छत्तीसगढ़

मधुमक्खियों के हमले से 50 छात्र घायल
Posted Date : 11-Dec-2018 12:43:02 pm

मधुमक्खियों के हमले से 50 छात्र घायल

दंतेवाड़ा, 11 दिसंबर । जिले के किरंदुल प्रकाश विद्यालय में मधुमक्खियों ने स्कूली बच्चों पर हमला कर दिया। बच्चों ने किसी तरह भागकर मधुमक्खियों से अपनी जान बचाई। स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने मधुमक्खी के डंक से घायल बच्चों को तुरंत हास्पिटल पहुंचाया। इनमें पांच की हालत गंभीर होने से उन्हें भर्ती किया गया है। शेष घायल 40-50 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक  किरंदुल प्रकाश विद्यालय प्ले ग्राउंड में बच्चे खेल रहे थे। उसी दौरान मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। मक्खियों के डंक से बचने बच्चे इधर-उधर भागने लगे। कुछ कक्षाओं में पहुंचे तो कुछ ग्राउंड में ही बचने का प्रयास करते रहे। इस दौरान करीब 40-50 बच्चों को मधुमक्खियों ने डंक मारा। डंक का पहली से लेकर सातवीं कक्षा के बच्चे शिकार हुए। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को तत्काल एनएमडीसी के प्रोजेक्ट हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां बच्चों के शरीर से डंक निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है पांच छोटे बच्चों के शरीर में डंक ज्यादा चुभने से हालत ज्यादा बिगड़ गई थी हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बावजूद ऐहतियातन उनका उपचार हॉस्पिटल में भर्ती कर किया जा रहा है। डॉक्टरों ने जांच और प्राथमिक उपचार के बाद शेष बच्चों को वापस घर भेज दिया है। ज्ञात हो कि स्कूल बिल्डिंग में मधुमक्खियों को एक छत्ता बना हुआ है। माना जा रहा है कि खेलते वक्त किसी बच्चे ने या फिर कोई शरारती तत्व छत्ते से छेड़छाड़ की होगी। इससे मक्खियां बिफर गई और बच्चों पर हमला बोल दिया।

कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया कंट्रोल रूम से ले रहे पल-पल की जानकारी
Posted Date : 11-Dec-2018 12:42:18 pm

कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया कंट्रोल रूम से ले रहे पल-पल की जानकारी

0-कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश गंभीर रहकर मतों की गिनती पर रखें नजर 
रायपुर, 11 दिसंबर । विधानसभा चुनाव परिणामों के साथ ही मतगणना पर नजर रखने के लिए पीसीसी के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कांग्रेस मुख्यालय में मोर्चा संभाला हुआ है। यहां उनके सहयोग के लिए कांग्रेस के कई पदाधिकारी लगे हुए हैं। कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश के कोने-कोने से मतगणना की जानकारी एकत्रित की जा रही है और इसके विश्लेषण के अनुसार रणनीति बनाकर कांग्रेस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किया जा रहा है। 
राजधानी रायपुर के सेजबहार के इंजीनियरिंग कालेज में आज सुबह जैसे ही स्ट्रांग रूम का दरवाजा खुला कांग्रेस-भाजपा नेताओं की दिलों की धडक़नें तेज हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जैसे ही डाकमतों की गिनती शुरू हुई और डाकमत पत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिली, कांग्रेस नेताओं के चेहरे खिल उठे। इसके बाद पहले चरण के लिए 14 टेबलों में ईवीएम मशीनें और वीवीपेट मशीनें लाई गई। पहले चरण में भी कांग्रेस को निर्णायक बढ़त मिली, इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया। इसके बाद दूसरे और तीसरे राउंड की गिनती तक कांग्रेस को अच्छी-खासी बढ़त मिलती रही। इधर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के कंट्रोल रूम में बैठे पीसीसी के प्रभारी पीएल पुनिया लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। बीच-बीच में वे कांग्रेस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी देते नजर आ रहे थे। कांग्रेस मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से पूरे प्रदेश को जोड़ा गया है। यहां सभी जिला मुख्यालयों के पदाधिकारियों के साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी और चुनाव संचालन की जिम्मेदार उठाए हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क रखा जा रहा है और पल-पल की जानकारी एकत्रित की जा रही है। प्रारंभिक रूझानों में कांग्रेस को मिली बढ़त से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। हालांकि पीसीसी नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी स्थिति पर नजर रखने और अंतिम परिणाम आने तक गंभीर रहकर चुनाव परिणाम का इंतजार करने कहा है। 

