छत्तीसगढ़

13-Dec-2018 11:16:27 am
Posted Date

विधानसभा चुनाव 2018 : शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा-सुब्रत साहू

रायपुर, 13 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य में विधानसभा चुनाव 2018 पूर्ण रूप से संपन्न होने के बाद आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2018 शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा। 
श्री साहू ने आज प्रेसवार्ता में आज विधानसभा चुनाव के परिणाम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा निर्वाचन-2018 हेतु समस्त 90 विधानसभा क्षेत्रों में 11 दिसम्बर 2018 को मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में विधानसभा आम निर्वाचन-2018 में ईवीएम के साथ वीवीपैट का सभी विधानसभा क्षेत्रों में सफलतापूर्वक उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मतगणना सभी जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।  इसकी विशेषता यह भी रही कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में पुनर्गणना की स्थिति निर्मित नहीं हुई। मतगणना में इस बार वीवीपैट के मतों की गणना को शामिल किया गया था। इसकी गणना की प्रक्रिया के कारण पूरी मतगणना और सफल उम्मीदवारों की घोषणा में देरी हुई। कुछ स्थानों पर इस कारण आज 12 दिसंबर की सुबह तक प्रक्रिया चलती रही। 
उन्होंने कहा कि इस बार मतगणना स्थल में भी विशेष इंतजाम कर उन्हें अधिक सुविधाजनक बनाया गया था। मतगणना की जानकारी प्रदान करने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दो वेबसाइट बनाई गई थी जिसमें पल-पल अपडेट दिया जा रहा था, वहीं राजधानी में मरीन ड्राइव तेलीबांधा, राजकुमार कॉलेज के समीप अनुपम गार्डन, पड़ाव चौक गुढिय़ारी और शारदा चौक में मतगणना की पल-पल की जानकारी देने के लिये बड़े एलईडी स्क्रीन लगाये गये थे। श्री साहू ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन-2018 में 14,730 सेवा मतदाता पंजीकृत थे।  इन्हें इलेक्ट्रानिक माध्यम से डाक मतपत्र भेजे गये। विधानसभा निर्वाचन-2013 में 6,024 सेवा मतदाता पंजीकृत थे जिन्हें डाक मतपत्र भेजे गये।  चुनाव में निर्वाचन/मतदान कार्य में संलग्न 88,703 कार्मिकों को डाक मतपत्र और 4,441 को निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी किये गये। कार्मिकों को जारी किये गये 88,703 डाक मतपत्रों में से 66,210 वापस प्राप्त हुये। विधानसभा निर्वाचन 2013 में 70,397 कार्मिकों को डाक मतपत्र जारी किये गये थे जिनमें से 28,824 वापस प्राप्त हुये थे।  इस तरह से इस बार के निर्वाचन में 37,386 डाक मतपत्र अधिक प्राप्त हुये। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी  निर्वाचन के लिए स्मरण रखा जाएगा। पूरे प्रदेश में किसी भी मतदान केन्द्र में पुनर्मतदान नहीं होना हमारे पूरे प्रदेश के लिए बड़ी सफलता है। यह निर्वाचन अपने सार्थक प्रयोग और अभिनव प्रयासों के लिए भी याद किया जाएगा। आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत आम लोगों से सीधे प्राप्त करने के लिए सी-विजिल एप का प्रयोग, निर्वाचन दल की मानिटरिंग के लिए सी-टॉप्स एप, संगवारी मतदान केन्द्र, आदर्श मतदान केन्द्र, सेल्फी जोन का प्रयास, मतदान केन्द्र से वेब-कॉस्टिंग जैसे प्रयास निर्वाचन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यापक और मतदाताओं में उत्साह पैदा करने वाला साबित हुआ।  
श्री साहू ने बताया कि चुनाव के परिणाम में सबसे पहले सीतापुर विधानसभा क्षेत्र का और सबसे आखिरी में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र का परिणाम घोषित किया गया।   
कांग्रेस प्रत्याशी मो. अकबर सर्वाधिक वोटों के अंतर से जीते: 
इस चुनाव सबसे अधिक 59,284 मतों के अंतर से कवर्धा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के मोहम्मद अकबर विजयी हुये हैं। उन्हें कुल एक लाख 36 हजार 320 मत प्राप्त हुये। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी  अशोक साहू को कुल 77,036 मत प्राप्त हुये।  श्री अकबर इस विधानसभा निर्वाचन में सबसे अधिक मत प्राप्त करने वाले उम्मीद्वार भी हैं। वहीं सबसे कम 464 मतों के अंतर से धमतरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू जीती। उन्हें कुल 63,198 मत प्राप्त हुये। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी इंडियन नेशनल कांग्रेस के गुरूमुख सिंह होरा को कुल 62,734 मत प्राप्त हुये।    

Share On WhatsApp