छत्तीसगढ़

29-Apr-2019 1:32:11 pm
Posted Date

जंगली हाथियों का दल पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत

कोरबा ।  वन परिक्षेत्र कोरबा में अचानक 7 हाथियों का दल पहुंचने से ग्रामीण दहशत में है। गोड़मा व रजगामार में हाथियों के दल ने 5 किसानों की धान फ सल को रौंद दिया। जिससे फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। हाथियों के दो अलग.अलग दल कुदमुरा परिक्षेत्र में मांड नदी के आसपास घूम रहे हैं। वन विभाग ने भुलसीडीह, बुंदेली के आसपास गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया है। 
वनमंडल कोरबा में एक सप्ताह से हाथी उत्पात रुका था। कुदमुरा के आसपास ही मांड नदी के किनारे हाथी के दल घूम रहे थे। शनिवार रात बांगो की ओर से 7 हाथी अजगरबहार होते हुए भटगांव चुईया पहुंच गए। यहां से हाथी मुड़धोवा होते हुए गोड़मा, रजगामार पहुंचे। 
रविवार को हाथी केराकछार के जंगल में थे। ये हाथी केंदई परिक्षेत्र के घुचापुर में डेरा जमाए हुए थे। शुक्रवार की रात एतमानगर पहुंच गए। एक दिन रुकने के बाद बांगो होते हुए बालको परिक्षेत्र में आ गए। इसकी जानकारी वन विभाग को नहीं थी। रविवार को वन विभाग ने आसपास गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल नहीं जाने से सतर्क किया। डिप्टी रेंजर बसंत तिवारी ने बताया कि हाथियों के बुंदेली, भुलसीडीह की ओर आने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।

Share On WhatsApp