छत्तीसगढ़

17-Dec-2018 11:08:15 am
Posted Date

फैथई के प्रकोप से दो दिन से थर-थर कांप रहा बस्तर

जगदलपुर, 17 दिसंबर ।  बस्तर भी आंध्र प्रदेश में आये फैथई तूफान के चपेट में आ गया है और वर्षा के साथ बढ़ गई बरफानी ठंड से पूरा बस्तर कांप रहा है। पिछले तीन दिन से मौसम के मिजाज में हुए परिवर्तन के बाद से पानी गिरने के साथ-साथ पारा भी लुढक़ गया है और ठिठुरन वाली ठंड बढ़ गई है। इसके अलावा समूचे क्षेत्र में फैथई का कहर बढ़ रहा है। पहले शहर व आसपास के कई स्थानों पर फुहार बूंदाबादी का आलम था, लेकिन अब तेज वर्षा का सिलसिला भी चल रहा है। 
उल्लेखनीय है कि बस्तर में पिछले तीन दिन से फैथई तुफान के आने से पहले ही मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आया हुआ है। इसकी वजह यह है कि दो दिन पूर्व दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना अवदाब का सिस्टम समुद्री तूफान में बदल गया है। फैथई नाम का यह तूफान खाड़ी से निकलकर आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट में जमकर बरस रहा है। आंध्र के   मछलीपटनम, विशाखापट्टनम जैसे इलाके भी प्रभावित हैं।  इस संबंध में मौसम वैज्ञानिक आरके सोरी ने जानकारी दी है कि इस तूफान का ज्यादा असर आंध्र प्रदेश से सटे हुए ओडि़शा पर भी रहेगा। इसके साथ ही यह तूफान आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में अधिक प्रभावी रहेगा। इससे बस्तर के कोंटा, सुकमा इलाकों में हवाएं 20 से ज्यादा किलोमीटर की रफ्तार से चल रही है। सोमवार के बाद इसके आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और ओंगुल के समुद्र तट पर प्रभाव दिखाने के बाद कमजोर पडऩे की संभावना है।

Share On WhatsApp