शहर में आग बुझाने 11 लाख रूपए की फायर बाईक पहुंची
Posted Date : 11-Dec-2018 12:40:50 pm

शहर में आग बुझाने 11 लाख रूपए की फायर बाईक पहुंची

जगदलपुर, 11 दिसंबर। कभी-कभी ऐसी परिस्थिति हो जाती है कि शहर की गलियों में दमकल की गाडिय़ा नहीं पहुंच पाती और गलियों में स्थित घरों में आग लगने पर बुझाने में असहायता दिखती है। ऐसी स्थिति में आग बुझाने के लिए शहर में करीब साढ़े 11 लाख रुपए कीमत की एक फायर बाइक पहुंच चुकी है और इसके माध्यम से लगी हुई सामान्य आग को बुझाया जा सकेगा। यह बाईक फिलहाल नगरसेना के पास पहुंच चुकी है और यह दो सिलेंडर की है। शहर में होने वाली सामान्य आग पर इससे काबू पाया जा सकेगा। 
उल्लेखनीय है कि इस फायर बाईक की और भी कई विभिन्न उपयोग होंगे। इसके माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर, अलाव या अन्य किसी स्थान पर अथवा वाहनों में अचानक लगने वाली आग को बुझाया जा सकेगा। इस बाईक के आने के बाद अब शहर की गलियों में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर ये फायर बाइक तुरंत पहुंचकर आग को भडक़ने से रोक सकेगी। इस संबंध में नगरसेना के जिला सेनानी ने बताया कि अभी 15 दिन पहले ही यह बाइक पहुंची है, अभी इसपर नगर सैनिकों का अभ्यास क्रम जारी है। इसके लिए दो सैनिकों को तैनात किया गया है, जो आगजनी की सूचना मिलते ही फायर बाइक लेकर रवाना हो जाएंगे। 

शुरूआती रूझानों के बाद भाजपा कार्यालय में पसरा सन्नाटा
Posted Date : 11-Dec-2018 12:38:57 pm

शुरूआती रूझानों के बाद भाजपा कार्यालय में पसरा सन्नाटा

० कांग्रेस भवन में बढ़ी चहलकर्मी 
रायपुर/बिलासपुर, 11 दिसम्बर । 2003 के बाद लगातार 15 वर्षों से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी काबिज है। लेकिन मतगणना के शुरूआती रूझानों में इस बार छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मिली बढ़त के बाद भाजपा कार्यकर्ता निराशाजनक मुद्रा में नजर आ रहे हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण भाजपा कार्यालय में पसरा सन्नाटा से दिख रहा है। 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में कुछ एक बड़े कार्यकर्ताओं को छोड़ कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। यहीं हालत बिलासपुर के भाजपा कार्यालय में भी देखा जा रहा है। बिलासपुर संभाग के लगभग सभी विधानसभा सीटों पर मिले शुरूआती रूझानों के बाद कांग्रेस पार्टी बढ़त बनाई हुई है। बिलासपुर शहर की बात की जाए तो यहां सत्तारूढ़ भाजपा के कद्दावर मंत्री अमर अग्रवाल अपने निकटतम कांग्रेस के प्रतिद्वंदी शैलेष पांडेय से पीछे चल रहे हैं। 
दोपहर 12 बजे तक मिले शुरूआती रूझानों के बाद कांग्रेस की स्थिति मजबूत होती दिख रही है। बस्तर संभाग के सभी 12 विधानसभा सीटों में कांग्रेस पार्टी 10 सीटों पर आगे चल रही है। रायपुर संभाग के 20 विधानसभा सीटों में कांग्रेस 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। दुर्ग संभाग के 20 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस यहां भी 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। सरगुजा संभाग के 14 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 9 सीटों पर आगे चल रही है तथा बिलासपुर संभाग के 24 विधानसभा सीटों में से 11 पर कांगे्रस बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा सात सीटों पर आगे निकलती नजर आ रही है तो वहीं जोगी कांग्रेस के पांच प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। 

