खेल-खिलाड़ी

18-Aug-2019 11:45:44 am
Posted Date

दीपा मलिक को खेल रत्न, रविंदर जडेजा सहित 19 खिलाडिय़ों को अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा

नईदिल्ली,18 अगस्त। रियो पैरा ओलंपिक की रजत पदक विजेता पैरा एथलीट दीपा मलिक को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा जाएगा जबकि क्रिकेटर रवींद्र जडेजा सहित 19 खिलाडिय़ों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। चयन समिति ने शनिवार को अपनी दो दिवसीय बैठक समाप्त होने के बाद राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य (नियमित और लाइफ टाइम), अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद अवॉर्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्राफी के विजेताओं की घोषणा की। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता और विश्व के नंबर एक पहलवान बजरंग पुनिया को खेल रत्न मिलने की खबर कल ही आ चुकी थी जबकि बजरंग के साथ खेल रत्न के लिए दीपा मलिक का नाम जोड़ा गया है। इस तरह गैर ओलंपिक वर्ष में लगातार दूसरे साल दो खिलाडिय़ों को खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। पिछले साल भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली और महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू को संयुक्त रुप से खेल रत्न सम्मान दिया गया था। 
दीपा मलिक पैरालंपिक में पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 58 राष्ट्रीय और 23 अंतर्राष्ट्रीय पदक जीते हैं। दीपा को इससे पहले पद्यश्री और अर्जुन अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। दीपा के साथ खेल रत्न बनने जा रहे पहलवान बजरंग पुनिया राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता तथा विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता हैं। चयन पैनल ने अर्जुन पुरस्कारों के लिए क्रिकेटरों रवींद्र जडेजा और पूनम यादव, एथलीट तजिंदर पाल सिंह तूर, मोहम्मद अनस और स्वप्ना बर्मन, कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर, मोटर रेसर गौरव सिंह गिल, महिला पहलवान पूजा ढांडा, पोलो खिलाड़ी सिमरन सिंह शेरगिल, घुड़सवार फवाद मिर्जा सहित 19 खिलाडिय़ों को चुना है। 
भारतीय बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल के कोच रहे विमल कुमार को नियमित द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुना गया है जबकि राष्ट्रमंडल खेलों में चार पदक जीतने वाली मणिका बत्रा के बचपन के कोच संदीप गुप्ता को भी द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुना गया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज को द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लाइफ टाइम वर्ग के लिए चुना गया है। द्रोणाचार्य अवॉर्ड के नियमित और लाइफ टाइम वर्गों में तीन-तीन कोचों को यह सम्मान मिलेगा। 
युवा निशानेबाजों और प्रतिभाओं को तराशने के लिए गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्राफी में ओवरऑल विजेता बनी है। 
पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है:
राजीव गांधी खेल रत्न : बजरंग पुनिया (कुश्ती) और दीपा मलिक (पैरा एथलेटिक्स)
द्रोणाचार्य अवॉर्ड (नियमित) : विमल कुमार (बैडमिंटन), संदीप गुप्ता (टेबल टेनिस) और मोहिंदर सिंह ढिल्लों (एथलेटिक्स)
द्रोणाचार्य अवॉर्ड (लाइफ टाइम) : मेर्जबान पटेल (हॉकी), रामबीर सिंह खोखर (कबड्डी) और संजय भारद्वाज (क्रिकेट)
अर्जुन पुरस्कार : तजिंदर पाल सिंह तूर (एथलेटिक्स), मोहम्मद अनस यहिया (एथलेटिक्स), एस भास्करन (बॉडीबिल्डिंग), सोनिया लाथर (मुक्केबाजी), रवीद्र जडेजा (क्रिकेट), पूनम यादव (क्रिकेट), चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम (हॉकी), अजय ठाकुर (कबड्डी), गौरव सिंह गिल (मोटर स्पोटर्स), प्रमोद भगत (पैरा स्पोर्ट्स बैडमिंटन), अंजुम मुद्गिल (निशानेबाजी), हरमीत राजुल देसाई (टेबल टेनिस), पूजा ढांडा (कुश्ती), फवाद मिर्जा (घुड़सवारी), गुरप्रीत सिंह संधू (फुटबॉल), स्वप्ना बर्मन (एथलेटिक्स) , सुंदर सिंह गुर्जर (पैरा स्पोर्ट्स एथलेटिक्स), बी साई प्रणीत (बैडमिंटन) और सिमरन सिंह शेरगिल (पोलो) 
ध्यानचंद अवॉर्ड : मैनुअल फ्रेडरिक्स (हॉकी), अरुप बसाक (टेबल टेनिस), मनोज कुमार (कुश्ती), नितिन कीर्तने टेनिस) और सी लालरेमसांगा तीरंदाजी)
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार : गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन और गो स्पोर्ट्स तथा रयालासीमा डेवलपमेंट ट्रस्ट
मौलाना अबुल कलाम आजाद माका ट्राफी : पंजाब यूनीवर्सिटी चंडीगढ़ ओवरऑल विजेता, गुरुनानक देव यूनीवर्सिटी अमृतसर प्रथम रनरअप और पंजाब यूनीवर्सिटी पटियाला द्वितीय रनरअप।  

Share On WhatsApp