आज के मुख्य समाचार

 कार दुर्घटनाग्रस्त, दो लोगों की हुई मौत
Posted Date : 28-Mar-2024 4:11:01 am

कार दुर्घटनाग्रस्त, दो लोगों की हुई मौत

धार। मांडव थाना अंतर्गत ग्राम ज्ञानपुरा में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। दो लोगों को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है। वहीं दो लोगों का उपचार धार के निजी अस्पताल मेंच ल रहा है। मृतकों में धार के दो युवक दीपक सिंधी और अंकित राठौर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार धर के कुछ युवक अर्टिगा वाहन से नर्मदा स्नान के लिए महेश्वर के त्रिवेणी संगम गए हुए थे। लौटते समय मांडव के ग्राम ज्ञानपुरा में नालछा के समीप उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को जिला भोज अस्पताल में पीएम कक्ष में रखवाया। जहां दोनों युवकों का पोस्टमार्टम होगा। नालछा थाना प्रभारी अभय नेमा ने बताया कि नालछा के समीप एक आॢटगा वाहन में छह लोग सवार थे जो दुर्घटना का शिकार हुए हैं। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दो लोगों को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है। अन्य का उपचार जारी है। मांडू थाना प्रभारी अभय कुमार नीमा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना रात 11:00 बजे की है, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायल और मृतक लोगों को जिला अस्पताल धार रेफर किया 108 एंबुलेंस और 100 डायल से पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

 

बिजनौर में अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरी, चार की मौत
Posted Date : 28-Mar-2024 4:10:43 am

बिजनौर में अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरी, चार की मौत

बिजनौर । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार सडक़ किनारे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गांव गुनियापुर के नजदीक एनएच- 74 पर बुधवार सुबह सडक़ के किनारे बड़े गड्ढे में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में पिता और दो बेटे शामिल बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान अमरोहा के सिकहेराड़ा गांव निवासी मेहर सिंह के बेटे प्रवेंद्र और रतन तथा उनके साले देवेन्द्र के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजा गया है। बताया जाता है कि ये सभी लोग अमरोहा से ऋषिकेश जा रहे थे। आगे घटना की जांच जारी है।

 

लेह में जवानों के साथ होली मनाने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा, लद्दाख भारत के शौर्य और पराक्रम की राजधानी
Posted Date : 25-Mar-2024 3:48:55 am

लेह में जवानों के साथ होली मनाने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा, लद्दाख भारत के शौर्य और पराक्रम की राजधानी

नई दिल्ली ,।  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लद्दाख क्षेत्र को देश के शौर्य और पराक्रम की राजधानी करार दिया।
राजनाथ सिंह ने रविवार को लेह में जवानों के साथ होली खेली। इस दौरान उन्हों कहा, जैसे दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी है, मुंबई वित्तीय राजधानी है और बेंगलुरु प्रौद्योगिकी राजधानी है, ऐसे ही लद्दाख भारत की शौर्य और पराक्रम की राजधानी है।
राजनाथ सिंह के साथ थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे और फायर एंड फ्यूरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल राशिम बाली भी थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वीर जवानों के देश की सीमाओं की रक्षा करने से पूरा देश सुरक्षित महसूस करता है। सीमा पर तैयार रहने वाले जवानों के कारण ही देश प्रगति कर रहा है और खुशहाल जीवन जी रहा है।
हर एक नागरिक को सशस्त्र बलों पर गर्व है। वे अपने परिवारों से बहुत दूर रहते हैं ताकि हम होली और अन्य त्योहार अपने परिवारों के साथ शांति से मना सकें। राष्ट्र हमेशा हमारे सैनिकों का ऋणी रहेगा। उनका साहस और बलिदान आने वाली पीढिय़ों को प्रेरित करता रहेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा, मैंने एक दिन पहले सैनिकों के साथ होली मनाने का फैसला किया। मेरा मानना है कि त्योहार सबसे पहले देश के रक्षकों को और उनके साथ मनाना चाहिए।
उन्होंने तीनों सेनाओं के प्रमुखों से एक दिन पहले सैनिकों के साथ त्योहार मनाने की नई परंपरा स्थापित करने का आग्रह किया।
राजनाथ सिंह ने कहा, कारगिल की बर्फीली चोटियों पर, राजस्थान के तपते मैदानों में और गहरे समुद्र में स्थित पनडुब्बियों में सैनिकों के साथ इस तरह का जश्न हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग बनना चाहिए।
राजनाथ सिंह ने राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में लेह के युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
0

