आज के मुख्य समाचार

दर्दनाक हादसा: घर में लगी भीषण आग, दम घुटने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
Posted Date : 01-Apr-2024 4:14:53 am

दर्दनाक हादसा: घर में लगी भीषण आग, दम घुटने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

देवभूमि द्वारका । गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। देवभूमि द्वारका जिले में स्थित एक घर में आग लग गई। इस हादसे में एक शिशु सहित चार सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस निरीक्षक टीसी पटेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि द्वारका शहर के आदित्य रोड पर स्थित घर की पहली मंजिल पर रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे आग लग गई थी। घटना के वक्त परिवार के पांच सदस्य सो रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि एक बुजुर्ग महिला इस हादसे में बच गई हैं, जो ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद कमरे में सो रही थी। अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि ओवरहीटिंग के बाद एयर कंडीशनर में विस्फोट के कारण आग लगी।
उन्होंने बताया कि आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को लगाया गया है। मृतकों की पहचान पवन उपाध्याय (39), उनकी पत्नी तिथि (29), बेटी ध्याना और मां भवानीबेन (69) के रूप में हुई है।

 

फिर कानूनी पचड़े में फंसें एल्विश यादव, गायक फाजिलपुरिया के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज
Posted Date : 31-Mar-2024 6:02:49 am

फिर कानूनी पचड़े में फंसें एल्विश यादव, गायक फाजिलपुरिया के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज

गुरुग्राम । गुरुग्राम की अदालत के आदेश के बाद जिला पुलिस ने शनिवार को संगीत वीडियो में दुर्लभ प्रजाति के सांपों का इस्तेमाल करने के आरोप में बिग बॉस ओटीटी 2 विजेता एल्विश यादव और गायक राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के खिलाफ मामला दर्ज किया। इससे पहले, गुरुवार को अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार राणा की अदालत ने यादव और फाजिलपुरिया के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।
दोनों के खिलाफ बादशाहपुर पुलिस स्टेशन में पशु क्रूरता अधिनियम और आईपीसी की धारा 294 सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बादशाहपुर पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) सतीश देशवाल ने बताया, अदालत के आदेश के आधार पर शनिवार को एल्विश यादव और राहुल यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हालांकि, दोनों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। आगे की कार्यवाही चल रही है।
मामले की अगली सुनवाई 10 अप्रैल को तय की गई है। इस तारीख पर बादशाहपुर पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले में अनुपालन रिपोर्ट अदालत को सौंपेगी।पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) के सदस्य सौरभ गुप्ता द्वारा पिछले साल नवंबर में दायर एक शिकायत में एल्विश यादव और राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने अपने संगीत वीडियो में अवैध रूप से दुर्लभ प्रजाति के सांपों का इस्तेमाल किया है।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने वीडियो शूट करने के लिए पशु कल्याण बोर्ड, जिला प्रशासन या वन विभाग से अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने अदालत में एक याचिका भी दायर की थी, जिसमें कहा गया था कि उन्हें वन्यजीव तस्करी गिरोहों से धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह पत्र पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, गुरुग्राम के जिला एवं सत्र न्यायाधीश और गुरुग्राम पुलिस आयुक्त को भी भेजा था। सौरभ ने पत्र में सोशल मीडिया पर लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने और शिकायत वापस लेने का दबाव डालने का जिक्र किया है।
इस मामले में कोर्ट ने यादव और फाजिलपुरिया को नोटिस जारी किया और गुरुग्राम पुलिस को मामले की जांच करने का निर्देश दिया। विवाद जनवरी 2023 में पैदा हुआ, जब यादव ने अपने गीत ’32 बोर’ के लिए एक संगीत वीडियो जारी किया। वीडियो में कई दृश्य दिखाए गए, जिनमें यादव और अन्य नर्तक सांपों के साथ बातचीत करते नजर आए। यादव को 23 मार्च को यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न से जुड़े मारपीट के मामले में गुरुग्राम की एक अदालत ने जमानत दे दी थी।

 

भारी भीड़ के बीच मुख्तार अंसारी अपने पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक
Posted Date : 31-Mar-2024 6:02:33 am

भारी भीड़ के बीच मुख्तार अंसारी अपने पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक

गाजीपुर । पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी के शव को शनिवार को गाजीपुर जिले के मुहम्मदाबाद स्थित उसके पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इससे पहले उनका जनाजा निकला जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।
जब जनाजा कब्रिस्तान के अंदर चला गया तो वहां कम से कम पांच हजार लोग मौजूद थे। इसके पहले माफिया मुख्तार अंसारी का जनाजा कब्रिस्तान पहुंचा।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुख्तार के बेटे उमर अंसारी ने खुद हाथ में माइक ले ली और लोगों से पीछे हटने की अपील करते रहे, साथ ही यह सूचना देते रहे कि कब्रिस्तान के अंदर सिर्फ परिवार को जाने की अनुमति है।
हालांकि कुछ लोगों ने दीवार फांदने की कोशिश भी की।
मुख्तार अंसारी की कब्र उनके पिता व मां की कब्र के समीप खोदी गई। सुरक्षा के लिहाज से कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती रही।
इससे पहले मुख्तार अंसारी का शव एंबुलेंस से भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचा गाजीपुर पहुंचा। कब्रिस्तान के बाहर पुलिस का सख्त पहरा रहा। समर्थकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर जनाजे के लिए रास्ता बनाया।
ग़ाज़ीपुर में गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी के आवास के बाहर सुबह कुछ देर तक शव को रखा गया।
मुख्तार अंसारी का शव भारी पुलिस बल के साथ रात 1:15 बजे पैतृक कस्बा मुहम्मदाबाद के आवास पर पहुंचा। शव आने की सूचना पर हजारों की संख्या में समर्थक जुट गए।
सुरक्षा के लिहाज से कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती रही।
0

