Posted Date
कोलंबो । श्रीलंका के सेंट्रल प्रोविंस प्रांत के कोटमाले क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सडक़ हादसा हुआ है। एक यात्री बस के गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब राज्य परिवहन निकाय के स्वामित्व वाली बस एक पहाड़ी रास्ते पर बाएं मुडऩे की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने कई लोगों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि बस में कुल 75 यात्री सवार थे। यह बस दक्षिणी तीर्थस्थल कटारगामा से उत्तर-पश्चिमी शहर कुरुनेगाला की ओर जा रही थी। हादसे के पीछे की सटीक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
श्रीलंका के परिवहन एवं राजमार्ग उपमंत्री प्रसन्ना गुनासेना ने दुर्घटना में 21 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 30 से अधिक घायल यात्रियों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Share On WhatsApp