छत्तीसगढ़

11-Dec-2018 12:42:18 pm
Posted Date

कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया कंट्रोल रूम से ले रहे पल-पल की जानकारी

0-कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश गंभीर रहकर मतों की गिनती पर रखें नजर 
रायपुर, 11 दिसंबर । विधानसभा चुनाव परिणामों के साथ ही मतगणना पर नजर रखने के लिए पीसीसी के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कांग्रेस मुख्यालय में मोर्चा संभाला हुआ है। यहां उनके सहयोग के लिए कांग्रेस के कई पदाधिकारी लगे हुए हैं। कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश के कोने-कोने से मतगणना की जानकारी एकत्रित की जा रही है और इसके विश्लेषण के अनुसार रणनीति बनाकर कांग्रेस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किया जा रहा है। 
राजधानी रायपुर के सेजबहार के इंजीनियरिंग कालेज में आज सुबह जैसे ही स्ट्रांग रूम का दरवाजा खुला कांग्रेस-भाजपा नेताओं की दिलों की धडक़नें तेज हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जैसे ही डाकमतों की गिनती शुरू हुई और डाकमत पत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिली, कांग्रेस नेताओं के चेहरे खिल उठे। इसके बाद पहले चरण के लिए 14 टेबलों में ईवीएम मशीनें और वीवीपेट मशीनें लाई गई। पहले चरण में भी कांग्रेस को निर्णायक बढ़त मिली, इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया। इसके बाद दूसरे और तीसरे राउंड की गिनती तक कांग्रेस को अच्छी-खासी बढ़त मिलती रही। इधर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के कंट्रोल रूम में बैठे पीसीसी के प्रभारी पीएल पुनिया लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। बीच-बीच में वे कांग्रेस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी देते नजर आ रहे थे। कांग्रेस मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से पूरे प्रदेश को जोड़ा गया है। यहां सभी जिला मुख्यालयों के पदाधिकारियों के साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी और चुनाव संचालन की जिम्मेदार उठाए हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क रखा जा रहा है और पल-पल की जानकारी एकत्रित की जा रही है। प्रारंभिक रूझानों में कांग्रेस को मिली बढ़त से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। हालांकि पीसीसी नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी स्थिति पर नजर रखने और अंतिम परिणाम आने तक गंभीर रहकर चुनाव परिणाम का इंतजार करने कहा है। 

Share On WhatsApp