राजनीति

13-Jul-2018 8:21:43 am
Posted Date

छग में बसपा-गोंगपा से गठबंधन कांग्रेस आलाकमान ने मन बनाया

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में आगामी विधानसभा चुनाव में अन्य दलों से गठबंधन को लेकर भले ही विरोधाभास हो लेकिन आलाकमान ने इसके लिए पूरी तरह मन बना लिया है और बहुजन समाज पार्टी तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ गठजोड़ के लिए प्रयासरत है।
चर्चा है कि जल्द ही इन पार्टियों के साथ गठजोड़ को अंतिम रूप दिया जाएगा। गौरतलब है कि कांग्रेस ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पीएम नरेन्द्र मोदी को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन के साथ प्रदेशों में क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल की दिशा में प्रयास शुरू की है। इसी के तहत कर्नाटक में उसने जनता दल सेक्यूलर के साथ तालमेल कर उसने सरकार बनाई है। इसी तर्ज पर राहुल गांधी ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राज्य में बसपा और गोंगपा से गठजोड़ के संकेत दिए थे। गोंगपा के हीरासिंह मरकाम मरवाही में उनकी सभा में भी उपस्थित थे। बाद में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने भी राज्य में गठजोड़ की वकालत की थी। लेकिन इसके उपरांत राज्य के कुछ वरिष्ठ नेताओं के गठबंधन के विरोध में बयान सामने आए। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके ने सीधे तौर पर गठबंधन का विरोध किया और राज्य में कांग्रेस के अकेले चुनाव लडऩे की बात कही। इससे गठजोड़ को लेकर पार्टी नेताओं में ही असमंजस की स्थिति बनने लगी। लेकिन अब चर्चा है कि हाईकमान ने पूरी तरह मन बना लिया है और गठबंधन को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।

Share On WhatsApp