आज के मुख्य समाचार

27-May-2019 1:47:38 pm
Posted Date

कांग्रेस की दिल्ली में होने वाली समीक्षा बैठक स्थगित

नई दिल्ली ,27 मई । राजस्थान में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार को लेकर नईदिल्ली में आज होने वाली समीक्षा बैठक स्थगित हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर होने वाली इस बैठक में शामिल होने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट दिल्ली में ही मौजूद थे।
बैठक से पहले ही कृषि मंत्री लाल चन्द कटारिया के इस्तीफे को लेकर कल काफी चर्चाएं चली। कांग्रेस कार्यकर्ता यह कयास लगा रहे हैं कि हार को लेकर किसी मंत्री या पदाधिकारी पर गाज गिर सकती है। कटारिया सहित कई मंत्री और नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए है। कांग्रेस का एक तबका यह भी मान रहा है कि पार्टी की देशव्यापी हार के कारण राज्य में किसी मंत्री या पदाधिकारी पर शायद ही कार्रवाई हो।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी हार से विचलित हैं, लिहाजा फिलहाल पार्टी में शायद ही कोई निर्णय हो पाये। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पिछला सब कुछ भुलाकर आगे पार्टी और सरकार की छवि बनाने के पक्ष में हैं। झुंझुनू और नागौर में मौजूदा विधायकों के सांसद चुने जाने से यहां भी उप चुनाव होंगेे। कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्य में भाजपा में अंदररूनी खींचतान के कारण उन दोनों सीटों पर कांग्रेस चुनाव जीत सकती है और इससे माहौल भी बदल सकता है।

Share On WhatsApp