छत्तीसगढ़

25-Mar-2019 11:56:34 am
Posted Date

शहर के सारे मुख्य मार्ग में बनेंगे रोड साइड गार्डन

बिलासपुर, 25 मार्च । स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के फंड से अब शहर में अगला बड़ा अभियान रोड साइड गार्डन बनाने का रहेगा। इसके लिए इंजीनियरों और विशेषज्ञ कंसलटेंट के साथ आयुक्त ने रविवार को सारे मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कई नई जगहों पर गार्डन विकसित करने की योजना भी अधिकारियों ने बताई है। सभी जगहों का डीपीआर तैयार करने के लिए कंसलटेंट को निर्देश दिए गए हैं। चुनाव तक कागजी प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है।
शहर में स्मार्ट सिटी के काम में एक बार फिर तेजी आ गई है। इस बार निगम स्मार्ट सिटी के फंड से रोड साइड गार्डन विकसित करने की बड़ी योजना तैयार कर रहा है। इसमें जहां पहले से सडक़ किनारे पौधे लगाए गए हैं,उसे नए तरीके से विकसित किया जाएगा। इसके अलावा जहां सरकारी जगह मौजूद है,वहां भी नए गार्डन बनाए जाएंगे। आयुक्त प्रभाकर पांडेय ने कार्ययोजना बनाने के लिए स्मार्ट सिटी के कंसलटेंट और निगम अधिकारियों के साथ शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नेहरू चौक से मंगला चौक, नेहरू चौक से महाराणा प्रताप चौक, राजेंद्र नगर चौक और श्रीकांत वर्मा मार्ग का निरीक्षण किया। श्रीकांत वर्मा मार्ग में इंजीनियरों को सडक़ किनारे गार्डन विकसित करने के लिए जगह की तलाश करने के निर्देश दिए हैं। यहां चौक के पास ही छोटा गार्डन है। इसमें और हरियाली लाने का प्रयास किया जाएगा। इसी तरह नई जगह मिलने पर भी वहां भी पौधरोपण होगा। श्रीकांत वर्मा मार्ग में सडक़ के दोनों तरफ लगाए गए पौधे अब काफी बड़े हो गए हैं। उसके नीचे सडक़ की कम जगह घेरते हुए हरियाली लाने की कोई कार्ययोजना बनाने कहा गया है। इसके अलावा रायपुर रोड में भी नई जगह की तलाश की जा रही है। नेहरू चौक से महाराणा प्रताप चौक तक यहां सडक़ किनारे काफी सरकारी जमीन मौजूद है। निगम,राजस्व और आदिवासी विभाग तीनों की जमीन यहां मौजूद है। निगम अपनी जमीन पर तो गार्डन बना सकता है। अन्य विभागों से भी सडक़ किनारे की जमीन का छोटा-छोटा टूकड़ा लेकर उसे भी विकसित करने की तैयारी हैं। इसके अलावा यहां डिवाइडर भी काफी चौड़ा है। इसके बीच में पहले से पौधरोपण हो चुका है। अब उसे व्यवस्थित किया जाएगा। यही हाल नेहरू चौक से मंगला चौक तक के हिस्से का है। यहां भी सडक़ किनारे रोड साइड गार्डन मौजूद है। जिसे व्यवस्थित किया जाएगा। लिंक रोड में भी डिवाइडर की जगह का उपयोग पौधरोपण में होगा।
जवाली नाला पर बनेगा वर्टिकल गार्डन
तेलीपारा और बृहस्पति बाजार के पास जवाली नाला के ऊपर निगम वर्टिकल गार्डन बनाएगा। इसके लिए दोनों ही जगहों पर सबसे पहले फोर व्हीलर गाडिय़ां बैन की जाएगी। इन सडक़ों पर केवल दो पहिया और तीन पहिया वाहन ही चलेंगे। यहां सडक़ के दोनों तरफ वर्टिकल गार्डन बनने से हरियाली नजर आएगी और लोग भी नाला की तरफ अपने घरों के दरवाजे नहीं निकाल पाएंगे। प्रदेश में वर्टिकल गार्डन का पहला प्रयोग शहर में करने की तैयारी है।
नेहरू बाल उद्यान संवरेगा
आयुक्त ने अपनी टीम के साथ राजेंद्र नगर चौक में मौजूद नेहरू बाल उद्यान का भी निरीक्षण किया। वर्तमान में यह अव्यवस्थित हो गया है। इस जगह का उपयोग भी विशेष रूप से पौधरोपण और हरियाली के लिए किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि यहां भी पौधरोपण करने और ग्रीन एरिया बढ़ाने को लेकर प्लान तैयार करें।
शहर के मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया गया है। स्मार्ट सिटी के फंड से रोड साइड गार्डन विकसित करने की योजना है। इसके लिए कंसलटेंट को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में ग्रीन एरिया बढ़ाकर सौंदर्यीकरण करने की योजना बनी है।
पीके पंचायती
कार्यपालन अभियंता, नगर निगम

Share On WhatsApp