छत्तीसगढ़

28-Feb-2019 12:27:16 pm
Posted Date

नही थम रहा स्वाइन फ्लू का प्रकोप: बिलासपुर में अबतक हुई 5 कि मौते

बिलासपुर, 28 फरवरी ।  अपोलो में भर्ती स्वाइन फ्लू से पीडि़त मरीज की इलाज के दौरान बुधवार की शाम करीब 5.30 बजे मौत हो गई। चार दिन से मरीज का इलाज चल रहा था। अपोलो प्रबंधन ने शव को नहीं  खोलने की समझाइश देकर परिजनों को घर भेजा गया। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौत की खबर से इंकार कर रहे हैं। स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज मिलने के साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। जिले में स्वाइन फ्लू से मरने से वालों की संख्या बढक़र पांच हो गई है। 
कोनी निवासी अनिल श्रीवास पिता हेतलाल की अचानक तबीयत खराब होने के कारण परिजनों ने उसे अपोलो में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका में ब्लड की जांच करवाई। मंगलवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मरीज का इलाज कर रही थी। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के 24 घंटे के बाद बुधवार की शाम करीब 5.30 बजे मरीज ने दम तोड़ दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन शव को घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इस पर अस्पताल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को शव को खोलने मना किया है। प्रबंधन ने प्लास्टिक से बांधकर शव परिजनों को सौंप दिया। डॉक्टर की समझाइश के मुताबिक परिजनों ने शव को नहीं खोला और घर पर भी ज्यादा समय तक नहीं रखा। परिवार के सदस्य शव को मुक्तिधाम तक लेकर गए। वहां मॉस्क लगाकर अंतिम संस्कार किया गया। 
नहीं भेजी जानकारी 
प्रबंधन ने पीडि़त मरीज की मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी। जबकि शाम 6 बजे तक सभी अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की जानकारी भेजने कहा है। अफसरों का दावा है चार मरीजों का इलाज चल रहा है। 
पानी से बार-बार हाथ साफ करें : सीएमएचओ डॉ. मधुलिका सिंह ने बताया कि मेरी में जानकारी सभी मरीजों का इलाज चल रहा है। डॉ. लाल के पास मरीजों की पूरी जानकारी है। उनसे बात कर सकते हैं। स्वाइन फ्लू से बचने के लिए लोगों को बार-बार साफ पानी से हाथ धोना चाहिए। दिनभर लोग अलग-अलग स्थानों पर जाते हैं। वायरस हाथ पर चिपक जाते हैं और हाथ से मुंह, नाक को छूने से वायरस शरीर के अंदर चला जाता है। 
मौत की जानकारी नहीं आई ह ै: डॉ. लाल 
प्रभारी डॉ. एसके लाल का कहना है कि शाम 6 बजे मरीजों की स्थिति के संबंध में लिखित में रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में मरीजों का इलाज चल रहा है बताया। मरीज की मौत की जानकारी लिखित में नहीं आई है।

Share On WhatsApp