छत्तीसगढ़

अघरिया समाज मेहनतकश और दृढ संकल्पी -  उमेश पटेल
Posted Date : 08-Mar-2019 1:12:19 pm

अघरिया समाज मेहनतकश और दृढ संकल्पी - उमेश पटेल

० पैंता में सम्मान समारोह एवं अघरिया धाम भूमिपूजन कार्यक्रम 
महासमुंद, 08 मार्च ।  प्रदेश के उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल गुरूवार को यहां जिले के बसना विकासखंड के ग्राम पैंता में अखिल भारतीय अघरिया समाज के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह एवं अघरिया धाम भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद छाया वर्मा, विधायक बसना देवेन्द्र बहादुर सिंह, विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव, विधायक महासमुंद विनोद चंद्राकर, विधायक धरमजयगढ़ लालजीत सिंह राठिया, पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, मकसूदन लाल चंद्राकर, डॉ चक्रजीत नायक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उषा पटेल, लक्ष्मण पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अघरिया समाज के पदाधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित थे।
श्री पटेल ने कहा कि अघरिया समाज द्वारा यह एक अच्छी शुरूआत की गई है। इसके माध्यम से सामाजिक गतिविधि बढ़ी है, इसके लिए समाज के पदाधिकारी विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अघरिया समाज मेहनतकश और दृढ संकल्प लेने वाला समाज है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि अघरिया धाम के प्रांगण में स्कूल एवं हास्पिटल का भी निर्माण किया जाएगा, जहां लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा इस परिसर में कम पैसे में ईलाज और शिक्षा की व्यवस्था होती है तो यह समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बात होगी। उन्होंने भूमि दान दाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके भूमिदान के बिना और अपेक्षित सहयोग के बिना यह कार्य संभव नहीं हो पाता। इस अवसर पर विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह ने समाज के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन में क्षेत्र का विकास कर सकते है। अघरिया समाज प्रगतिशील, मेहनतकश और अन्नदाता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और अन्य कार्य समाज के निचले स्तर पर प्रारंभ करने का प्रयास होना चाहिए, ताकि समाज में बदलाव आ सके। धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया ने मेहनतकश अघरिया समाज को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा सहित खेती के मामले में भी यह समाज आगे है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा वर्तमान में किसानों की ऋण माफी की गई हैं, वहीं 25 सौ रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से धान भी खरीदा गया है। अघरिया धाम के निर्माण से इस समाज के धर्म, संस्कृति और कला के संबंध में लोगों को जानकारी मिल सकेगी। राज्य सभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने सांसद निधि से 10 लाख रूपए की अनुदान देने की घोषणा की। इसके अलावा विधायक द्वारिकाधीश यादव, विनोद चंद्राकर एवं पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, डॉ शक्राजीत नायक, श्रीमती उषा पटेल, लक्ष्मण पटेल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रेमशंकर पटेल ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रदर्शन किया।  

फिल्म ‘विवाह’ की शूटिंग पूरी कर मुंबई लौटी आकांक्षा अवस्थी
Posted Date : 08-Mar-2019 1:11:40 pm

