छत्तीसगढ़

08-Mar-2019 1:07:43 pm
Posted Date

सामान्य कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष बने ऐसा भाजपा में ही संभव-अमित शाह

0 भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल 
0-चिटफंड घोटालों की सरकार और जनकल्याणकारी भाजपा सरकार का फ र्क अब नजर आ रहा है

रायपुर, 08 मार्च । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सबसे संपर्क कर पार्टी की उपलब्धियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाएं। अगला चुनाव भारत के लिए महत्वपूर्ण है और भाजपा कार्यकर्ताओं को आसमान छूने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है। शाह गुरुवार को राजधानी में रायपुर क्लस्टर के अंतर्गत दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे थे। 
शाह ने कहा कि देशभर के सभी राज्यों में कार्यकर्ताओं के सम्मेलनों में शामिल होने के बाद वे विश्वासपूर्वक कह रहे हैं कि देश में फिर एक बार-मोदी सरकार की हवा चल रही है, देश का यह मानस स्पष्ट हो रहा है। भाजपा को कार्यकर्ता आधारित दल बताते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा में ही सामान्य कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ के बल पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर पहुंच पाता है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी द्वारा तय कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आगामी चुनाव में सफलता के पूर्ण मनोयोग से जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के आधार पर पार्टी की राजनीतिक क्षमता का आंकलन नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता फीनिक्स पक्षी की तरह राख के ढेर पर भी महल बनाने का हुनर जानता है और यही कारण है कि 1984 में दो सीट जीतने वाली भाजपा में बिखराव नहीं हुआ। गुरुजी (गोलवलकर), डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर हम सब चलते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता एक पड़ावभर है और मां भारती की सेवा और जनकल्याण का लक्ष्य पूरा होने तक हमारी यात्रा चलेगी। भाजपा अध्यक्ष शाह ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को भाजपा की जनकल्याणकारी लोकप्रिय सरकार और चिटफंड घोटालों की सरकार का फर्क अब नजर आ गया है। केन्द्र में 10 वर्षों तक यूपीए की सरकार होते हुए भी भाजपा की राज्य सरकार ने डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व में छत्तीसगढ़ को बदलने और संवारने का काम किया। 15 वर्षों की हमारी सरकार का कार्यकाल उपलब्धिपूर्ण रहा और इसलिए भाजपा कार्यकर्ता सीना तानकर पूरे आत्मविश्वास के साथ लोगों तक जाएं। जनसमर्थन भाजपा के साथ है। कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने सत्ता सम्हालते ही केन्द्र सरकार की जनहितकारी आयुष्मान योजना को अधर में लटका दिया। इस सरकार ने दो माह में ही जता दिया है कि उसके इरादे नेक नहीं है। बेरोकटोक घोटाले-घपले करने के लिए ही यहां सीबीआई पर रोक लगा दी गई है। पूत के पांव पालने में ही दिख रहे हैं। भाजपा सरकार ने कभी छत्तीसगढ़ में सीबीआई को काम करने से नहीं रोका क्योंकि हमारी नीयत में खोट नहीं थी। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों को कर्जामाफी के नाम पर धोखा दिया, धान खरीदी का भुगतान तक अभी पूरा नहीं हो पाया है और रिजर्व बैंक से हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लेकर यह सरकार छत्तीसगढ़ पर आर्थिक बोझ डाल रही है। शराबबंदी के वादे से मुकरकर इस सरकार ने महिलाओं को छला और बेरोजगारी भत्ता न देकर युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरा। बिजली बिल और संपत्ति कर को लेकर भी प्रदेश सरकार के ढुलमुल रवैये और छलावे पर शाह ने तंज कसा। यह सरकार योजनाओं के नाम बदलने में ही मशगूल है जबकि हमने पुरानी योजनाओं का नाम न बदलकर पुरुषार्थ करके नई योजनाएं तैयार कर उन्हें अपने नेताओं के नाम पर संचालित किया। लेकिन प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक जीवन की शुचिता और मर्यादा का मान ही नहीं रखा। 
