आज के मुख्य समाचार

21-Oct-2018 8:19:52 am
Posted Date

अमृतसर रेल हादसा : प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर किया पथराव, एक पुलिसकर्मी घायल

अमृतसर में जोड़ा फाटक पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई जिसके बाद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। दरअसल रेल हादसे के बाद से स्थानीय लोग जोड़ा फाटक पर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस जब प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाने पहुंची तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। जिससे स्थिती तनावपूर्ण हो गई। पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

हेड कॉन्सटेबल अमृतपाल सिंह ने बताया कि प्रदर्शकारी पत्थर फेंक रहे थे जो हमारे एक जवान के आंख में जा लगी। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। बातें दें कि शुक्रवार को अमृतसर के जोड़ा फाटक पर एक बड़ा हादसा हो गया। रेल की पटरी पर खड़े होकर दशहरा देख रहे लोगों के ऊपर से ट्रेन निकल गई। जिसमें 61 लोगों की मौत हो गई और 71 लोग घायल हो गए।

लोगों में अब इस बात का गुस्सा है कि ट्रेन के ड्राइवर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों की राज्य सरकार से मांग है कि ट्रेन के ड्राइवर पर कार्रवाई की जाए। लोगों ने राज्य सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यह दावा किया कि कुछ लोग अब भी लापता हैं। उनकी मांग है कि लापता लोगों का पता लगाया जाए और पीड़ितों के परिवार को पर्याप्त मुआवजा भी दिया जाए। 

जोड़ा फाटक के पास एक इलाके के रहने वाले कमल ने कहा, मेरे इलाके में रहने वाले दो मजदूर अब भी लापता हैं। कमल ने आशंका जताई कि सरकार ने मृतकों की जो संख्या बताई है वह उससे अधिक हो सकती है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को घटनास्थल तथा अस्पतालों का निरीक्षण करने के बाद कहा था कि 59 लोगों की मौत हुई है और 57 घायल हैं। हालांकि सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट राजेश शर्मा ने बताया कि हादसे में 61 लोगों ने जान गंवाई और 72 लोग घायल हैं।

 

प्रदर्शन में एक अन्य स्थानीय निवासी राजू ने कहा कि एक व्यक्ति घटना में मारे गए अपने पिता के शव की अब भी तलाश कर रहा है।    राजू ने कहा, वह अपने पिता के शव को ढंकने के लिए कपड़ा लेने गया था लेकिन जब लौटा तो उसे शव नहीं मिला। एक अन्य स्थानीय निवासी राम कुमार ने दावा किया कि सब्जी बेचने वाले काजल के परिवार के चार सदस्य गायब हैं। घटना में अपने भाई विकास और निंदरपाल को खो चुकी अंजू ने आरोप लगाया कि नेता इस घटना पर राजनीति कर रहे हैं।

Share On WhatsApp