फिल्म ‘विवाह’ की शूटिंग पूरी कर मुंबई लौटी आकांक्षा अवस्थी

रायपुर, 08 मार्च । वल्र्ड वाइड फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही निर्माता प्रदीप सिंह की भोजपुरी फिल्म ‘विवाह’ की शूटिंग पूरी कर आकांक्षा अवस्थी वापस मुंबई लौट चुकी हैं हालाँकि अभी फिल्म की शूटिंग रायपुर में 7  मार्च तक चलेगी । आकांक्षा अवस्थी फिल्म ‘विवाह’ सुपर स्टार प्रदीप पांडे चिंटू के अपोजिट नजर आने वाली हैं। वे पिछले कई दिनों से फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में रायपुर, छत्तीसगढ़ में थीं। मगर अब आकांक्षा मुंबई आ चुकीं हैं और दूसरे नए प्रोजेक्ट की तैयारी में जुट गईं। इसी क्रम में वे भोजपुरी के बड़े सुपर स्टार के साथ एक बड़ी भोजपुरी फिल्म में नजर आने वाली हैं, जिसकी शूटिंग अप्रैल में शुरू होनी है। हालांकि अभी तक उस फिल्म का नाम आउट नहीं किया गया है, लेकिन आकांक्षा मुंबई वापस लौटने के बाद इस फिल्म की तैयारी में लग गईं हैं।
मुंबई आने के बाद आकांक्षा ने अपना शूटिंग एक्सपीरियंस भी शेयर किया और कहा कि मैंने ‘विवाह’ की शूटिंग को खूब इंजॉय किया। मुझे सेट पर सबों ने सपोर्ट किया। खास कर प्रदीप पांडे चिंटू और निर्देशक मंजूल ठाकुर के साथ काम करके बेहद मजा आया। बहुत कुछ सीखने को भी मिला। चिंटू बेहद दिलचस्प इंसान हैं और अभिनेता भी कमाल के हैं। उनकी सोच काफी परिपक्व है। वे अपनी बात रखना बखूबी जानते हैं और सेट पर अपने को-स्टार को नर्वस नहीं होने देते हैं। उनकी यही एटीट्यूड पर्दे पर भी दिखता है, जिस वजह से उनकी पॉपुलेरिटी खूब है। आगे भी उनके साथ काम करना चाहूंगा। प्रदीप सिंह बतौर निर्माता परफेक्ट है। उनकी फिल्म में काम करके मुझे बेहद खुशी है और मैं उन्हें धन्यवाद भी कहना चाहूंगी। अब मैं वापस मुंबई आ गयी तो अब नये काम पर पूरा फोकस होगा। लेकिन मैं ये कहना चाहती हूं कि जब भी ‘विवाह’ रिलीज हो, दर्शक सिनेमाघरों में पूरे परिवार के साथ जायें। बहुत मजा आयेगा। मालूम हो कि आकांक्षा अवस्थी की यह दूसरी भोजपुरी फिल्म है। उन्होंने भोजपुरी सुपर स्टार खेसारीलाल यादव और निर्देशक योगश राज मिश्रा के साथ सुपर हिट फिल्म ‘दबंग सरकार’ से अपने करियर की शुरूआत की थी और दूसरी फिल्म प्रदीप पांडे चिंटू के साथ किया है। जल्द ही एक बड़े स्टार के साथ अपनी नई फिल्म की शूटिंग भी करने वाली हैं। कुल मिलाकर देखें तो आकांक्षा के बल्ले -बल्ले हैं। फिल्म ‘विवाह’ में प्रदीप पांडे चिंटू और आकांक्षा अवस्थी के साथ संचिता बनर्जी,अवधेश मिश्रा, किरण यादव,संजय महानंदा,पाखी हेगड़े और काजल राघवानी के अलावा भी कई नामचीन कलाकार हैं। फिल्म के प्रचारक संजय भूषण पटियाला हैं। गीत आज़ाद सिंह, प्यारे लाल और श्याम देहाती का होगा, जबकि संगीतकार छोटे बाबा ने तैयार किया है !

महिलाओं के सशक्तिकरण से देश की उन्नति : कपूर
Posted Date : 08-Mar-2019 1:10:18 pm

