आज के मुख्य समाचार

नौसेना ने समुद्र में पाल वाली एक नौका से 3,300 किलोग्राम ड्रग्स जब्त किया
Posted Date : 29-Feb-2024 2:49:42 am

नौसेना ने समुद्र में पाल वाली एक नौका से 3,300 किलोग्राम ड्रग्स जब्त किया

नई दिल्ली । भारतीय नौसेना ने एक विशेष ऑपरेशन के दौरान एक पाल वाली नौका से नशीली दवाओं की सबसे बड़ी खेपों में से एक जब्त की है।
अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि भारतीय नौसेना ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के समन्वय से समुद्र में लगभग 3,300 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ ले जा रहे एक संदिग्ध पाल वाली नौका (डाऊ) को पकड़ा। इसमें 3,089 किलोग्राम चरस, 158 किलोग्राम मेथमफेटामाइन और 25 किलोग्राम मॉर्फिन था – जो हाल के दिनों में पकड़ा गया मात्रा के मामले में अब तक का सबसे बड़ा खेप है।
निगरानी मिशन पर पी8आई विमान के इनपुट के आधार पर मिशन पर तैनात जहाज को तस्करी में लगे संदिग्ध डाऊ को रोकने के लिए डायवर्ट किया गया था।
पकड़ी गई नाव और चालक दल के साथ प्रतिबंधित सामग्री को भारतीय बंदरगाह पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया गया।
अधिकारी ने कहा, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतीय नौसेना की समन्वित प्रतिक्रिया देश के समुद्री पड़ोस में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हमारे दृढ़ रुख को दर्शाती है।
अदन की खाड़ी और अरब सागर में चल रही समुद्री सुरक्षा स्थिति के जवाब में भारतीय नौसेना ने भी विशेष बलों की तैनाती की है।
अधिकारियों ने कहा कि नौसेना ने क्षेत्र में समुद्री डकैती रोधी अभियानों को जारी रखने के लिए अरब सागर में सी-130 विमानों से पैराड्रॉपिंग करके विशेष बलों की तैनाती की।

 

जया प्रदा फरार घोषित
Posted Date : 29-Feb-2024 2:49:26 am

जया प्रदा फरार घोषित

रामपुर । अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा को यूपी के रामपुर की एक विशेष अदालत ने फरार घोषित कर दिया है, क्योंकि वह अपने खिलाफ दो मामलों की सुनवाई में हाजिर नहीं हुईं। यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित है, जब वह रामपुर सीट से भाजपा की उम्मीदवार थीं।
सात बार गैर जमानती वारंट जारी होने के बावजूद जया प्रदा कोर्ट के सामने पेश नहीं हुईं। न्यायाधीश शोभित बंसल की अध्यक्षता वाली एमपी- एमएलए विशेष अदालत ने अब पुलिस अधीक्षक को 6 मार्च तक अदालत में उनकी हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए डिप्टी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाने का निर्देश दिया है। यह कानूनी प्रावधान तब लागू किया जाता है, जब कोई आरोपी व्यक्ति वारंट के बावजूद अदालत में पेश होने में विफल रहता है, जिससे उसकी हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए उद्घोषणा प्रक्रिया शुरू होती है। जया प्रदा पहले राज्यसभा सांसद और फिर लोकसभा सांसद बनीं। वह 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुई थीं।

 

हिमाचल : क्रॉस वोटिंग करने वाले 6 कांग्रेस विधायकों की सदस्यता खतरे में, स्पीकर ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
Posted Date : 29-Feb-2024 2:49:10 am

हिमाचल : क्रॉस वोटिंग करने वाले 6 कांग्रेस विधायकों की सदस्यता खतरे में, स्पीकर ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

शिमला । राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर क्रॉस वोटिंंग करने वाले 6 कांग्रेस विधायकों की सदस्यता खतरे में है। सीएम सुक्खू ने स्पीकर से इन विधायकों को अयोग्य करने की मांग की है। स्पीकर कुलदीप पठानिया ने मामले की सुनवाई शुरू कर दी है और सभी छह विधायकों को नोटिस भी जारी कर दिया है। संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान की ओर से दिए गए प्रस्ताव में कहा गया है कि ये विधायक व्हिप जारी करने के बावजूद सदन में नहीं आए। अब स्पीकर कुलदीप पठानिया को इस मामले में निर्णय लेना है।
कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकार पर मंडराए संकट के बीच बुधवार को कहा कि जनादेश को बरकरार रखने के लिए सारे विकल्प खुले हुए हैं तथा जरूरत पडऩे पर वह कठोर निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगी। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लोगों के अधिकार को कुचलना और प्रदेश को ‘राजनीतिक आपदा’ में धकेलना चाहती है।
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर हुए मतदान में कांग्रेस के छह विधायकों द्वारा ‘क्रॉस वोटिंग’ किये जाने के बाद भाजपा ने सीट पर जीत हासिल की थी और उसके बाद से राज्य में राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पर्यवेक्षकों से बात की है और उनसे कहा है कि वे विधायकों से बात करके जल्द रिपोर्ट सौंपें। उनका कहना है कि पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।

