छत्तीसगढ़

27-Apr-2019 1:19:42 pm
Posted Date

अपहरणकर्ता आज कोर्ट में होंगे पेश, बिहार में छुपा है मास्टरमाइंड

बिलासपुर। विराट अपहरणकांड के मास्टरमाइंड की बिहार में पुलिस तलाश कर रही है। इसके लिए दो टीम बिहार व झारखंड इलाके में कैम्प की हुई है। शुक्रवार की सुबह विराट की सकुशल वापसी के साथ ही पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ जारी है। इन सभी आरोपितों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिर उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले से जुड़ी संदेही विराट की बड़ी मां से पूछताछ कर रही है। शुक्रवार की सुबह विराट के परिजन के लिए खुशखबरी के लेकर आई।
पूरे दिन शहर में इस बहुचर्चित अपहरणकांड की चर्चा होती रही। पुलिस ने इस मामले के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अपहरणकर्ता विराट को जरहाभाठा मिनिबस्ती के पन्नानगर नगर स्थित मकान में छिपाकर रखे थे। इस मामले में युवती व महिला को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।
आरोपितों ने 6 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए अपहरण किया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने उनके मनसूबों पर पानी फेर दिया। प्रकरण में पुलिस की जांच चल रही है और रहस्यों से पर्दा उठना बाकी है।
अपहरणकर्ता ने मोबाइल से फिरौती की मांग करने के साथ ही पुलिस की सक्रियता का जिक्र किया था। साथ ही होशियारी करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। फिर भी विराट के पिता ने पुलिस पर भरोसा किया और जांच में पुलिस का सहयोग भी किया। अंतिम तक उन्होंने धैर्य नहीं खोया।

 

Share On WhatsApp