मू-कश्मीर के कठुआ से मालगाड़ी (14806क्र) बिना ड्राइवर-गार्ड के 78 किलोमीटर का सफर तय करके पंजाब पहुंच गई थी। उस मामले में रेलवे विभाग ने कार्रवाई करते हुए कठुआ रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट सहित 6 लोगों को सस्पेंड कर दिया है। पूरे मामले की जानकारी फिरोजपुर डिवीजन के डीआरएम संजय साहू ने दी है। ष्ठक्ररू संजय साहू ने बताया कि कड़ी मशक्कत और प्लानिंग के साथ गाड़ी को रोका गया। उन्होंने कहा अभी तक जो कमेटी बनाई गई है पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिरकार बंद इंजन होने के बावजूद क्रेशर मालगाड़ी कठुआ रेलवे स्टेशन से चलकर ऊंची बस्सी तक कैसे पहुंची। उल्लेखनीय है कि ऐसा ही एक मामला साल 2020 में झारखंड से सामने आया था। एक मालगाड़ी बरसुआ रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। इस दौरान ट्रेन अचानक रोल होना शुरू हुई। इसके बाद ट्रेन ट्रेन पीछे की तरफ चलते हुए बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन की तरफ बढऩे लगी और 100 की रफ्तार पर दौडऩे लगी।