महिलाओं के सशक्तिकरण से देश की उन्नति : कपूर

कोरबा 8 मार्च । वेदांत समूह (एल्यूमिनियम एंड पावर बिजनेस) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कपूर अपने दो दिवसीय प्रवास पर बालको पहुंचे। उनके साथ वेदांत समूह (एल्यूमिना एंड टी.एस.पी.एल.) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय दीक्षित, वेदांत समूह (एल्यूमिनियम एंड पावर बिजनेस) के मुख्य वित्तीय अधिकारी  भरत गोयनका और वेदांत समूह (एल्यूमिनियम एंड पावर बिजनेस) के मानव संसाधन प्रमुख  दिलीप रंजन साहू मौजूद थे। बालको आगमन पर  कपूर एवं अधिकारियों की अगवानी बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक  विकास शर्मा ने की। 
अपने प्रवास के दौरान  कपूर ने बालको संयंत्र की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया। विकास शर्मा, बालको के निदेशक (धातु) दीपक प्रसाद और निदेशक (ऊर्जा). वेंकटरेड्डी ने उत्पादन, उत्पादकता, गुणवत्ता संबंधी अनेक आयामों की जानकारी दी। बालको के मुख्य वित्तीय अधिकारी रोहित सोनी सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे। बालको की एल्यूमिना कैंटीन में टाउनहॉल मीटिंग आयोजित की गई जहां कपूर,  गोयनका और साहू ने बालको परिवार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। 
सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कपूर ने ग्राम बेला स्थित वेदांत एग्रीकल्चर रिसोर्स सेंटर और ग्राम दोंदरो में बालको संचालित नारी शक्ति केंद्र का अवलोकन किया।  विकास शर्मा और  आशीष रंजन ने कपूर को बालको के सामुदायिक विकास कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कपूर ने उपस्थित किसानों को कोऑपरेटिव के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज वितरित किए। वेदांत एग्रीकल्चर रिसोर्स सेंटर परिसर में  कपूर और दिलीप रंजन साहू ने फलदार पौधे रोपे। नारी शक्ति केंद्र में  कपूर ने ब्यूटी पार्लर विधा में प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का कोर्स देश में अत्यंत लोकप्रिय है। उन्होंने कहा कि इस विधा के प्रशिक्षण से महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इससे उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है। सशक्त महिलाओं से ही देश का विकास सुनिश्चित होता है। 

दसवीं बोर्ड परीक्षा : उडऩदस्ता दलों ने 40 परीक्षा केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
Posted Date : 08-Mar-2019 1:08:25 pm

दसवीं बोर्ड परीक्षा : उडऩदस्ता दलों ने 40 परीक्षा केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

राजनांदगांव, 08 मार्च । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की दसवीं की बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत आज 7 मार्च 2019 को सामाजिक विज्ञान विषय का प्रश्र पत्र हुआ। परीक्षा में नकल के एक भी प्रकरण दर्ज नहीं किए गए। जिले में गठित उडऩदस्ता दलों ने 40 परीक्षा केन्द्रों में दबिश दी। उडऩदस्ता दलों ने जिले शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बांधाबाजार, मेरेगांव, कौड़ीकसा, दनगढ़, सोमाटोला, दुगाटोला, कुम्हली, गोटाटोला, मुढ़ीपार, पांड़ादाह, कुर्रूभाठ, देवरी, अमलीपारा, बढ़ईटोला, कोठीटोला, बागरेकसा, मडिय़ान, अण्डी, बडग़ांव, चारभाठा, रामाटोला, लालबहादुर नगर, भेड़ीकसा, तिलई, भैंसातरा, घुमका, उपरवाह, परसबोड़, टप्पा, तिलईरवार, कोहका, आसरा, कोकपुर, बादराटोला, चिरचारीकला, आमगांव, कुमर्दा, मोहड़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कन्या चौकी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कन्या खैरागढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया।

सामान्य कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष बने ऐसा भाजपा में ही संभव-अमित शाह
Posted Date : 08-Mar-2019 1:07:43 pm

सामान्य कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष बने ऐसा भाजपा में ही संभव-अमित शाह

0 भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल 
0-चिटफंड घोटालों की सरकार और जनकल्याणकारी भाजपा सरकार का फ र्क अब नजर आ रहा है

