आज के मुख्य समाचार

28-Apr-2025 8:29:50 pm
Posted Date

राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रदान किए पद्म पुरस्कार 2025, क्रिकेटर आर अश्विन को पद्मश्री, हॉकी खिलाड़ी श्रीजेश को मिला पद्म भूषण

नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में 2025 के लिए पद्म अवॉर्ड्स दिए। साल की पहली पद्म सेरेमनी में 71 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान माने जाते हैं, जो कला, सामाजिक कार्य, विज्ञान, चिकित्सा, सार्वजनिक मामले, व्यापार और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं – पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण।
– कला के क्षेत्र में साउथ फिल्मों के एक्टर अजीत, डायरेक्टर शेखर कपूर को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। वहीं गजल गायक पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिया गया। अवॉर्ड उनकी पत्नी फरीदा ने लिया। सिंगर जसपिंदर नरूला को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
– क्रिकेटर आर अश्विन को पद्मश्री, हॉकी खिलाड़ी श्रीजेश को पद्म भूषण दिया गया। वहीं कुवैत की योग टीचर शेखा अली को भी चिकित्सा क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
– पैरा एथलेटिक्स कोच डॉ. सत्यपाल सिंह को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी से पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
– 96 साल की कठपुतली आर्टिस्ट भीमाव्वा डोड्डाबलप्पा शिलेक्याथारा को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
– वैदिक स्कॉलर गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म श्री से सम्मानित किया। इन्होंने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के भूमि पूजन और प्राण प्रतिष्ठा का शुभ समय तय किया था।
– योग शिक्षा में अग्रणी, कुवैत की शेखा शेखा अली अल-जबर अल-सबा को चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार मिला।
पद्म विभूषण – एम. टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत)
इस कड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रसिद्ध मलयालम लेखक एम. टी. वासुदेवन नायर को फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक, संपादक और वक्ता, को मलयालम भाषा, साहित्य और सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। बता दें कि, एमटी वासुदेवन नायर अमर उजाला शब्द सम्मान के सर्वोच्च अलंकरण ‘आकाशदीप’ से भी सम्मानित थे।
पद्म विभूषण – डॉ. दुव्वुर नागेश्वर रेड्डी
तेलंगाना के प्रख्यात गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. दुव्वुर नागेश्वर रेड्डी को एंडोस्कोपी में उनकी अभूतपूर्व नैदानिक प्रगति और अग्रणी चिकित्सा अनुसंधान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कला और संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। बता दें कि, डॉ.सुब्रमण्यम विख्यात वायलिन वादक हैं। वे कर्नाटक और पश्चिमी संगीत में पारंगत हैं इसके साथ ही वे संगीत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट शैली के लिए जाने जाते हैं।
पद्म विभूषण – ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत)
वहीं जापान के दिवंगत उद्योगपति ओसामु सुजुकी, जो सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के पूर्व प्रमुख थे, को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म विभूषण से मरणोपरांत (व्यापार और उद्योग में) सम्मानित किया गया है। बता दें कि, ओसामु सुजुकी को भारत को अपने दूसरे घर के रूप में मानते थे। उनके बेटे और सुजुकी मोटर के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
पद्म भूषण – विनोद कुमार धाम
विनोद कुमार धाम, अमेरिका में रहने वाले एक व्यवसायी और प्रौद्योगिकीविद् हैं, जिन्हें विज्ञान और इंजीनियरिंग में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर विनोद धाम, जिन्हें ‘पेंटियम चिप के जनक’ के रूप में भी जाना जाता है।
नंदमुरी बालकृष्ण को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया
आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तेलुगु अभिनेता और राजनीतिज्ञ नंदमुरी बालकृष्ण को उनके भारतीय सिनेमा और सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। नंदमुरी बालकृष्ण ने अपने पांच दशकों के करियर में भारतीय सिनेमा और राजनीति में अमिट छाप छोड़ी है।

 

Share On WhatsApp