आज के मुख्य समाचार

25-Mar-2019 11:44:42 am
Posted Date

पाक की फायरिंग में घायल हुआ एक और जवान शहीद, 4 दिन में तीसरी शहादत

जम्मू ,24 मार्च । जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में रविवार को सेना के 2 जवान शहीद हो गए। एक जवान तो आज शहीद हुआ वहीं 23 मार्च को पाकिस्तानी रेंजरों की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रेनेडर हरी भाखर ने भी आज दम तोड़ दिया। हरी को गंभीर रूप से घायल होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 
अधिकारियों ने बताया कि पुंछ के शाहपुर और केरनी इलाकों में शनिवार शाम को करीब साढ़े पांच बजे सीमा पार से गोलीबारी शुरू हुई और यह रातभर लगातार होती रही। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी कड़ा जवाब दिया। पाकिस्तानी सेना ने अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाने के लिए मोर्टार और छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सुबह करीब चार बजे जवान गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। पिछले चार दिनों में गोलीबारी में तीन जवान शहीद हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की बिना उकसावे की गोलीबारी में 24 वर्षीय राइफलमैन यश पॉल शहीद हो गए थे।  

Share On WhatsApp