संपादकीय

27-Dec-2018 1:03:38 pm
Posted Date

गौ माता की रक्षा के लिए जागरूकता आवश्यक

0-गौ माता की महत्ता को समझे 
0--तेजबहादुर सिंह भुवाल

सदियों से गौमाता मनुष्यों की सेवा से उनके जीवन को सुखी, समृद्ध, ऐश्वर्यवान, निरोग, एवं सौभाग्यशाली बनाती चली आ रही है। गौ माता की सेवा से हजारों पुण्य प्राप्त होते हैं। इसकी सत्यता का उल्लेख अनेक ग्रंथों, वेद, पुराणों में किया गया हैं।
प्राय: मनुष्य पुण्य प्राप्ति के लिए अनेक तीर्थ स्थलों में जाकर पूजा-पाठ, दर्शन, स्नान, हवन, तपस्या, दान करने का प्रयत्न करता है। जबकि जो पुण्य गौ सेवा करने में है, वह और कही नहीं।
एक समय था जब मनुष्य अपने घरों में गाय पालते थे, उनकी सच्चे मन से सेवा करते थे। पर समय के परिवर्तन के साथ-साथ गौ माता को घर के बाहर छोड़ कर अब घर के अंदर कुत्ते पालना शुरू कर दिया है। लोग अपने स्वार्थ के कारण शहर हो या गांव सडक़ों पर सैकड़ों की संख्या में गाय को बेसहारा छोड़ दिया जाता है। मोटर गाडी की चपेट में आने के कारण बड़ी संख्या में दुर्घटनाएं होती है, जिसमें उनकी मृत्यु हो जाती है। इनकी वजह से कई दुर्घटना में मनुष्यों की भी जान चली जाती है।
प्राय: देखने में आया है कि प्रदेश के विभिन्न गौ शालााओं में अपर्याप्त व्यवस्था, चारा, पानी की कमी, देखभाल के अभाव में सैकड़ों गाये गौधाम चली जाती है। इसकी जिम्मेदारी लेना वाला कोई नहीं। इन सभी गौशालाओं का क्रियान्वयन जिम्मेदारीपूर्वक, समुचित ढंग से किया जाना चाहिए। 
जानकार मनुष्य गौ माता की सेवा कर सारे पुण्य प्राप्त कर लेता है। जो मनुष्य गौ माता की सेवा करता है, उस सेवा से संतुष्ट होकर गौ माता उसे अत्यंत दुर्लभ वर प्रदान करती है। गौ की सेवा मनुष्य विभिन्न प्रकार से कर सकता है जैसे प्रतिदिन गाय को चारा खिलाना, पानी पिलाना, गाय की पीठ सहलाना, रोगी गाय का ईलाज करवाना आदि। गाय की सेवा करने वाले मनुष्य को पुत्र, धन, विद्या, सुख आदि जिस-जिस वस्तु की इच्छा करता है, वे सब उसे यथासमय प्राप्त हो जाती है। 
गाय के शरीर में सभी देवी-देवता, ऋषि मुनि, गंगा आदि सभी नदियाँ तथा तीर्थ निवास करते है, इसीलिये गौसेवा से सभी की सेवा का फल मिल जाता है। गाय का दूध मनुष्य के लिए अमृत है। गाय के दूध में रोग से लडऩे की क्षमता बढ़ती होती है। गाय के दूध का कोई विकल्प नहीं है। वैसे भी गाय के दूध का सेवन करना गौ माता की महान सेवा करना ही है, क्योकि इससे गो-पालन को बढ़ावा मिलता है और अप्रत्यक्ष रूप से गाय की रक्षा ही होती है। 
गाय के दूध, दही, घी, गोबर रस, गो-मूत्र का एक निश्चित अनुपात में मिश्रण पंचगव्य कहलाता है। पंचगव्य का सेवन करने से मनुष्य के समस्त पाप उसी प्रकार भस्म हो जाते है, जैसे जलती आग से लकड़ी भस्म हो जाते है। मानव शरीर का ऐसा कोई रोग नहीं है, जिसका पंचगव्य से उपचार नहीं हो सकता। पंचगव्य से पापजनित रोग भी नष्ट हो जाते है।
गाय पालने वालों को अपने गौ माता को सडक़ों पर खुला नहीं छोडऩा चाहिए। खुले छोडऩे के कारण गाय सडक़ों पर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए मनुष्यों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि वे प्लास्टिक झिल्लियों का उपयोग बंद कर दें। अधिकतर मनुष्य प्लास्टिक की झिल्लियों में खाने की सामग्री के साथ कांच, पिन, लोहे का टुकड़ा आदि खुले में फेंक देते हैं। गायों को पर्याप्त भोजन न मिल पाने के कारण वह कूड़ा-करकट में जाकर कागज और पॉलीथीन खा लेती है, जिससे वह बीमार हो जाती है और उससे उनकी मृत्यु भी हो जाती है। मनुष्यों को अपने घर से कुछ आहार गाय के लिए रख देना चाहिए। कुछ स्थानों पर एक समूह बनाकर प्रत्येक घर से दो-दो रोटियां गायों के लिए एकत्रित की जाती है और उसे गायों को खिलाया जाता है, जो कि एक पुण्य का कार्य है। इसी प्रकार सभी मनुष्यों को गायों की रक्षा के लिए उचित प्रयास किया जाना चाहिए।
देश में बेजुबान गाय की निर्मम हत्या करने वाले पापी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही किया जाना चाहिए। गौ रक्षा के लिए अधिक से अधिक लोगों को आगे आना चाहिए और गौ माता का संरक्षण व संवर्धन करने का प्रयास करना चाहिए।

 

Share On WhatsApp