खेल-खिलाड़ी

21-Apr-2024 9:14:01 pm
Posted Date

बलराज नौकायन में पेरिस ओलंपिक का टिकट पाने वाले पहले भारतीय

नई दिल्ली  ।  बलराज पंवार ने रविवार को दक्षिण कोरिया के चुंग्जू में विश्व एशियाई और ओसनियाई ओलंपिक एवं पैरालंपिक क्वालीफिकेशन रेगाटा में पुरुष एकल स्कल स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहकर भारत को नौकायन में पहला पेरिस ओलंपिक कोटा दिलाया। वह 7:01.27 मिनट का समय निकालकर 2000 मीटर रेस में तीसरा स्थान पर रहे। हरियाणा के करनाल के पंवार ने धीमी शुरुआत के बाद दबदबा बनाया। कजाखस्तान के व्लादिस्लाव याकोवलेव (6:59.46) ने स्वर्ण और इंडोनेशिया के मेमो मेमो ने दूसरा स्थान हासिल किया।
लाइटवेट डबल स्कल्स में चूके : पुरुष एकल स्कल में शीर्ष पांच नौकाचालक ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करते हैं। लाइटवेट डबल स्कल्स में देश क्वालीफाई नहीं कर सका। भारत ने पिछले टोक्यो ओलंपिक में इस स्पर्धा में हिस्सा लिया था। उज्जवल कुमार और अरविंद सिंह की भारतीय जोड़ी तीसरे स्थान पर रही जबकि इसमें शीर्ष दो जोड़ी कोटा हासिल करती हैं। भारत इस तरह 26 जुलाई से शुरू होने वाले ओलंपिक में नौकायन में एक ही स्पर्धा में हिस्सा लेगा। अर्जुन लाल और अरविंद सिंह ने टोक्यो ओलंपिक में लाइटवेट डबल स्कल में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वे 11वें स्थान पर रहे थे। एशियाई क्वालीफायर भी एशियाई रोइंग कप के साथ ही कराए जा रहे हैं। इसमें भारत ने सलमान खान और नितिन देओल की बदौलत पुरुष डबल स्कल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

 

Share On WhatsApp