रायपुर, 08 मार्च । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सबसे संपर्क कर पार्टी की उपलब्धियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाएं। अगला चुनाव भारत के लिए महत्वपूर्ण है और भाजपा कार्यकर्ताओं को आसमान छूने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है। शाह गुरुवार को राजधानी में रायपुर क्लस्टर के अंतर्गत दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे थे। 
शाह ने कहा कि देशभर के सभी राज्यों में कार्यकर्ताओं के सम्मेलनों में शामिल होने के बाद वे विश्वासपूर्वक कह रहे हैं कि देश में फिर एक बार-मोदी सरकार की हवा चल रही है, देश का यह मानस स्पष्ट हो रहा है। भाजपा को कार्यकर्ता आधारित दल बताते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा में ही सामान्य कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ के बल पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर पहुंच पाता है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी द्वारा तय कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आगामी चुनाव में सफलता के पूर्ण मनोयोग से जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के आधार पर पार्टी की राजनीतिक क्षमता का आंकलन नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता फीनिक्स पक्षी की तरह राख के ढेर पर भी महल बनाने का हुनर जानता है और यही कारण है कि 1984 में दो सीट जीतने वाली भाजपा में बिखराव नहीं हुआ। गुरुजी (गोलवलकर), डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर हम सब चलते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता एक पड़ावभर है और मां भारती की सेवा और जनकल्याण का लक्ष्य पूरा होने तक हमारी यात्रा चलेगी। भाजपा अध्यक्ष शाह ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को भाजपा की जनकल्याणकारी लोकप्रिय सरकार और चिटफंड घोटालों की सरकार का फर्क अब नजर आ गया है। केन्द्र में 10 वर्षों तक यूपीए की सरकार होते हुए भी भाजपा की राज्य सरकार ने डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व में छत्तीसगढ़ को बदलने और संवारने का काम किया। 15 वर्षों की हमारी सरकार का कार्यकाल उपलब्धिपूर्ण रहा और इसलिए भाजपा कार्यकर्ता सीना तानकर पूरे आत्मविश्वास के साथ लोगों तक जाएं। जनसमर्थन भाजपा के साथ है। कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने सत्ता सम्हालते ही केन्द्र सरकार की जनहितकारी आयुष्मान योजना को अधर में लटका दिया। इस सरकार ने दो माह में ही जता दिया है कि उसके इरादे नेक नहीं है। बेरोकटोक घोटाले-घपले करने के लिए ही यहां सीबीआई पर रोक लगा दी गई है। पूत के पांव पालने में ही दिख रहे हैं। भाजपा सरकार ने कभी छत्तीसगढ़ में सीबीआई को काम करने से नहीं रोका क्योंकि हमारी नीयत में खोट नहीं थी। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों को कर्जामाफी के नाम पर धोखा दिया, धान खरीदी का भुगतान तक अभी पूरा नहीं हो पाया है और रिजर्व बैंक से हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लेकर यह सरकार छत्तीसगढ़ पर आर्थिक बोझ डाल रही है। शराबबंदी के वादे से मुकरकर इस सरकार ने महिलाओं को छला और बेरोजगारी भत्ता न देकर युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरा। बिजली बिल और संपत्ति कर को लेकर भी प्रदेश सरकार के ढुलमुल रवैये और छलावे पर शाह ने तंज कसा। यह सरकार योजनाओं के नाम बदलने में ही मशगूल है जबकि हमने पुरानी योजनाओं का नाम न बदलकर पुरुषार्थ करके नई योजनाएं तैयार कर उन्हें अपने नेताओं के नाम पर संचालित किया। लेकिन प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक जीवन की शुचिता और मर्यादा का मान ही नहीं रखा। 
शाह ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि तब के कांग्रेस शासित प.बंगाल में नक्सलवाद पनपा और कांग्रेस शासित राज्यों में वह फैला। आखिर कांग्रेस और नक्सलियों के बीच यह कैसा रिश्ता है? जबकि प. बंगाल समेत नक्सल पीडि़त  राज्यों में कांग्रेस की सरकारों के हटते ही नक्सलवाद नेस्तनाबूद हुआ। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की लचर स्थिति का जिक्र कर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह कि आम जनता के हितों के लिए कार्यकर्ता संघर्ष करें। इसके लिए कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर योजनापूर्वक काम करना होगा ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मुझे अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ही पूरा भरोसा है क्योंकि उन्होंने ही परिश्रम की पराकाष्ठा कर तीन विधानसभा और लोकसभा चुनावों में यहां पार्टी को शानदार जीत दिलाई है। उन्होंने इस बार छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें पार्टी के नाम जिताने का संकल्प भी कार्यकर्ताओं से लिया।
