छत्तीसगढ़

जोगी दंपत्ति, ऋचा जोगी, धर्मजीत सिंह जीत की ओर अग्रसर
Posted Date : 11-Dec-2018 12:34:29 pm

जोगी दंपत्ति, ऋचा जोगी, धर्मजीत सिंह जीत की ओर अग्रसर

रायपुर, 11 दिसंबर ।  जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से अजीत जोगी, पत्नी श्रीमती रेणु जोगी, बहू ऋचा जोगी एवं धर्मजीत सिंह भारी वोटों से बढ़त बनाते हुए जीत की ओर अग्रसर है। इसके अलावा कुछ अन्य सीटों पर भी जनता कांग्रेस के प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस से बढ़त बनाए हुए है। 
सुबह 11 बजे तक जनता कांग्रेस से प्रत्याशी अजीत जोगी मरवाही विधानसभा सीट में भाजपा प्रत्याशी अर्चना पोते से 4179 वोटों से बढ़त बनाए हुए है, वहीं श्रीमती रेणु जोगी कोटा विधानसभा सीट में  भाजपा प्रत्याशी काशीराम साहू से 1171 वोटों से आगे है। इसी प्रकार लोरमी विधानसभा सीट से जनता कांग्रेस से प्रत्याशी धर्मजीत सिंह भारी वोटों से बढ़त बनाए हुए है, खैरागढ़ से जनता कांग्रेस प्रत्याशी देवव्रत सिंह 1264 वोटों से भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल से बढ़त बनाए हुए है। बलौदाबाजार सीट से भी जनता कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कुमार शर्मा 1878 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी जनकराम वर्मा से बढ़त बनाए हुए है, वहीं जनता कांग्रेस प्रत्याशी ऋचा जोगी भी आगे चल रही है।

विस चुनाव परिणाम : प्रारंभिक रूझान में डूबती नजर आ रही भाजपा की नैय्या
Posted Date : 11-Dec-2018 12:33:04 pm

विस चुनाव परिणाम : प्रारंभिक रूझान में डूबती नजर आ रही भाजपा की नैय्या

0-भाजपा नेताओं के अति आत्मविश्वास को माना जा रहा कारण 
रायपुर, 11 दिसंबर । राज्य में विधानसभा चुनाव के परिणाम अब सामने आने शुरू हो गए हैं। प्रारंभिक रूझानों में जिस तरह से भाजपा का सूपड़ा साफ होता नजर आ रहा है, उसके पीछे भाजपा के स्थानीय नेताओं का अतिआत्मविश्वास को माना जा रहा है। अति आत्मविश्वास से भरे भाजपा नेताओं ने जनता का मूड परखने में संभवत: लापरवाही बरती, इसका का परिणाम है कि प्रारंभिक रूझानों में ही भाजपा के अधिकांश नेता बुरी तरह से पीछे चल रहे हैं। 
देश के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव का परिणाम आज सामने आ रहा है। पूरे देश की नजर इस समय छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के परिणाम पर टिकी हुई है। यहां भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस से है, कुछ सीटों पर जोगी कांग्रेस और बसपा गठबंधन का जोर ज्यादा नजर आ रहा है। आज सुबह जैसे ही प्रथम चरण की गिनती शुरू हुई, प्रारंभिक रूझानों ने भी भाजपा के रणनीतिकारों को चौंका दिया। अप्रत्याशित ढंग से कांग्रेस को मिली बढ़त ने भाजपा नेताओं के होश उड़ा दिया। सुबह 11.30 बजे तक राज्य के कुल 90 विधानसभा सीटों में से 64 सीटों पर कांग्रेस की जोरदार बढ़त ने भाजपा नेताओं के होश फाख्ता कर दिया। जानकारों की माने तो यदि दूसरे राउंड में भी कांग्रेस को इसी तरह से बढ़त बनी रही तो मतों के अंतर कम होने में काफी मुश्किल साबित होगी। जानकारों की माने तो 5 से 10 हजार मतों के अंतर को ज्यादा नहीं माना जा सकता। यह अंतर एक राउंड के गिनती में आसानी से कव्हर हो सकता है। लेकिन मतों का अंतर यदि 40 हजार से ऊपर निकल जाए तो इसे कव्हर करने में कम से कम 3-4 राउंड की गिनती का इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन इन्हीं 3-4 राउंड में यदि मतों का अंतर फिर से 5-10 हजार का आया तो इस अंतर को कम करना अंतिम राउंड की गिनती तक मुश्किल साबित होता है। प्रारंभिक रूझान और गिनती में जिस तरह से कांग्रेस को एकतरफा बढ़त मिली हुई है, मतों के इस अंतर को कम होने में काफी समय लग जाएगा। लेकिन इतने समय में दूसरे दल को भी निर्णायक बढ़त मिलने की पूरी संभावना है। इधर जानकारों की माने तो भाजपा की नैया डूबती नजर आ रही है, इसकी प्रमुख वजह भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के अति आत्मविश्वास को माना जा सकता है। 

 विस चुनाव परिणाम : शुरूआती रूझानों में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त
Posted Date : 11-Dec-2018 12:31:20 pm