विस चुनाव परिणाम : शुरूआती रूझान में भाजपाई मंत्रियों की हालत हुई पतली
Posted Date : 11-Dec-2018 12:37:36 pm

विस चुनाव परिणाम : शुरूआती रूझान में भाजपाई मंत्रियों की हालत हुई पतली

रायपुर, 11 दिसंबर । राज्य विधानसभा चुनाव के प्रारंभिक रूझानों में सत्ताधारी दल भाजपा के स्पष्ट बहुमत का सपना पूरी तरह से धाराशाही होता नजर आ रहा है। प्रारंभिक रूझानों के साथ ही भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लग गई है। कई सीटों पर भाजपा के दिग्गज कांग्रेस से काफी पीछे चल रहे हैं। 
राज्य के कुल 90 विधानसभा सीटों पर सत्ताधारी दल भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा प्रारंभिक रूझान आने के साथ ही दांव पर लगी नजर आ रही है। बात राज्य मंत्रिमंडल में शामिल दिग्गजों की करें तो सबसे पहले बात बस्तर संभाग के नारायणपुर विधानसभा सीट की स्थिति भाजपा के लिए काफी दयनीय हो गई है। यहां से भाजपा के मंत्री केदार कश्यप की प्रतिष्ठा दांव पर लगी नजर आ रही है। प्रारंभिक गिनती के बाद 3 राउंड में मंत्री केदार कश्यप कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंदन कश्यप से काफी पीछे चल रहे हैं। मंत्री केदार कश्यप को 3 राउंड तक केवल 1 हजार 521 मत मिले हैं, वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी चंदन कश्यप को 3 हजार 446 मत मिले हैं। जोगी कांग्रेस के बलिराम कचलराम को भी अच्छा वोट मिला है, बावजूद इसके कांग्रेस के चंदन कश्यप 2480 मतों से आगे चल रहे हैं। 
बात दूसरे भाजपा मंत्रियों की करें तो भाजपा के महेश गागड़ा, अमर अग्रवाल, दयालदाएस बघेल, राजेश मूणत अपने कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पनीछे चल रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और धरसींवा से चुनाव लडऩे वाले विधायक देवजी भाई पटेल भी प्रारंभिक रूझानों में कांग्रेस से पीछे हो गए हैं। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय और करूद से अजय चंद्राकर ही कांग्रेस के प्रत्याशियों को पीछे करने में अब तक सफल नजर आ रहे हैं। हालांकि यह प्रारंभिक रूझान है और अभी भी बाजी पलटने में कोई अचरज नहीं होगी। 

जोगी दंपत्ति, ऋचा जोगी, धर्मजीत सिंह जीत की ओर अग्रसर
Posted Date : 11-Dec-2018 12:34:29 pm

जोगी दंपत्ति, ऋचा जोगी, धर्मजीत सिंह जीत की ओर अग्रसर

रायपुर, 11 दिसंबर ।  जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से अजीत जोगी, पत्नी श्रीमती रेणु जोगी, बहू ऋचा जोगी एवं धर्मजीत सिंह भारी वोटों से बढ़त बनाते हुए जीत की ओर अग्रसर है। इसके अलावा कुछ अन्य सीटों पर भी जनता कांग्रेस के प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस से बढ़त बनाए हुए है। 
सुबह 11 बजे तक जनता कांग्रेस से प्रत्याशी अजीत जोगी मरवाही विधानसभा सीट में भाजपा प्रत्याशी अर्चना पोते से 4179 वोटों से बढ़त बनाए हुए है, वहीं श्रीमती रेणु जोगी कोटा विधानसभा सीट में  भाजपा प्रत्याशी काशीराम साहू से 1171 वोटों से आगे है। इसी प्रकार लोरमी विधानसभा सीट से जनता कांग्रेस से प्रत्याशी धर्मजीत सिंह भारी वोटों से बढ़त बनाए हुए है, खैरागढ़ से जनता कांग्रेस प्रत्याशी देवव्रत सिंह 1264 वोटों से भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल से बढ़त बनाए हुए है। बलौदाबाजार सीट से भी जनता कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कुमार शर्मा 1878 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी जनकराम वर्मा से बढ़त बनाए हुए है, वहीं जनता कांग्रेस प्रत्याशी ऋचा जोगी भी आगे चल रही है।