छत्तीसगढ़

31-Dec-2018 12:03:02 pm
Posted Date

बस्तर शीत लहर की आगोश में, दिन में भी गर्म कपड़े पहनना मजबूरी

जगदलपुर, 31 दिसंबर । सप्ताह भर तक बादल,नमी का सिलसिला शाम को थमते ही आकाश साफ हुआ था। इसके साथ ही उत्तर भारत से हवा हरियाणा, राजस्थान होते हुए बस्तर आ रही है। इसके असर से न्यूनतम तापमान मात्र 24 घंटे में 14.0 डिग्री सेल्सियस से लुढक़ कर 7 डिग्री हो गया। इसके साथ ही पूरा इलाका बस्तर का ठंड के आगोश में आ गया। अब अगले तीन दिन के अंदर शीत लहर की स्थिति बनने के हालात बन रहे हैं। जनवरी का पहला हफ्ता भी ठिठुरन भरा रहेगा। 
बस्तर में इस समय न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य माना जाता है। शीत लहर के हालात उस समय बनने शुरू हो जाते हैं जब पारा नीचे लुढक़ते हुए सामान्य से भी 5 डिग्री नीचे उतर जाता है। ऐसी स्थिति लगातार दो तीन दिन तक बनी रहने पर शीत लहर हो जाती है। आम तौर पर ऐसी स्थिति तब बनती है जब उत्तर भारत से बर्फीली हवाएं किसी क्षेत्र में आने लगती हैं। 
 जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश जैसे इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बनते हैं। इस तरह के सिस्टम गुजर जाते हैं तो वहां से आने वाली सर्द हवा जिस क्षेत्र से भी गुजरती है वहां कंपकपी पैदा करती है। मौसम वैज्ञानिक आरके सोरी ने बताया कि इस साल 28 नवंबर को रात का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस तक उतरा था। एक महीने से ज्यादा का समय गुजरने के बाद फिर ठंडक बड़ी है। 

Share On WhatsApp