आज के मुख्य समाचार

03-May-2024 11:14:42 am
Posted Date

अनियंत्रित होकर यात्री बस पहाड़ी से नीचे गिरी, 20 लोगों की मौत- 15 से अधिक घायल

पेशावर। उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में शुक्रवार को एक यात्री बस पहाड़ी इलाके से फिसलकर खड्ड (नाले) में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के डायमेर जिले में काराकोरम राजमार्ग पर हुई। बस रावलपिंडी से हुंजा जा रही थी। इस दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
अधिकारी ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि बस में कितने यात्री सवार थे। घटना में घायल हुए कम से कम 15 लोगों को चिलास के एक अस्पताल में ले जाया गया है। अधिकारी ने बताया कि बचाव प्रयास जारी हैं और शवों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सूत्र ने कहा कि मरने वालों की संख्या और बढऩे की आशंका है क्योंकि घायलों में से कई की हालत गंभीर है।
गिलगित बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री हाजी गुलबार खान ने घटना पर शोक व्यक्त किया और प्रशासन को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। गिल्टगिट-बाल्टिस्तान सरकार के प्रवक्ता फैजुल्लाह फराक ने कहा कि दुर्घटना के बाद चिलास अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

 

Share On WhatsApp