छत्तीसगढ़

18-Dec-2018 1:05:39 pm
Posted Date

सरकार बदलते ही पुलिस के बदले सुर, कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज प्रकरणों की मांगी जानकारी

बिलासपुर, 18 दिसम्बर । प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही पुलिस अफसरों के सुर बदल गए हैं। यही वजह है कि पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरणों की जानकारी मांगी है।
भाजपा सरकार के रहते कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस ने दर्जनों आपराधिक प्रकरण दर्ज किए। प्रदेश में पिछले 15 साल से सत्ता भाजपा के हाथ में रही है। इस दौरान कांग्रेसियों ने कई तरह के आंदोलन किए। इसे दबाने के लिए पुलिस ने आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए। सैकड़ों कांग्रेसियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया। यह सिलसिला लगातार चलता रहा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता हासिल हो गई है और अब प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बन गए हैं। अब पुलिस मुख्यालय में बैठे अफसरों का कांग्रेस प्रेम शुरू हो गया है। यही वजह है कि सभी जिलों से कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रकरण खत्म करने कैबिनेट से होगा प्रस्ताव
जानकार अफसरों का कहना है कि सभी जिलों से राजनीतिक आपराधिक प्रकरणों की जानकारी मांगी गई है। कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरणों की पहले जिला स्तर पर समीक्षा की जाएगी। इसके बाद प्रकरणों की जानकारी पुलिस मुख्यालय को दी जाएगी। ताकि, उन्हें एक साथ खत्म करने के लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जा सके।

Share On WhatsApp