आज के मुख्य समाचार

21-Apr-2019 1:33:08 pm
Posted Date

श्रीलंका सीरियल ब्लास्ट में 100 से अधिक लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

0-भारत ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

कोलंबो। ईस्टर के मौके पर श्रीलंका में चर्च समेत कई जगहों पर सीरियल धमाके हुए हैं। श्रीलंका पुलिस की ओर जारी बयान में कहा गया है कि अबतक छह जगहों पर धमाके की सूचना मिली है। जानकारी के अनुसार इन धमाकों में 100 से अधिक लोगों की मौत और 300 से अधिक घायल हुए है।

पहला धमाका कोलंबो में सैंट एंटनी चर्च और दूसरा धमाका राजधानी के बाहर नेगोम्बो कस्बे के सेबेस्टियन चर्च में हुआ। वहीं तीसरा धमाका पूर्वी शहर बाट्टिकालोआ के चर्च में हुआ। इसके अलावा जिन होटलों को निशाना बनाया गया है, उनमें द शांगरीला, द सिनामॉन ग्रैंड और द किग्सबरी शामिल हैं। इस धमाके में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और 300 से ज्यादा लोग घायल हैं। पुलिस का मानना है कि घायलों की संख्या बढ़ सकती हैं। ये धमाके उस वक्त हुए जब चर्च में ईस्टर के मौके पर प्रार्थना सभा चल रही थी। धमाके के बाद पूरे शहर में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। अधिकारी के अनुसार चर्च में हर तरफ लाशें बिखरी पड़ी है, लोग अपनों को ढूंढ रहे है।

श्रीलंका पुलिस के प्रवक्ता रुवान गुनाशेखरा ने बताया कि सुबह करीब 8.45 बजे चर्च में धमाके की पहली खबर मिली। यह धमाका कोलंबो के कोच्चिकाडे इलाके में स्थित सेंट एंटोनी चर्च में हुई थी। धमाके के वक्त चर्च में मौजूद कुछ लोगों ने फेसबुक पर धमाके की सूचना दी और मदद की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुट गई। 

इसी बीच श्रीलंका स्थित भारतीय दूतावास ने श्रीलंका में रहने वाले भारतीय नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर +94777903082 +94112422788 +94112422789 जारी किए हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि वह कोलंबो में भारतीय एंबेसी से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह श्रीलंका में हर भारतीय की सुरक्षा को लेकर फिक्रमंद हैं और उन्हें सुरक्षा की जानकारी हासिल कर रही हैं।

Share On WhatsApp