छत्तीसगढ़

11-Dec-2018 12:37:36 pm
Posted Date

विस चुनाव परिणाम : शुरूआती रूझान में भाजपाई मंत्रियों की हालत हुई पतली

रायपुर, 11 दिसंबर । राज्य विधानसभा चुनाव के प्रारंभिक रूझानों में सत्ताधारी दल भाजपा के स्पष्ट बहुमत का सपना पूरी तरह से धाराशाही होता नजर आ रहा है। प्रारंभिक रूझानों के साथ ही भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लग गई है। कई सीटों पर भाजपा के दिग्गज कांग्रेस से काफी पीछे चल रहे हैं। 
राज्य के कुल 90 विधानसभा सीटों पर सत्ताधारी दल भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा प्रारंभिक रूझान आने के साथ ही दांव पर लगी नजर आ रही है। बात राज्य मंत्रिमंडल में शामिल दिग्गजों की करें तो सबसे पहले बात बस्तर संभाग के नारायणपुर विधानसभा सीट की स्थिति भाजपा के लिए काफी दयनीय हो गई है। यहां से भाजपा के मंत्री केदार कश्यप की प्रतिष्ठा दांव पर लगी नजर आ रही है। प्रारंभिक गिनती के बाद 3 राउंड में मंत्री केदार कश्यप कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंदन कश्यप से काफी पीछे चल रहे हैं। मंत्री केदार कश्यप को 3 राउंड तक केवल 1 हजार 521 मत मिले हैं, वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी चंदन कश्यप को 3 हजार 446 मत मिले हैं। जोगी कांग्रेस के बलिराम कचलराम को भी अच्छा वोट मिला है, बावजूद इसके कांग्रेस के चंदन कश्यप 2480 मतों से आगे चल रहे हैं। 
बात दूसरे भाजपा मंत्रियों की करें तो भाजपा के महेश गागड़ा, अमर अग्रवाल, दयालदाएस बघेल, राजेश मूणत अपने कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पनीछे चल रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और धरसींवा से चुनाव लडऩे वाले विधायक देवजी भाई पटेल भी प्रारंभिक रूझानों में कांग्रेस से पीछे हो गए हैं। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय और करूद से अजय चंद्राकर ही कांग्रेस के प्रत्याशियों को पीछे करने में अब तक सफल नजर आ रहे हैं। हालांकि यह प्रारंभिक रूझान है और अभी भी बाजी पलटने में कोई अचरज नहीं होगी। 

Share On WhatsApp