छत्तीसगढ़

14-Dec-2018 12:11:53 pm
Posted Date

4.43 करोड़ के विरूद्ध अब तक 1.11 करोड़ की वसूली

0-पालिका के समक्ष 3 माह के अंदर बकाया 75 फीसदी वसूली की चुनौती
महासमुंद, 14 दिसम्बर ।  आगामी 3 माह में नगर पालिका को विभिन्न करों की करीब 75 प्रतिशत वसूली करने की चुनौती है। चुनावी काम और अन्य कामों में लगे नगर पालिका के कर्मचारी वसूली को लेकर इन दिनों काफी परेशान हैं। देखना है कि 3 माह में पालिका निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कितनी वसूली कर पाती है।  जानकारी के मुताबिक नवंबर माह तक चालू वित्तीय वर्ष और बकाया वर्ष को मिलाकर कुल 4 करोड़ 43 लाख 91 हजार रुपए की वसूली के लिए निर्धारित लक्ष्य में अब तक 1 करोड़ 11 लाख 32 हजार रुपए की ही वसूली हो पाई है जो कुल वसूली का 25.8 प्रतिशत है। आगामी 3 माह के अंदर पालिका को 74.92 प्रतिशत की वसूली करनी है। वसूली को लेकर पालिका राजस्व विभाग के कर्मचारी इन दिनों काफी परेशान हैं। वजह- शासन के विभिन्न कामों के साथ ही वसूली करनी है जिसमें एक कर्मचारी के पास 3-4 वार्डों में करों की वसूली की जिम्मेदारी है। क्योंकि चुनावी काम से फुर्सत मिलने के बाद कर्मचारी वसूली की तैयारियों में जुट गए हैं। 
चालू वित्तीय वर्ष में किस कर की कितनी वसूली
जानकारी के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में विभिन्न करों को मिलाकर कुल 3 करोड़ 1 लाख 47 हजार रुपए का लक्ष्य के विरूद्ध अब तक पालिका 42 लाख 33 हजार रुपए की ही वसूली कर पाई है। जिसमें संपत्ति कर के लिए निर्धारित 63 लाख 24 हजार के विरूद्ध अब तक 7 लाख 23 हजार, समेकित कर की 60 लाख 56 हजार के विरूद्ध 2 लाख 58 हजार, जल शुल्क के 1 करोड़ 5 लाख 50 हजार के विरूद्ध 28 हजार 19 हजार रुपए, दुकान किराया 11 लाख 42 हजार के विरूद्ध 1 लाख 95 हजार और अन्य मदों के लिए निर्धारित 41 लाख 45 हजार के विरूद्ध अब तक 28 लाख 13 हजार रुपए की ही वसूली नगर पालिका कर पाई है। इन सभी करों की अपेक्षा भवन अनुज्ञा (भवन निर्माण अनुमति) साढ़े 15 लाख के विरूद्ध 13 लाख 75 हजार की वसूली की गई है जो लक्ष्य का 88.71 प्रतिशत है।
बकाया राजस्व की वसूली 
पालिका के कर्मचारियों पर चालू वित्तीय वर्ष के साथ ही बकाया वसूली की भी जिम्मेदारी है। बकाया वसूली के लिए 1 करोड़ 42 लाख 44 हजार रुपए के निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध 28 लाख 99 हजार रुपए की वसूली हुई है इसमें संपत्ति कर का 55 लाख 95 हजार के विरूद्ध 6 लाख 51 हजार, समेकित कर 30 लाख 5 हजार के विरूद्ध 22 लाख 10 हजार, जल कर 50 लाख 90 हजार के विरूद्ध 14 लाख 61 हजार, दुकान किराया 5 लाख 9 हजार के विरूद्ध 1 लाख 13 हजार की ही वसूली पालिका कर पाई है जो कुल वसूली का 20 प्रतिशत है। 

Share On WhatsApp