सूखे पर सियासत कर्नाटक का आरोप पैसा नहीं मिला, केंद्रीय वित्त मंत्री बोलीं- एक-एक पैसा दे दिया गया है
Posted Date : 25-Mar-2024 3:48:39 am

सूखे पर सियासत कर्नाटक का आरोप पैसा नहीं मिला, केंद्रीय वित्त मंत्री बोलीं- एक-एक पैसा दे दिया गया है

बेंगलुरु ,। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक कांग्रेस पार्टी की ओर से लगाए गए आरोपों के विपरीत केंद्र सरकार कर्नाटक को धन देने में समय पर और उदार रही है। दरअसल कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका कहना है कि पानी की कमी से जूझ रहे राज्य को केंद्र सरकार से धन नहीं मिल रहा है। केंद्र से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) जारी करवाने के लिए राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। सीतारमण ने विशिष्ट आंकड़े प्रदान करके अपने आरोपों का समर्थन किया, जिसमें विशेषकर कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल की तुलना में कर्नाटक को कर हस्तांतरण और सहायता अनुदान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी। सीतारमण ने कहा,केंद्र सरकार की ओर से कर्नाटक को देय एक-एक पैसा राज्य सरकार को दिया गया है और समय पर दिया गया है। वर्ष 2014 से 2024 तक कर हस्तांतरण में 258 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो संप्रग के 10 वर्षों की तुलना में 3.5 गुना अधिक है। उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में कहा,राज्यों को दिए जाने वाले अनुदान में 273 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो यूपीए सरकार द्वारा दिए गए अनुदान से 3.7 गुना अधिक है। वर्ष 2004 से 2014 के बीच, कर्नाटक को प्रति वर्ष टैक्स रिटर्न के रूप में 81,795 करोड़ रुपये दिए गए। वर्ष 2014 से 2024 के बीच राज्य को भुगतान किया गया कर हस्तांतरण लगभग 2.93 लाख करोड़ रुपये है।
सीतारमण ने सरकारी फंडिंग के बारे में चर्चा में तथ्यात्मक सटीकता के महत्व पर भी जोर दिया और आलोचकों से आरोप लगाने से पहले डेटा की जांच करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने न केवल कर्नाटक के प्रति अपने वित्तीय दायित्वों को पूरा किया है, बल्कि राज्य को समर्थन के पिछले स्तरों को भी पार कर लिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा,कोई भी यह दावा नहीं कर रहा है कि हमने इतना या कुछ भी दिया है, लेकिन गलत तरीके से आरोप लगाना और दोषारोपण करना कि आप कर्नाटक को पैसे नहीं दे रहे हैं, मुझे इसपर खेद है। कृपया आंकड़ों को देखें, तारीखों को देखें जब पैसा मिल गया है, और फिर हमें कुछ खास और सही बताएं ताकि मैं जवाब दे सकूं। सीतारमण ने कहा,जब उन्होंने इसे समय पर दिया है और कभी-कभी समय से पहले दिया है, तो यह कहकर लोगों को गुमराह करना कि पैसा नहीं आ रहा है, बिल्कुल भी जिम्मेदार वक्तव्य नहीं है।
वहीं कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा, ‘हमने राज्य को सूखा राहत निधि के वितरण में देरी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ ये याचिका दायर की है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सूखे की स्थिति पर मंत्रिस्तरीय टीम द्वारा अपनी रिपोर्ट सौंपने के पांच महीने बाद भी केंद्र ने धनराशि जारी नहीं की है।

