राज्य

10-Apr-2019 9:53:27 am
Posted Date

अकबर केस में प्रिया रमानी के खिलाफ मानहानि का आरोप तय

0-मीटू अभियान
नईदिल्ली ,10 अपै्रल । पूर्व केंद्रीय मंत्री एम.जे. अकबर की ओर से दाखिल आपराधिक मानहानि के मामले में अदालत ने पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ मानहानि का आरोप तय कर दिए है। प्रिया रमानी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री एम जे अकबर द्वारा दायर मानहानि के मुकदमे में दिल्ली की अदालत में खुद को निर्दोष बताया, रमानी ने कहा कि वह सुनवाई का सामना करेंगी। बता दें कि रमानी ने मीटू अभियान के दौरान तत्कालीन केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री अकबर पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया था।
पटियाला हाउस कोर्ट स्थित एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल ने अकबर की ओर से दाखिल याचिका और पेश साक्ष्यों पर विचार करने के बाद रमानी के खिलाफ आरोप तय किए है। रमानी ने पिछले साल अक्तूबर में सोशल मीडिया के जरिये अकबर पर बीस साल पहले यौन उत्पीडऩ करने का आरोप लगाया था। इसके बाद अकबर ने पद से इस्तीफा देकर रमानी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दाखिल किया था। अदालत में भाजपा सांसद ने कहा कि रमानी के झूठे आरोपों से उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची और उनकी छवि धूमिल हुई।
अकबर ने अदालत में अपनी शिकायत के समर्थन में बयान दर्ज कराते हुए कहा कि महिला पत्रकार द्वारा उन पर लगाए गए झूठे आरोपों से उनकी प्रतिष्ठा को अपूरणीय क्षति पहुंची, जो उन्होंने पिछले 40 साल में अर्जित की थी। भारत में पिछले साल ‘मी टू’ अभियान ने जब जोर पकड़ा तब अकबर का नाम सोशल मीडिया में आया। उन दिनों वह नाइजीरिया में थे। फिर उन्होंने 17 अक्तूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था।

Share On WhatsApp