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 55 महीनों की उपलब्धियों को कांग्रेस के 55 सालों के मुकाबले बेहद सराहनीय बताया। केन्द्र सरकार की योजनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा रखकर शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जानना चाहा कि वे हमसे हिसाब मांग रहे हैं पर पहले अपना हिसाब क्यों नहीं देते? आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि हमारी केन्द्र सरकार ने भारत की सीमाओं को सुरक्षित किया है। अपने 10 साल के कार्यकाल में यूपीए सरकार रक्षा मामले के प्रति उदासीन रही जबकि उरी और पुलवामा के आतंकी हमलों के बाद हमारी सेना में केन्द्र सरकार की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति व नेतृत्व के कारण सर्जिकल व एयर स्ट्राइक कर आतंकी मंसूबों को करारा जवाब दिया और दुनियां में भारत के एक मजबूत राष्ट्र होने का संदेश दिया। पहले विश्व में दो देश ही थे जो आतंकी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब देते थे पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को ऐसा तीसरा देश बनाया। इसी तरह घुसपैठियों को भी हम चुन-चुनकर देश के बाहर निकालने के लिए कटिबद्ध हैं और अयोध्या में उसी जगह भव्य राम मंदिर शीघ्र बनाने के लिए भी हम प्रतिबद्ध हैं। कांग्रेस और महामिलावटी गठबंधन की अड़ंगेबाजी पर कटाक्ष कर उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करे। शाह ने मोदी को भारत का एक प्रामाणिक कठोर परिश्रमी और लोकप्रिय प्रधानमंत्री बताते हुए फिर उनकी सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। 
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल में बेहतर काम करके नेतृत्व की शक्ति का परिचय दिया और विश्व पटल पर भारत का गौरव व मान बढ़ाया। उन्होंने दुहराया कि हम विधानसभा में चुनाव हारे हैं, हिम्मत नहीं हारे हैं। भाजपा एक पवित्र और बड़े संकल्प को लेकर राजनीति कर रही है लेकिन कांग्रेस की प्रदेश सरकार आतंकराज कायम करने की दिशा में बढ़ रही है। प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर कटाक्ष करते हुए डॉ. सिंह ने प्रदेश सरकार के बजट प्रावधानों की चर्चा की और कहा कि प्रदेश सरकार ने सबके साथ छल किया है और अब तबादलों को उद्योग बनाकर प्रशासनिक अव्यवस्था का माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि अब देशभर में भाजपा के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सजग व सक्रिय रहें, उम्मीदवार चाहे कोई भी, हमारा लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार एक बार फिर बनाना ही हो। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी कार्यकर्ताओं से प्रदेश की सारी सीटें जीतकर मोदी के नेतृत्व को मजबूती प्रदान करने की अपील की।
 प्रदेश भाजपा महामंत्री संतोष पांडे पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सरला कोसरिया ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, केन्द्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय, अजजा मोर्चा अध्यक्ष रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद रमेश बैस, अशोक शर्मा आदि भी मंचस्थ थे। 

छग में सभी 11 सीटों पर भाजपा की जीत होगी-शाह
Posted Date : 08-Mar-2019 1:06:51 pm

छग में सभी 11 सीटों पर भाजपा की जीत होगी-शाह

रायपुर, 08 मार्च । छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी। यह दावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राजधानी रायपुर स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं। 
श्री शाह ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर हमला किया है। उन्होंने  नक्सलवाद से प्रभावित छत्तीसगढ़ में बीते पंद्रह सालों में भाजपा की सरकार रहते तक नक्सलवाद के नियंत्रित रहने का दावा करते हुए कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार बनी वहां नक्सलवाद बढ़ा है। छत्तीसगढ़ में पंद्रह साल में नक्सलवाद कम हुआ लेकिन अब फिर से कांग्रेस की सरकार यहां है समझ लो कोई तो रिश्ता है इस पार्टी का नक्सलियो से
श्री शाह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।