शाह ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि तब के कांग्रेस शासित प.बंगाल में नक्सलवाद पनपा और कांग्रेस शासित राज्यों में वह फैला। आखिर कांग्रेस और नक्सलियों के बीच यह कैसा रिश्ता है? जबकि प. बंगाल समेत नक्सल पीडि़त  राज्यों में कांग्रेस की सरकारों के हटते ही नक्सलवाद नेस्तनाबूद हुआ। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की लचर स्थिति का जिक्र कर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह कि आम जनता के हितों के लिए कार्यकर्ता संघर्ष करें। इसके लिए कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर योजनापूर्वक काम करना होगा ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मुझे अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ही पूरा भरोसा है क्योंकि उन्होंने ही परिश्रम की पराकाष्ठा कर तीन विधानसभा और लोकसभा चुनावों में यहां पार्टी को शानदार जीत दिलाई है। उन्होंने इस बार छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें पार्टी के नाम जिताने का संकल्प भी कार्यकर्ताओं से लिया।
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 55 महीनों की उपलब्धियों को कांग्रेस के 55 सालों के मुकाबले बेहद सराहनीय बताया। केन्द्र सरकार की योजनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा रखकर शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जानना चाहा कि वे हमसे हिसाब मांग रहे हैं पर पहले अपना हिसाब क्यों नहीं देते? आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि हमारी केन्द्र सरकार ने भारत की सीमाओं को सुरक्षित किया है। अपने 10 साल के कार्यकाल में यूपीए सरकार रक्षा मामले के प्रति उदासीन रही जबकि उरी और पुलवामा के आतंकी हमलों के बाद हमारी सेना में केन्द्र सरकार की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति व नेतृत्व के कारण सर्जिकल व एयर स्ट्राइक कर आतंकी मंसूबों को करारा जवाब दिया और दुनियां में भारत के एक मजबूत राष्ट्र होने का संदेश दिया। पहले विश्व में दो देश ही थे जो आतंकी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब देते थे पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को ऐसा तीसरा देश बनाया। इसी तरह घुसपैठियों को भी हम चुन-चुनकर देश के बाहर निकालने के लिए कटिबद्ध हैं और अयोध्या में उसी जगह भव्य राम मंदिर शीघ्र बनाने के लिए भी हम प्रतिबद्ध हैं। कांग्रेस और महामिलावटी गठबंधन की अड़ंगेबाजी पर कटाक्ष कर उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करे। शाह ने मोदी को भारत का एक प्रामाणिक कठोर परिश्रमी और लोकप्रिय प्रधानमंत्री बताते हुए फिर उनकी सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। 
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल में बेहतर काम करके नेतृत्व की शक्ति का परिचय दिया और विश्व पटल पर भारत का गौरव व मान बढ़ाया। उन्होंने दुहराया कि हम विधानसभा में चुनाव हारे हैं, हिम्मत नहीं हारे हैं। भाजपा एक पवित्र और बड़े संकल्प को लेकर राजनीति कर रही है लेकिन कांग्रेस की प्रदेश सरकार आतंकराज कायम करने की दिशा में बढ़ रही है। प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर कटाक्ष करते हुए डॉ. सिंह ने प्रदेश सरकार के बजट प्रावधानों की चर्चा की और कहा कि प्रदेश सरकार ने सबके साथ छल किया है और अब तबादलों को उद्योग बनाकर प्रशासनिक अव्यवस्था का माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि अब देशभर में भाजपा के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सजग व सक्रिय रहें, उम्मीदवार चाहे कोई भी, हमारा लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार एक बार फिर बनाना ही हो। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी कार्यकर्ताओं से प्रदेश की सारी सीटें जीतकर मोदी के नेतृत्व को मजबूती प्रदान करने की अपील की।
 प्रदेश भाजपा महामंत्री संतोष पांडे पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सरला कोसरिया ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, केन्द्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय, अजजा मोर्चा अध्यक्ष रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद रमेश बैस, अशोक शर्मा आदि भी मंचस्थ थे। 

Share On WhatsApp