छत्तीसगढ़

29-Dec-2018 11:22:15 am
Posted Date

किसानों का हित सरकार की पहली प्राथमिकता: भूपेश बघेल

० मुख्यमंत्री ने अभिनंदन समारोह को सम्बोधित किया 
० मुख्यमंत्री ने मां बम्लेश्वरी के दर्शन किए : मंदिर परिसर में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया

रायपुर, 29 दिसंबर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि किसानों का हित राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने कैबिनेट की प्रथम बैठक में ही किसानों की कर्जमाफी और धान की खरीदी 2500 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर करने का फैसला लिया। राज्य सरकार ने किसानों की लिंकिंग की राशि लौटाकर दस दिनों में अपने वायदे को प्राथमिकता से पूरा किया। मुख्यमंत्री आज राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित तीर्थ मां बम्लेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद छिरपानी प्रांगण में आयोजित अभिनंदन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में डोंगरगढ़ के नागरिकों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने इसके पहले मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ भूमि में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। 
मुख्यमंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मां बम्लेश्वरी आशीर्वाद से प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। किसानों के प्रति हमारी बड़ी जिम्मेदारी है। किसानों का यह अधिकार है कि उन्हें फसल का उचित मूल्य मिले। किसानों के पास बचत नहीं हो पा रही थी, इसलिए उनकी खेती पिछड़ रही थी। उपज का अच्छा मूल्य मिलने से किसानों के पास अपनी खेती में निवेश करने के लिए पूंजी आएगी और खेती की उन्नति होगी।  बघेल ने कहा कि किसानों की खुशहाली से बाजार भी समृद्ध होगा और सभी वर्गों की उन्नति के लिए बेहतर परिस्थितियां तैयार होंगी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा इस्पात संयंत्र के लिए बस्तर जिले के लोहांडीगुड़ा क्षेत्र में किसानों की अधिग्रहित 4200 एकड़ भूमि लौटाने का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे बिजली के आम उपभोक्ताओं के लिए हों अथवा किसानों, बिजली बिल आधा करने का फैसला भी राज्य शासन ने किया है। इससे बिजली उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लिए किए गए वायदे पूरे किए जाएंगे। चाहे वे कर्मचारी हों या पुलिस के कर्मचारी अथवा पत्रकार साथी हों। इस मौके पर विधायक  भुनेश्वर बघेल ने मुख्यमंत्री को प्रथम डोंगरगढ़ आगमन के लिए नगरवासियों की ओर से धन्यवाद दिया। नागरिकों की ओर से  नवाज खान ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिव डहरिया, डोंगरगांव विधायक  दलेश्वर साहू, खुज्जी मती छन्नी साहू, मोहला-मानपुर विधायक  इन्द्र शाह मंडावी, जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष मती चित्रलेखा वर्मा, पूर्व विधायक  भोलाराम साहू,  धनेश पाटिला,  गिरिवर जंघेल और मती तेजकुंवर नेताम, संभागायुक्त  दिलीप वासनीकर, कलेक्टर  भीम सिंह और पुलिस अधीक्षक  कमलोचन कश्यप सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। 

Share On WhatsApp