छत्तीसगढ़

23-Dec-2018 10:12:25 am
Posted Date

छग में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भूपेश बघेल ने की राहुल गांधी से मुलाकात

0-लंबी चर्चा में मंत्रियों के नाम लगभग तय, देर रात या कल तक नाम की हो सकती है घोषणा
रायपुर, 23 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार की देर शाम को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और अपने मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर उनसे लंबी चर्चा की। खबर के अनुसार इस चर्चा में भूपेश बघेल के मंत्रिमंडल में और कौन-कौन से चेहरे शामिल होंगे इस पर लगभग निर्णय ले लिया गया है। हालांकि इसकी घोषणा देर रात या कल तक किये जाने की संभावना है। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए संभावित नामों की सूची लेकर गुरूवार को शाम की फ्लाइट से दिल्ली गए हुए है। मुख्यमंत्री के अलावा मंत्री टीएस सिंहदेव एवं ताम्रध्वज साहू भी दिल्ली गए हुए है। मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचने के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए पहले छग के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के सलाहकार कनिष्क सिंह से चर्चा कर उनकी रायशुमारी ले चुके है। वहीं आज शाम को श्री बघेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने का समय मिलते ही उनके निवास में जाकर मुलाकात की मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए संभावित नामों पर चर्चा की। ऐसी खबर आ रही है कि इस चर्चा में मंडिमंडल में शामिल होने वाले संभावित नामों पर लगभग निर्णय ले लिया गया है। हालांकि इसकी घोषणा समाचार लिखे जाने तक नहीं की गई है। संभावना जतायी जा रही देर रात या कल तक नामों की घोषणा की जा सकती है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रात को ही या फिर कल सुबह दिल्ली से रायपुर लौट आएंगे। यह भी संभावना जतायी जा रही है कि मुख्यमंत्री रायपुर लौटने के बाद मंत्रिमंडल मंडल में शामिल होने वाले नामों की घोषणा कर सकते है। 

Share On WhatsApp