विस चुनाव परिणाम : शुरूआती रूझानों में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त

0-भाजपा, कांग्रेस के दिग्गजों के छूटे पसीने
0-जोगी के तीन प्रत्याशी भी चल रहे आगे 

रायपुर, 11 दिसंबर । राज्य में विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस को पूरे प्रदेश में अप्रत्याशित बढ़त मिलने से सत्तासीन भाजपा की सभी रणनीतियां ध्वस्त होती नजर आ रही है। दूसरी ओर भाजपा के कई दिग्गज पहले ही राउंड में काफी पीछे हो गए हैं। 
सरगुजा संभाग की बात की जाए तो नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव 5000 मतों से आगे चल रहे हैं, तो वहीं संभाग के सभी सीटोंा पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों का पलढ़ा भारी नजर आ रहा है। बिलासपुर संभाग में सत्ताधारी दल भाजपा के कद्दावर मंत्री अमर अग्रवाल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शैलेष पाण्डेय से पीछे चल रही हैं। वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक बिल्हा विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। बिलासपुर संभाग के अन्य विधानसभा सीटों में भी कांग्रेस का जोर देखने को मिल रहा है और यहां कांग्रेस के प्रत्याशी भाजपा से आगे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी मरवाही विधानसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार से पीछे चल रहे हैं। अब तक मिले रूझानों के अनुसार अजीत जोगी तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। अकलतरा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की बहु श्रीमती ऋचा जोगी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सौरभ सिंह से कुछ मतों से आगे-पीछे चल रही हैं। वहीं कोटा विधानसभा क्षेत्र से श्रीमती रेणु जोगी सभी प्रत्याशियों को पछड़ाते हुए बढ़त बनाई हुई हैं। इधर राजधानी रायपुर संभाग के सभी विधानसभा सीटों पर ताजा रूझान में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी आगे निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं रायपुर ग्रामीण से कांग्रेस के उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने भाजपा के नंदे साहू को करीब 4000 मतों से पीछे कर दिया है। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट में भाजपा के कद्दावर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का मुकाबला कांग्रेस के कन्हैया अग्रवाल से हुआ है। यहां मंत्री बृजमोहन अग्रवाल आगे चल रहे हैं। बात राजधानी रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट की करें तो यहां हुए कांटे के मुकाबले में भाजपा के कद्दावर मंत्री राजेश मूणत का मुकाबला कांग्रेस के युवा प्रत्याशी विकास उपाध्याय से हुआ है। ताजा रूझानों में विकास उपाध्याय ने बढ़त बनाई ली है, माना जा रहा है कि आगे के राउंड में भी यह बढ़त बरकरार रहेगी। राज्य की प्रमुख सीटों की बात की जाए तो मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह राजनांदगांव विधानसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्रीमती करूणा शुक्ला से बढ़त बना ली है, प्रारंभिक गिनती में डा. रमन सिंह पीछे चल रहे थे, लेकिन इसके बाद अचानक वे आगे निकल गए। बात भिलाई नगर विधानसभा सीट की जाए तो यहां भाजपा के कद्दावर मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय का मुकाबला भिलाई नगर निगम के महापौर और युवा प्रत्याशी देवेन्द्र यादव से है। प्रारंभिक रूझानों के अनुसार मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने अपने कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वी देवेन्द्र यादव से निर्णायक बढ़त बनाई हुई है। 
जांजगीर-चांपा जिले के शक्ति विधानसभा सीट से पूर्व केबिनेट मंत्री डा. चरणदास महंत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मेघाराम साहू से आगे निकल गए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल अपने निर्वाचन क्षेत्र पाटन विधानसभा सीट से निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। कांग्रेस की एकमात्र सांसद ताम्रध्वज साहू जो कि इस बार दुर्ग ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी जागेश्वर साहू से कांटे की टक्कर मिल रही है। प्रदेश ही नहीं देश की नजरें इस समय छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा सीट पर टिकी हुई हैं। यहां पूर्व आईएएस अफसर और भाजपा प्रत्याशी ओपी चौधरी का मुकाबला कांग्रेस के युवा नेता उमेश पटेल से है। यहां उमेश पटेल करीब 4200 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। 
बस्तर संभाग के 12 विधानसभा सीटों पर इस बार अप्रत्याशित रूझान आने से सत्तासीन भाजपा के होश उड़ गए हैं। बस्तर के 12 विधानसभा सीटों में से 10 सीटों पर सीधे कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। कोंटा विधानसभा सीट पर सीपीआई के उम्मीदवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कवासी लखमा को पीछे छोड़ा हुआ है। 

रेंडम पद्धति से होगी एक वीवीपैट में सुरक्षित चिट की गिनती
Posted Date : 10-Dec-2018 11:38:21 am