 

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया एकजुट, 31 को रामलीला मैदान में प्रदर्शन का ऐलान
Posted Date : 25-Mar-2024 3:48:23 am

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया एकजुट, 31 को रामलीला मैदान में प्रदर्शन का ऐलान

नई दिल्ली ,। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में विपक्षी गठजोड़ इंडिया एकजुट हो गया है। इंडिया ने अब 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में विशाल प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। विपक्ष इस कार्यक्रम के जरिए बीजेपी और पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करना चाहेगा।
दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और लेफ्ट नेताओं ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अपना विरोध जताया। गोपाल राय ने कहा कि 31 मार्च की रैली रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए पुलिस व प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। यह रैली रविवार 31 मार्च सुबह 10 बजे बुलाई गई है। गोपाल राय ने कहा कि जिस कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है उसमें आज तक कोई मनी ट्रेल सीबीआई या ईडी नहीं ढूंढ पाई है। राय ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के खाते सीज कर दिए गए। आज कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार के लिए अपने ही खातों के पैसों का इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि इतनी पुरानी पार्टी का खाता सीज हो सकता है तो इनको चंदा देने वाले व्यापारियों का खाता भी सीज किया जा सकता है। लोगों की स्वतंत्रता का हनन हो रहा है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में अपने गठबंधन के सभी साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। लवली ने कहा कि चुनाव में सभी को समान अवसर नहीं मिल रहे। चुनाव जीतने के लिए चुने हुए मुख्यमंत्रियों, चाहे वह हेमंत सोरेन हों या अरविंद केजरीवाल, उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने सत्ता पक्ष से प्रश्न करते हुए कहा कि आप किस तरह का लोकतंत्र देश में स्थापित करना चाहते हैं।
लवली ने कहा कि 31 तारीख को होने वाली रैली में गठबंधन के सभी शीर्ष नेता होंगे। यह रैली कोई राजनीतिक रैली नहीं होगी, बल्कि यह देश में लोकतंत्र को बचाने का एक कदम है। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा सभी सामाजिक संगठनों, आरडब्लूए व सिविल सोसाइटी के लोगों से इस रैली में पहुंचने का अनुरोध किया। वहीं लेफ्ट ने भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए आम आदमी पार्टी को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है।

 

खौफनाक : डंपर से कुचल कर 5 लोगों की हत्या, आपसी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम
Posted Date : 25-Mar-2024 3:48:05 am

खौफनाक : डंपर से कुचल कर 5 लोगों की हत्या, आपसी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम

जयपुर ,।  राजस्थान के झालावाड़ जिले में आपसी रंजिश में 5 लोगों को डंपर से कुचल दिया है। हादसे में दो सगे भाइयों सहित पांच लोगों की मौत की खबर है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। यह घटना पगारिया थाना क्षेत्र के बिन्यगा गांव की बताई जा रही है। वारदात के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पगारिया थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आपसी कहासुनी ने बड़ा विवाद का रूप ले लिया। आपसी रंजिश के बाद पगारिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे पांच लोगों को डंपर से कुचल दिया।
भवानीमंडी डीएसपी प्रेम चौधरी ने बताया कि देर रात पगारिया थाना क्षेत्र के बिन्यगा गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। इसमें से एक पक्ष के पांच लोग जिनमें दो सगे भाई भी बताए जा रहे है। उनकी डंपर से कुचल हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आपसी विवाद के बाद पांचों लोग पगारिया थाने में शिकायत दर्ज करवाने जा रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने इन पर डंपर चढ़ा दिया। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
आरोपियों के राज्य के सीमावर्ती इलाके के बाहर भागने का इनपुट मिला है। जिसके बाद राजस्थान से सटे मध्य प्रदेश राज्य में भी पुलिस की कई टीमों को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पांचों मृतक के शव आवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। घटना के आरोपियों की तलाश में पगारिया, डग, मिश्रोली के साथ एडिशनल एसपी चिरंजी लाल मीणा सहित पुलिस की टीम जुट गई है।