राज्य

10-Jun-2019 1:13:59 pm
Posted Date

लू के थपेड़ों से लोग बेहाल, राजधानी में रेड अलर्ट

0-उत्तर भारत में गर्मी से हाहाकार
नईदिल्ली,10 जून । दिल्ली एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोग हलाकान हैं। राजधानी में रविवार को एक बार फिर तापमान ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 44 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए। तापमान में बढ़ोतरी के कारण रविवार को दिल्ली में औरेंज अलर्ट जारी किया गया। 
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वर्ष 2015 में 9 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। 
आज को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक चढऩे की आशंका है। भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है। लिहाजा, लोगों को गर्मी की मार से बचकर रहना होगा। बुधवार और गुरुवार के लिए भी दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। 
इस बीच अधिकतम तापमान 43 और 42 डिग्री रहने की आशंका है। इन तीन दिनों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी के साथ गर्जन की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को भी दिल्ली का तापमान करीब 43 डिग्री रहने की संभावना है। इसके लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। रविवार को दिल्ली के पालम और आयानगर मानक केंद्र पर अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, जाफरपुर केंद्र पर अधिकतम पारा 45.6 डिग्री, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स केंद्र पर 45.5 डिग्री, रिज केंद्र पर 44.9 डिग्री, मुंगेशपुर और नजफगढ़ केंद्र पर 44.4 डिग्री और लोधी रोड मानक केंद्र पर 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

Share On WhatsApp