रेंडम पद्धति से होगी एक वीवीपैट में सुरक्षित चिट की गिनती

0 वीवीपैट और इवीएम के वोटों के मिलान के बाद घोषित होगा परिणाम
जांजगीर-चांपा, 10 दिसंबर । मतगणना के दौरान इवीएम में गड़बड़ी की आशंकाओं के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने इवीएम से वोटों की गिनती के बाद एक पोलिंग बूथ के वीवीपैट की गिनती करने के निर्देश दिए हैं। वीवीपैट और इवीएम के वोटों का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा वोटों की गिनती प्रारंभ होने से पहले ही सत्ताधारी दल द्वारा इवीएम में गड़बड़ी करने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग से इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। उम्मीदवारों को एआरओ की नियुक्ति का अधिकार न दिए जाने को लेकर भी विवाद की स्थिति बनने लगी है। आयोग द्वारा लगातार निष्पक्ष तरीके से मतगणना की प्रक्रिया को पूरी करने का आश्वासन दिया जा रहा है। आयोग ने मतगणना के दौरान विधानसभावार एक वीवीपैट में वोट डालने के बाद दर्ज चिट की गिनती करने का फरमान जारी किया है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने नया गाइडलाइन जारी किया है। इसमें कहा गया है कि विधानसभावार इवीएम में डाले गए वोटों की गिनती के बाद रेंडम पद्धति से एक वीवीपैट में सुरक्षित चिट की गिनती की जाएगी। इसके लिए एक विधानसभा क्षेत्र में जितने पोलिंग बूथ होंगे, नाम लिखकर एक डिब्बे में डाला जाएगा। मतगणना अभिकर्ताओं की मौजूदगी में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के आब्जर्वर द्वारा डिब्बे से चिट निकाली जाएगी। इसमें जिस पोलिंग बूथ का नाम लिखा होगा, उसी बूथ के वीवीपैट को अभिकर्ताओं के समक्ष खोला जाएगा। इसमें सुरक्षित चिटों की गिनती की जाएगी। वीवीपैट में सुरक्षित चिट और संबंधित बूथ के इवीएम में डाले गए वोट का मिलान किया जाएगा। वोट समान होने के बाद ही परिणाम की घोषणा की जाएगी।
उम्मीदवारवार अलग की जाएगी पर्ची
वीवीपैट से चिट को निकालने के बाद मतपत्रों की तरह छंटनी की जाएगी। उम्मीदवारों को मिले वोट के अनुसार बंडल बनाया जाएगा। इसके बाद वोटों की गिनती की जाएगी। गिनती के बाद उम्मीदवारों को मिले वोट का मिलान किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद इवीएम में मिले वोटों का हिसाब लगाया जाएगा ।
निर्वाचन आयोग से मिला निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग ने इवीएम से गिनती के बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ की वीवीपैट की गिनती करने का निर्देश दिया है। यह रेंडम पद्धति से किया जाएगा। वीवीपैट और इवीएम में मिले वोटों का मिलान किया जाएगा। इसके बाद चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।

हाथियों का दल खलिहान में पहुंच कर रहे फसलों को चट
Posted Date : 10-Dec-2018 11:34:47 am

हाथियों का दल खलिहान में पहुंच कर रहे फसलों को चट

महासमुंद, 10 दिसंबर । सिरपुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आएदिन हाथी खलिहान में रखे फसलों को चट कर रहे हैं। हाथी भगाओ, फसल बचाओ समिति के संयोजक राधेलाल सिन्हा ने बताया कि 20 हाथी दो दल में विचरण कर तबाही मचा रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से ग्राम लहंगर के आसपास तीन दंतैल विचरण कर रहे हैं। रविवार अलसुबह 4 बजे तीन दंतैल ग्राम परसाडीह के खलिहान में घुसकर फसलों को खा गए। बताया जाता है कि परसाडीह के लक्ष्मीकांत फसल काटकर मिंजाई के बाद उसे खरीदी केंद्र ले जाने की तैयारी कर रहा था। रात में हाथी खलिहान में आ धमके और 9 कट्टा धान खा गए।

घर से बुलाकर नक्सलियों ने की ग्रामीण की गला रेतकर हत्या
Posted Date : 10-Dec-2018 11:33:21 am

घर से बुलाकर नक्सलियों ने की ग्रामीण की गला रेतकर हत्या

कांकेर , 10 दिसंबर । नक्सलियो ने बीती रात को महाराष्ट्र के कुडख़ेड़ा के एक ग्रामीण की गला रेत कर हत्या कर दी। बीती रात 10 से 12 वर्दी धारी नक्सलियों ने ग्रामीण को घर से बुलाया और गला रेत कर हत्या कर दी और शव को खोब्रामेंढा के रास्ते पर फैंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। नक्सलियों ने यह हत्या क्यूं की? इसका कारण अभी सामने नहीं आया है। जिसकी जांच में पुलिस जुटी है।  ग्रामीण का नाम अंतराम पूढ़ो बताया जा रहा है। यह ग्रामीण शाला व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष और तेंदूपत्ता के दीवान जी का काम करता था। बीती रात को 10 से 12 वर्दी धारी नक्सली आया और उनको घर से बुलाकर ले गया ,जिसके बाद इन की गला रेत कर हत्या कर दी और शव को खोब्रामेंढा के रास्ते पर फैंक दिया। नक्सली जब भी इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं। शव के पास पर्चा फेंकते हैं, पर शव के पास कुछ नहीं था। जिसकी जांच में पुलिस जुटी है।