बम की तरह फटा गैस सिलेंडर.. चाय बना रही महिला और 3 बच्चो की दर्दनाक मौत
Posted Date : 31-Mar-2024 6:02:16 am

बम की तरह फटा गैस सिलेंडर.. चाय बना रही महिला और 3 बच्चो की दर्दनाक मौत

0-सिलेंडर फटने के बाद लगी आग कमरे मे सो रहे 3 मासूम बच्चो की जिंदगी लील गई
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया के भलुअनी कस्बे के पास डुमरी गांव में शनिवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर फटने से महिला और तीन बच्चों की मृत्यु हो गई है। धमाका इतना तेज था कि कमरे की छत और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। आग पर जब तक काबू पाया जाता, महिला और उसके तीनों बच्चे पूरी तरह जल चुके थे। महिला अपने पति के लिए चाय बनाने गई थी। पति कमरे के बाहर था, जिसकी वजह से बच गया।
चाय बनाने के दौरान हुआ हादसा...
डुमरी गांव के रहने वाले शिव शंकर गुप्ता की 35 वर्षीय पत्नी आरती देवी ने शनिवार सुबह सोकर उठने के बाद चूल्हे पर चाय का पैन रखकर जैसे ही गैस जलाया रेगुलेटर में आग लग गई। उसने शोर मचाया, लेकिन तभी सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे घर में आग लग गई। आग घर के दूसरे कमरे तक पहुंच गई, जिससे कमरे में सो रही 14 वर्षीय आंचल, 12 साल का कुंदन और 11 वर्षीय सृष्टि आग की चपेट में आ गए।सभी की कमरे में ही जलकर मृत्यु हो गई। उन्हें बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला।

 

भारतीय नौसेना ने दुनिया को फिर दिखाया साहस, लुटेरों के चंगुल से छुड़वाया पोत और 23 पाकिस्तानी नागरिक
Posted Date : 31-Mar-2024 6:01:51 am

भारतीय नौसेना ने दुनिया को फिर दिखाया साहस, लुटेरों के चंगुल से छुड़वाया पोत और 23 पाकिस्तानी नागरिक

नई दिल्ली । भारतीय नौसेना ने एक बार फिर साहस का परिचय देते हुए न केवल ईरानी पोत को लुटेरों के चंगुल से छुड़ाया, बल्कि चालक दल के 23 पाकिस्तानी सदस्यों को बचा लिया। यह पूरा आपरेशन कई घंटे चला। दरअसल ईरान की अल-कंबर 786 नाम की पोत अरब सागर में मछली पकडऩे गई थी। इसके चालक दलों में 23 पाकिस्तानी नागरिक थे, तभी अचानक से समुद्री लुटेरों ने हमला कर शिप को हाइजैक कर लिया। नौसेना द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, आईएनएस सुमेधा ने एफवी ‘अल कंबर’ को रोका और बाद में अभियान में मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस त्रिशूल से जुड़ गया। 12 घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जहाज में करीब नौ समुद्री लुटेरे सवार थे। घटना के दौरान, ईरानी जहाज सोकोट्रा से 90 एनएम दक्षिण पश्चिम में था। भारतीय नौसेना ने कहा कि हम समुद्री सुरक्षा के लिए राष्ट्रीयता की परवाह नहीं करते। हम समुद्री सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

नरसिम्हा राव समेत चार शख्सियतों को मरणोपरांत मिला भारत रत्न, लालकृष्ण आडवाणी को कल मिलेगा सम्मान
Posted Date : 31-Mar-2024 6:01:35 am

नरसिम्हा राव समेत चार शख्सियतों को मरणोपरांत मिला भारत रत्न, लालकृष्ण आडवाणी को कल मिलेगा सम्मान

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत रत्न देने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को चार शख्सियतों को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया है। भारत रत्न सम्मान प्राप्त करने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और कृषि वैज्ञानिक डॉ एमएस स्वामीनाथन सभी मरणोपरांत शामिल हैं। वहीं, लालकृष्ण आडवाणी को 31 मार्च को भारत रत्न दिया जाएगा।
समारोह के दौरान नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव, चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी, कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर और एमएस स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति से यह सम्मान प्राप्त किया है।।
गौर हो कि केंद्र सरकार ने इस साल 5 हस्तियों को भारत रत्न सम्मान देने का ऐलान किया था। 2014 में सत्ता संभालने के बाद से मोदी के कार्यकाल में मदन मोहन मालवीय, अटल बिहारी वाजपेयी, प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को यह सम्मान मिल चुका है। 2024 के 5 हस्तियों को मिलाकर इस सम्मान को अब तक हासिल करने वालों की संख्या 53 हो गई।