 

दर्दनाक हादसा : यात्रियों से भरी हुई बस नदी में गिरी, 31 लोगों की मौत
Posted Date : 29-Feb-2024 2:48:20 am

दर्दनाक हादसा : यात्रियों से भरी हुई बस नदी में गिरी, 31 लोगों की मौत

बामाको । माली के परिवहन मंत्रालय ने फेसबुक पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि माली में पश्चिमी शहर केनीबा के पास एक यात्री बस नदी पर बने पुल से लहराती हुई नीचे गिर गई, जिससे बस में सवार कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई। बस बुर्किना फासो जा रही थी, जब शाम करीब पांच बजे वह पुल से गुजर रही थी तो यह दुर्घटना हुई। बस में मालियन और पश्चिमी अफ्रीकी उपक्षेत्र के कई नागरिक सवार थे। इसमें कहा गया, संभावित कारण ड्राइवर का वाहन को नियंत्रित करने में विफलता थी।
हादसे के बाद सरकार ने घोषणा की कि दक्षिणी माली में एक चालक ने एक यात्री बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। बता दें कि माली में मुख्य रूप से खराब सडक़ और वाहन की स्थिति के कारण सडक़ दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इससे पहले 19 फरवरी को, मध्य माली में एक सार्वजनिक परिवहन बस और लॉरी के बीच एक यातायात दुर्घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 46 से अधिक घायल हो गए। संयुक्त राष्ट्र के 2023 के आंकड़ों से पता चलता है कि दुनिया में यातायात से होने वाली मौतों में से लगभग एक चौथाई मौतें अफ्रीका में होती हैं।

 

पाकिस्तान में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी बस, 10 लोगों की दर्दनाक मौत
Posted Date : 29-Feb-2024 2:48:04 am

पाकिस्तान में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी बस, 10 लोगों की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली । पाकिस्तान में एक भयानक सडक़ हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में पहाडिय़ों से गुजर रही एक बस तेज रफ्तार से चल रही थी। अचानक एक मोड़ पर बस चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सीधे खाईं में पलटते हुए जा गिरी। जैसे ही बस अनियंत्रित हुई वैसे ही उसमें बैठे लोगों के बीच हाहाकार मच गया। जब तक कुछ लोग समझ पाते तब तक कई लोग अपनी जान गवां चुके थे। अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। रात में हादसा होने की वजह से लोगों तक मदद पहुंचने में भी देर हुई। किसी तरह लोगों को स्थानीय जनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी है।
बताया ज रहा है कि उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में देर रात यह हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। बस हरिपुर जिले के खानपुर से एक पहाड़ी गांव की ओर जा रही थी, तभी तरनावा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि तेज गति के कारण एक मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बचाव वाहन दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को निकाला। घायलों को हरिपुर जिले के एक ट्रॉमा सेंटर में स्थानांतरित किया गया है।

 

जापान ने विरोध के बावजूद फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के दूषित जल को प्रशांत महासागर में छोडऩा शुरू किया
Posted Date : 29-Feb-2024 2:47:46 am

जापान ने विरोध के बावजूद फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के दूषित जल को प्रशांत महासागर में छोडऩा शुरू किया

टोक्यो । जापान ने बुधवार को फुकुशिमा दाइची परमाणु ऊर्जा संयंत्र से रेडियोधर्मी विकिरण वाला दूषित पानी प्रशांत महासागर में छोडऩे का चौथा दौर शुरू कर दिया।
स्थानीय निवासियों और मछुआरों के विरोध के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया के बावजूद, संयंत्र के संचालक टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी ने स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 11:30 बजे रेडियोधर्मी अपशिष्ट जल को महासागर में छोडऩा शुरू कर दिया।
पिछले तीन दौरों के समान, लगभग 7,800 टन अपशिष्ट जल, जिसमें अभी भी ट्रिटियम, एक रेडियोधर्मी पदार्थ है, लगभग 17 दिन में छोड़ा जाएगा।
देश में 11 मार्च 2011 को 9.0 तीव्रता के भूकंप और उसके बाद आई सुनामी से प्रभावित फुकुशिमा परमाणु संयंत्र को कोर मेल्टडाउन का सामना करना पड़ा, जिससे बड़ी मात्रा में विकिरण हुआ। इसके परिणामस्वरूप स्तर -7 परमाणु दुर्घटना हुई, जो अंतर्राष्ट्रीय परमाणु और रेडियोलॉजिकल घटना पैमाने पर सबसे अधिक थी।
रिएक्टर भवनों में परमाणु ईंधन को ठंडा करने से संयंत्र से रेडियोधर्मी पदार्थों से दूषित पानी की भारी मात्रा बन रही है, जिसे अब परमाणु संयंत्र में टैंकों में संग्रहीत किया जा रहा है।